सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

डॉक्टर परिधि शर्मा की कहानी - ख़त

 

शिवना नवलेखन पुरस्कार 2024 अंतर्गत डॉक्टर परिधि शर्मा के कहानी संग्रह 'प्रेम के देश में' की पाण्डुलिपि अनुसंशित हुई है। इस किताब का विमोचन फरवरी 2025 के नयी दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में शिवना प्रकाशन के स्टाल पर  किया जाएगा । यहाँ प्रस्तुत है उनकी कहानी  'ख़त'


कहानी:   ख़त

डॉ. परिधि शर्मा

_______________


रात की सिहरन के बाद की उदासी ठंडे फर्श पर बूंद बनकर ढुलक रही थी। रात के ख़त के बाद अब कोई बात नहीं बची थी। खुद को संभालने का साहस भी मात्र थोड़ा-सा बच गया था। ख़त जिसमें मन की सारी बातें लिखी गईं थीं। सारा आक्रोश, सारे जज़्बात, सारी भड़ास, सारी की सारी बातें जो कही जानी थीं, पूरे दम से आवेग के साथ उड़ेल दी गईं थीं। ख़त जिसे किसी को भी भेजा नहीं जाना था।

ख़त जिसे किसी को भेजने के लिए लिखा गया था। कुछ ख़त कभी किसी को भेजे नहीं जाते बस भेजे जाने के नाम पर लिखे जाते हैं।

खिड़की के कांच के उस ओर खुली हवा थी। हवा के ऊपर आकाश। पेड़ पौधे सबकुछ। आजादी। प्रेम में विफल हो जाने के बाद की आजादी की तरह। खिड़की के पास बैठे हुए आकाश कांच के पार से उतना नंगा नहीं दिख रहा था।

यूं ही बैठे बैठे अनायास ही उसे खयाल आया, आंखों पर चश्मे चढ़ाकर दुनिया देखने वालों को भी दुनिया कम नंगी लगती हो शायद।

दूर बहुत ऊपर गर्व से उड़ता चील आकाश की ऊंचाई की कहानी कह रहा था।

प्रेम में विफल हो जाने के बाद भी प्रेम का रह जाना उसे तकलीफ दे रहा था, मगर दुःख इस बात का था कि प्रेम में अस्वीकृत उसे इसलिए किया गया था कि उसकी योग्यता काफी न थी।

भौतिकतावादी सोच की समृद्धता के आगे घुटने टेकते उसके प्रेम का मोल कोई क्या समझता। जीवन के ही सस्ते हो जाने के दौर में प्रेम की गरिमा जहां तक बचाई जा सकती थी, उसने बचाई और अपने दुःख और आंसू बगैर किसी को दिखाए बेआवाज़ अपनी आंखों में समेट कर मानो खुद को बचा लिया। मगर उस प्रेम को बाहर फेंक देना उसके बस में न था जो उसके भीतर बच गया था। ख़त में सबकुछ उतार देने के बावजूद। यह बच गया प्रेम ठहराव पैदा कर रहा था। बार बार अंतिम मुलाकात के लम्हों को लौटा रहा था। उसके होने के एहसास भर के सहारे उससे बातें करना एक समय के बाद उबाऊ लगते हुए भी जरूरी हो गया था। क्या यह बातें करने की प्रक्रिया उम्र भर चलनी थी? शायद हां। इस वार्तालाप में केवल वह नहीं होता था, वह भी होती थी कल्पनाओं में श्रोता बनकर मुस्कुराती हुई। शायद वह सारी जिंदगी उसी तरह मुस्कुराती रहेगी श्रोता बनकर, उतनी ही बूढ़ी, उतनी ही जवान। आखिरी मुलाकात के जितनी। उसकी कल्पनाओं में कैद। इसके बाद के समय में उस प्रेमिका को जानना इस कल्पना को बिगाड़ सकता है, इसलिए अब उसके विषय में कुछ भी और जानना उचित नहीं। यदि वह जा चुकी है तो उसका पीछा अब नहीं होना चाहिए।

वह ओवरकोट पहन कर बाहर निकल आया। सड़क किनारे की झाड़ियों में चंपा के खिलने का वक्त हो चला था। कहीं दूर से किसी संगीत मंडली द्वारा प्रेम गीत बजाए और गाये जाने की आवाजें आ रही थीं। श्रमजीवी जिनकी जिजीविषा अक्षुण्ण थी, ठिठुरते हुए भोर में ट्रैक्टर की ट्राली में लदे काम पर चले थे।

आगे मंदिर के सामने फूल बेचते बच्चे मिले जो उसे कातर दृष्टि से जाते हुए देखते रहे। सुबह हो चुकी थी। सामने सड़क पार कर एक दीवार दिखाई दी जिस पर लिखा था कि 'यहां गाड़ियां खड़ी करना मना है', मगर किसी मजदूर ने अपनी एक जर्जर साईकिल उसी वाक्य के ठीक नीचे दीवार से टिका दी थी।

उसने अपनी जेब से एक सिगरेट निकाली और लाइटर की मदद से सुलगाने लगा। हवा और पानी से प्रेम करने वाले लोग कब धुंए और बारूद के दीवाने हो गए थे ये कौन बताए। बारूद बनाने वाले ने ज्यादा नहीं तो कम से कम एक बार खुद के चीथड़े उड़ने की कल्पना तो की ही होगी। जब वह सिगरेट पीते हुए भी दुखी रहता, तब वह अक्सर हंसती हुई कहा करती थी, दुख को धुंए में उड़ा दिया करो।

वह जवाब में कुछ भी कहता, जैसे कि, क्या तुम एक रौबदार परिवार से ताल्लुक रखने का दंभ भरती हो। बदले में वह कहती, मेरे पिता प्रशासन में हैं और मां और भाई पुलिस में। अपनी योग्यता का जिक्र वह न करती क्योंकि उससे पुरूष के अहम पर चोट लगने का डर होता। वे दोनों ही असहज होकर खामोश हो जाते। शहर में साथ साथ घूमने पर भी झिझक महसूस करते। दोनों के बीच बढ़ते फासले उसे मुंह चिढ़ाते। ऐसा नहीं था कि उसने सरकारी नौकरी के लिए कोशिशें न की हों, बस बात नहीं बन रही थी।

बहुत सुंदर दिनों में जब वे दोनों एक ही सीढ़ी पर खड़े होते थे तब प्रेम का आकर्षण कितना अधिक हुआ करता था। सीढ़ियां चढ़ते हुए रास्ते अलग हुए और मंजिलें भी। वह आज भी नीचे की सीढ़ियों से ऊपर की ओर देखता हुआ उसे ढूंढने की कोशिश में खड़ा रह गया था। अपनी ही धुन में इतराता। बगैर अफसोस किये। वह इतना न कर पाता तो शायद झुकी गर्दन के साथ एक निजी कंपनी की नौकरी करते हुए शर्मिंदा होता रहता मानो कोई गुनाह कर रहा हो। मानों वही प्रेम का गुनहगार हो। तो क्या वह प्रेम करने का गुनाह करते करते स्वयं प्रेम का गुनहगार हो जाता !

वह पैदल ही चलता जा रहा था। सुबह में अब हल्की धूप घुल गई थी। ओवरकोट उतार कर उसने कमर में बांध लिया था। वह लोगों को देख रहा था। सभी जल्दी में थे। वे सभी उसे नशे में लग रहे थे। सिगरेट तो वह पी रहा था मगर नशे में दुनिया लगती थी। अंतिम मुलाकात में मानों वह बहस कर गई थी इसी नशे वाली बात पर। वह कह रहा था, "नशे में मैं नहीं ये दुनिया है, इस पूरे ब्रह्मांड की इस छोटी सी पृथ्वी में चींटियों की तरह रेंगते ये तिनके बराबर लोग जाने किस घमंड में चूर हैं, उस ऊपर वाले तक का डर नहीं उन्हें और तुम सोचती हो कि मैं नशे में हूं!"

"नशे में तो तुम भी हो, जिसे लगता है सबकुछ हमेशा एक जैसा रहता है, तुम होश में आओ, सब बदल चुका है", कहती हुई वह चली गई थी।

समय का निरंतर बीत जाना दवा कर गया था। वह अपने पूरे वजूद के साथ संभल पाया था।

नीली सड़क की मरम्मत के बावजूद उस पर कहीं कहीं कुछ छोटे छोटे गड्ढे बच गए थे। मानों किसी किरदार के वजूद पर लगे दाग हों। जैसे जोकर की गंभीरता। जैसे किसी क्रूर कातिल की करूणा।वह सिगरेट का धुआं उड़ाता पुराने दोस्तों के अड्डे तक जा पहुंचा। दोस्त अब पहले से न थे। वे अब फिक्रमंद और चिंतित लगते। वे अब कम हंसते। दो दोस्त चाय की चुस्कियां लेते हुए आपस में बतिया रहे थे, आखिर जिंदगी की त्रासदियों का अंत क्या है? ऐसा क्या है जो जीते-जी हमें दुखों से बचा ले...!

वह पूछना चाहता था, बल्कि उसने पूछा भी, क्या अपने भीतर बचे हुए प्रेम के साथ जीवित रह पाना संभव है? क्या बचा हुआ प्रेम दुखों से बचा सकता है? क्या उस बचे हुए प्रेम का आलिंगन करना चाहिए या उसे यूं ही अपने भीतर पड़े रहने दिया जाना चाहिए? क्या पुनः प्रेम करना चाहिए?

खुले वातावरण में साफ ठंडी हवा मानों उसके इस अंतिम ख्याल से सहमति जताती हुई बह चली थी। परंतु यह जो बचा हुआ प्रेम है, क्या पुनः प्रेम कर लेने से मिट जाता होगा!

उसने कोट की जेब से ख़त निकाला और एक बड़ी सी गंदी नाली में फेंक दिया।

--------------

[यह कहानी अहा जिन्दगी दिसम्बर 2023 अंक से  साभार ली गयी है]


परिचय

---------------

नाम : डॉ.परिधि शर्मा

जन्म : 6 अगस्त 1992

शिक्षा : मास्टर ऑफ डेंटल सर्जरी( MDS )

सम्प्रति : दन्त चिकित्सक

प्रकाशन : भास्कर रसरंग (20.09.2009) , वागर्थ (मार्च 2010), समावर्तन (अक्टूबर 2011),परिकथा (जनवरी-फरवरी 2012), समावर्तन (फरवरी 2012),परिकथा (मार्च-अप्रेल 2014), अहा जिन्दगी (दिसम्बर 2023) परिकथा (सितंबर-दिसम्बर 2024)इत्यादि पत्र पत्रिकाओं में कहानियाँ प्रकाशित.

छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद के आमंत्रण पर श्रीकांत वर्मा सृजन पीठ बिलासपुर के मंच पर कहानी पाठ, रज़ा फाउंडेशन "युवा 2024" के दिल्ली में हुए आयोजन में उनके आमंत्रण पर सहभागिता एवं कवि श्रीकांत वर्मा पर वक्तब्य की प्रस्तुति।

एक यात्रा संस्मरण "आनंदवन में बाबा आमटे के साथ"मधुबन बुक्स की किताब वितान-7 (जो कुछ कान्वेंट स्कूलों में कक्षा सातवीं के बच्चों को पढ़ाई जाती है) में शामिल।

सम्मान: दैनिक भास्कर पत्र समूह की ओर से मुख्य अतिथि अनुपम खेर के हाथों यूथ अचीवर छत्तीसगढ़ प्राइड अवार्ड सम्मान 2014, शिवना नवलेखन पुरस्कार 2024 अंतर्गत कहानियों की पांडुलिपि 'प्रेम के देश में' प्रकाशन हेतु चयनित.


संपर्क :

डॉ. परिधि शर्मा

जुगल किशोर डेंटल क्लिनिक

आर.के टावर, न्यू मेडिकल रोड़

मलकानगिरी (ओड़िसा) 

Email- mylifemychoices140@gmail.com

 

 

टिप्पणियाँ

इन्हें भी पढ़ते चलें...

'नेलकटर' उदयप्रकाश की लिखी मेरी पसंदीदा कहानी का पुनर्पाठ

उ दय प्रकाश मेरे पसंदीदा कहानी लेखकों में से हैं जिन्हें मैं सर्वाधिक पसंद करता हूँ। उनकी कई कहानियाँ मसलन 'पालगोमरा का स्कूटर' , 'वारेन हेस्टिंग्ज का सांड', 'तिरिछ' , 'रामसजीवन की प्रेम कथा' इत्यादि मेरी स्मृति में आज भी जीवंत रूप में विद्यमान हैं । हाल के दो तीन वर्षों में मैंने उनकी कहानी ' नींबू ' इंडिया टुडे साहित्य विशेषांक में पढ़ी थी जो संभवतः मेरे लिए उनकी अद्यतन कहानियों में आखरी थी । उसके बाद उनकी कोई नयी कहानी मैंने नहीं पढ़ी।वे हमारे समय के एक ऐसे कथाकार हैं जिनकी कहानियां खूब पढ़ी जाती हैं। चाहे कहानी की अंतर्वस्तु हो, कहानी की भाषा हो, कहानी का शिल्प हो या दिल को छूने वाली एक प्रवाह मान तरलता हो, हर क्षेत्र में उदय प्रकाश ने कहानी के लिए एक नई जमीन तैयार की है। मेर लिए उनकी लिखी सर्वाधिक प्रिय कहानी 'नेलकटर' है जो मां की स्मृतियों को लेकर लिखी गयी है। यह एक ऐसी कहानी है जिसे कोई एक बार पढ़ ले तो भाषा और संवेदना की तरलता में वह बहता हुआ चला जाए। रिश्तों में अचिन्हित रह जाने वाली अबूझ धड़कनों को भी यह कहानी बेआवाज सुनाने लग...

मलकानगिरी यात्रा संस्मरण: बीहड़ जंगलों के बीच गुजरते हुए लगा जैसे यात्राएं भी जीवन की कहानियाँ सुनाती हैं

रायगढ़ से निकल कर हम ओड़िशा के एक ऐसे शहर में पहुंचे थे जिसे माल्यवंत गिरी के नाम से जाना जाता रहा है ।अब इस शहर का नाम मलकानगिरी है । कोरापुट जिले से अलग होकर नए जिले के रूप में इसकी खुद की पहचान अब तेजी से बन रही है। छत्तीसगढ़ और आंध्रा के बॉर्डर इलाके में स्थित माओवादी इलाके के रूप में जो इसकी खुद की पहचान अब तक रही थी , तेजी से विकसित हो रहे इस शहर ने उस पहचान को एक तरह से अब धूमिल किया है। अब यह शहर तेजी से मुख्यधारा की ओर बढ़ने लगा है। हरी-भरी सुंदर पहाड़ियों की गोद में बसा यह शहर अपने शुद्ध पर्यावरण के लिए भी लोगों का पसंदीदा शहर बनता जा रहा है। यहां का सतिगुड़ा डैम और चित्रकुंडा डैम पर्यटकों को बरबस अपनी ओर आकर्षित करते हैं। अगस्त माह के बारिश के दिनों में जब हम यहां कुछ समय के लिए रुके थे तो घनी पहाड़ियों की वजह से जब चाहे बारिश हो जाया करती थी। शहर से पांच किलोमीटर दूर सतीगुड़ा डैम में टहलते हुए हमें लग रहा था कि हरी-भरी वादियों और अथाह जल सागर की गोद में हम आ बैठे हैं।यद्यपि डेम तक पहुंचने का रास्ता बारिश के कारण अस्त व्यस्त सा है पर वहां पहुंचने के बाद हरी भरी वादियों की खूबसूरत...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

विष्णु खरे की पुण्य तिथि पर उनकी कविता "जो मार खा रोईं नहीं" का पुनर्पाठ

विष्णु खरे जी की यह कविता सालों पहले उनके कविता संग्रह से पढ़ी थी। अच्छी  कविताएँ पढ़ने को मिलती हैं तो भीतर भी उतर जाती हैं। उनमें से यह भी एक है। कविता के भीतर पसरे भाव को पिता के नज़रिए से देखूं या मासूम बेटियों के नज़रिए से,दोनों ही दिशाओं से चलकर आता प्रेम एक उम्मीद  जगाता है।अपने मासूम बेटियों को डांटते ,पीटते हुए पिता पर मन में आक्रोश उत्पन्न नहीं होता। उस अजन्मे आक्रोश को बेटियों के चेहरों पर जन्मे भाव जन्म लेने से पहले ही रोक देते हैं। प्रेम और करुणा से भरी इस सहज सी कविता में मानवीय चिंता का एक नैसर्गिक भाव उभरकर आता है।कोई सहज कविता जब मन को असहज करने लगती है तो समझिए कि वही बड़ी कविता है।  आज पुण्य तिथि पर उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि ! जो मार खा रोईं नहीं  【विष्णु खरे】 ----------------------------- तिलक मार्ग थाने के सामने जो बिजली का एक बड़ा बक्‍स है उसके पीछे नाली पर बनी झुग्‍गी का वाक़या है यह चालीस के क़रीब उम्र का बाप सूखी सांवली लंबी-सी काया परेशान बेतरतीब बढ़ी दाढ़ी अपने हाथ में एक पतली हरी डाली लिए खड़ा हुआ नाराज़ हो रहा था अपनी पांच साल और सवा साल की बे...

गजेंद्र रावत की कहानी : उड़न छू

गजेंद्र रावत की कहानी उड़न छू कोरोना काल के उस दहशतजदा माहौल को फिर से आंखों के सामने खींच लाती है जिसे अमूमन हम सभी अपने जीवन में घटित होते देखना नहीं चाहते। अम्मा-रुक्की का जीवन जिसमें एक दंपत्ति के सर्वहारा जीवन के बिंदास लम्हों के साथ साथ एक दहशतजदा संघर्ष भी है वह इस कहानी में दिखाई देता है। कोरोना काल में आम लोगों की पुलिस से लुका छिपी इसलिए भर नहीं होती थी कि वह मार पीट करती थी, बल्कि इसलिए भी होती थी कि वह जेब पर डाका डालने पर भी ऊतारू हो जाती थी। श्रमिक वर्ग में एक तो काम के अभाव में पैसों की तंगी , ऊपर से कहीं मेहनत से दो पैसे किसी तरह मिल जाएं तो रास्ते में पुलिस से उन पैसों को बचाकर घर तक ले आना कोरोना काल की एक बड़ी चुनौती हुआ करती थी। उस चुनौती को अम्मा ने कैसे स्वीकारा, कैसे जूतों में छिपाकर दो हजार रुपये का नोट उसका बच गया , कैसे मौका देखकर वह उड़न छू होकर घर पहुँच गया, सारी कथाएं यहां समाहित हैं।कहानी में एक लय भी है और पठनीयता भी।कहानी का अंत मन में बहुत उहापोह और कौतूहल पैदा करता है। बहरहाल पूरी कहानी का आनंद तो कहानी को पढ़कर ही लिया जा सकता है।       ...

उदय प्रकाश की कहानी अंतिम नींबू बहुत कुछ कहना चाहती है

इंडिया टुडे के 10 जून 2020 अंक में उदय प्रकाश जी की कहानी अंतिम नींबू पढ़ने का अवसर मिला । कहानी थोड़ी लंबी जरूर है  पर यह अपनी रोचकता में, हर घड़ी बदलती नई-नई परिस्थितियों से उपजे नए नए रहस्यों में ,जो जिज्ञासा उत्पन्न करती है वह इस कहानी की खूबी है। तेजी से बदलती परिस्थितियों के बावजूद हर घटना एक दूसरे से जुड़ी रहकर  कहानी को  एक सूत्र में बांधे रखती है। कहानी में किस्सागोई की ताजगी है, साथ ही भाषाई कलात्मकता और घटित प्रसंगों का चमत्कार भी है। इस कोरोना काल में चीन के वुहान शहर से निकले वायरस का प्रसंग जिस अर्थ और रूप आकार में कहानी में ध्वनित होता है वह पाठक को चमत्कृत करता है। साथ ही विश्व की तमाम राजनीतिक परिस्थितियां ध्वनित होने लगती हैं। एक वायरस जो इन दिनों भाषा के भीतर, हिंसक लोगों के भीतर गाली गलौज के रूप में घुस गया है वह भी उतना ही खतरनाक है जितना की वुहान शहर से निकला वायरस । और यह वायरस जिससे भाषा दिनों दिन मर रही है यह राजनीति की ही देन है । कहानी के अंतिम पैराग्राफ को देखिए जहां सारी बातें स्पष्ट होने लगती हैं- "अगर आप कहीं विनायक दत्तात्रेय को कहीं मास्क ...

जैनेंद्र कुमार की कहानी 'अपना अपना भाग्य' और मन में आते जाते कुछ सवाल

कहानी 'अपना अपना भाग्य' की कसौटी पर समाज का चरित्र कितना खरा उतरता है इस विमर्श के पहले जैनेंद्र कुमार की कहानी अपना अपना भाग्य पढ़ते हुए कहानी में वर्णित भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के जीवंत दृश्य कहानी से हमें जोड़ते हैं। यह जुड़ाव इसलिए घनीभूत होता है क्योंकि हमारी संवेदना उस कहानी से जुड़ती चली जाती है । पहाड़ी क्षेत्र में रात के दृश्य और कड़ाके की ठंड के बीच एक बेघर बच्चे का शहर में भटकना पाठकों के भीतर की संवेदना को अनायास कुरेदने लगता है। कहानी अपने साथ कई सवाल छोड़ती हुई चलती है फिर भी जैनेंद्र कुमार ने इन दृश्यों, घटनाओं के माध्यम से कहानी के प्रवाह को गति प्रदान करने में कहानी कला का बखूबी उपयोग किया है। कहानीकार जैनेंद्र कुमार  अभावग्रस्तता , पारिवारिक गरीबी और उस गरीबी की वजह से माता पिता के बीच उपजी बिषमताओं को करीब से देखा समझा हुआ एक स्वाभिमानी और इमानदार गरीब लड़का जो घर से कुछ काम की तलाश में शहर भाग आता है और समाज के संपन्न वर्ग की नृशंस उदासीनता झेलते हुए अंततः रात की जानलेवा सर्दी से ठिठुर कर इस दुनिया से विदा हो जाता है । संपन्न समाज ऎसी घटनाओं को भाग्य से ज...

जीवन के पूर्वाद्ध में घटी अच्छी बुरी घटनाओं से मुक्ति और नए रास्तों के पुनर सृजन का संदेश : गोविंद निहलानी की फ़िल्म दृष्टि

बहुत दिनों बाद 1990 में बनी गोविंद निहलानी की फ़िल्म "दृष्टि" दोबारा देखी। इस फ़िल्म को राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार भी मिला हुआ है । डिम्पल कपाड़िया और शेखर कपूर के किरदार, विवाह बन्धनों में बंधे मध्यवर्गीय भारतीय स्त्री-पुरूषों के जीवन की कहानियों को ही साफगोई से अभिब्यक्त करते हैं । स्त्री पुरूषों के पारिवारिक जीवन में घटित हो रही हर घटना/परिघटना को सही नजरिए और खुलेपन के साथ देख पाने की दृष्टि पर केंद्रित यह फ़िल्म वैवाहिक जीवन के एक विमर्श की तरह भी है जो मनुष्य की भीतरी दुनियाँ का खाका भी खींचकर सामने रखती है।  स्त्री पुरुष के वैवाहिक जीवन में न जाने कितने उतार-चढ़ाव, अच्छे बुरे दिन आते जाते रहते हैं। संबंधों को बचाए रखने के लिए न जाने कितने समझौते करने पड़ते हैं।लड़ाई झगड़े ,प्रेम मोहब्बत , नोंक झोंक , मस्ती यायावरी जैसी न जाने कितनी बातें जीवन में होती हैं। ये सब जीवन के विविध रंग हैं जिनसे मिलकर जीवन आकार ग्रहण करता है। कोई भी फिल्म देखिये तो  जीवन के इतने सारे रंगों में से कुछ न कुछ रंग  फिल्म के भीतर दिखाई पड़ जाते हैं । दृष्टि फ़िल्म में भी स्त्री पुरुष के वैवाहिक जीवन स...

चित्रकला प्रतियोगिता में सेंट टेरेसा स्कूल रायगढ़ के कक्षा सातवीं के छात्र आयुष साहू को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 50,000 पचास हजार रूपये का चेक प्रदान किया गया।

रायगढ़ ।  केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय भारत सरकार की देखरेख में ऊर्जा संरक्षण राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता 27 नवंबर को दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन परिसर में संपन्न हुआ। पेंटिंग कॉम्पटीशन में छत्तीसगढ़ राज्य से विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। रायगढ़ जिले के सेंट टेरेसा कान्वेंट स्कूल बोईरदादर रायगढ़ के छात्रों की भी इस प्रतियोगिता में सहभागिता रही।इस स्कूल के विद्यार्थियों की कला को समर्पित कल्पना शीलता का उल्लेखनीय प्रदर्शन यहां देखने को मिला।         चित्रकला प्रतियोगिता में सेंट टेरेसा स्कूल रायगढ़ के कक्षा सातवीं के छात्र आयुष साहू को ग्रुप A में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 50,000 पचास हजार रूपये का चेक प्रदान किया गया। इसी स्कूल के विद्यार्थी सुशांत शुक्ला (सातवीं), नावेद अनवर खान (दसवीं), शेख सनाउल्लाह (आठवीं) को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।सांत्वना पुरस्कार के तहत इन तीनों छात्रों में प्रत्येक को 7,500 (सात हजार पांच सौ)रूपये के चेक प्रदान किये गए। स्कूल के चित्रकला शिक्षक तोष कुमार साहू की क...

परिधि को रज़ा फाउंडेशन ने श्रीकांत वर्मा पर एकाग्र सत्र में बोलने हेतु आमंत्रित किया "युवा 2024" के तहत इंडिया इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में आज है उनका वक्तब्य

परिधि को रज़ा फाउंडेशन ने श्रीकांत वर्मा पर एकाग्र सत्र में बोलने हेतु आमंत्रित किया "युवा 2024" के तहत इंडिया इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में आज है उनका वक्तब्य रज़ा फाउंडेशन समय समय पर साहित्य एवं कला पर बड़े आयोजन सम्पन्न करता आया है। 27 एवं 28 मार्च को पुरानी पीढ़ी के चुने हुए 9 कवियों धर्मवीर भारती,अजितकुमार, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना,विजयदेवनारायण शाही,श्रीकांत वर्मा,कमलेश,रघुवीर सहाय,धूमिल एवं राजकमल चौधरी पर एकाग्र आयोजन रखा गया है।दो दिनों तक चलने वाले 9 सत्रों के इस आयोजन में पांचवा सत्र श्रीकांत वर्मा  पर एकाग्र है जिसमें परिधि शर्मा को बोलने हेतु युवा 2024 के तहत आमंत्रित किया गया है जिसमें वे आज शाम अपना वक्तव्य देंगी। इस आयोजन के सूत्रधार मशहूर कवि आलोचक अशोक वाजपेयी जी हैं जिन्होंने आयोजन के शुरुआत में युवाओं को संबोधित किया।  युवाओं को संबोधित करते हुए अशोक वाजपेयी  कौन हैं सैयद हैदर रज़ा सैयद हैदर रज़ा का जन्म 22 फ़रवरी 1922 को  मध्य प्रदेश के मंडला में हुआ था और उनकी मृत्यु 23 जुलाई 2016 को हुई थी। वे एक प्रतिष्ठित चित्रकार थे। उनके प्रमुख चित्र अधिकतर तेल य...