सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

समीक्षा- कहानी संग्रह "मुझे पंख दे दो" लेखिका: इला सिंह

शिवना साहित्यिकी के नए अंक में प्रकाशित समीक्षा

स्वरों की धीमी आंच से बदलाव के रास्तों  की खोज 

■रमेश शर्मा

-------------------------------------------------------------



इला सिंह की कहानियों को पढ़ते हुए यह बात कही जा सकती है कि इला सिंह जीवन में अनदेखी अनबूझी सी रह जाने वाली अमूर्त घटनाओं को कथा की शक्ल में ढाल लेने वाली कथा लेखिकाओं में से एक हैं। उनका पहला कहानी संग्रह 'मुझे पंख दे दो' हाल ही में प्रकाशित होकर पाठकों तक पहुंचा है। इस संग्रह में सात कहानियाँ हैं। संग्रह की पहली कहानी है अम्मा । अम्मा कहानी में एक स्त्री के भीतर जज्ब सहनशील आचरण , धीरज और उदारता को बड़ी सहजता के साथ सामान्य सी लगने वाली घटनाओं के माध्यम से कथा की शक्ल में जिस तरह इला जी ने प्रस्तुत किया है , उनकी यह प्रस्तुति कथा लेखन के उनके मौलिक कौशल को हमारे सामने रखती है और हमारा ध्यान आकर्षित करती है । अम्मा कहानी में दादी , अम्मा , भाभी और बहनों के रूप में स्त्री जीवन के विविध रंग विद्यमान हैं । इन रंगों में अम्मा का जो रंग है वह रंग सबसे सुन्दर और इकहरा है । कहानी एक तरह से यह आग्रह करती है कि स्त्री का अम्मा जैसा रंग ही एक घर की खूबसूरती को बचाए रखने में बड़ी भूमिका निभाता है। अम्मा कहानी में स्त्री का सहनशील आचरण रिश्तों को बांधे रखने में बड़ी प्रभावी भूमिका निभाता नज़र आता है। इला सिंह सीधे तौर पर न कहते हुए भी यह कह पाने में यहां सफल हुई हैं कि सहनशीलता का गुण स्त्री का सबसे कीमती आभूषण है जो मूर्त रूप में भले आंखों को नज़र न आए पर व्यवहार में उसकी झलक हमेशा मिलती रहती है। अम्मा कहानी की सबसे बड़ी विशेषता पर गौर करें तो यह कहानी इस बात को परिभाषित करने में सफल हुई है कि घर और समाज की धुरी अम्मा जैसी स्त्रियों के ऊपर ही टिकी हुई है। एक स्त्री जब माँ का स्थान ग्रहण करती है तब वह अधिक सहनशील, अधिक विवेकवान और अधिक सहिष्णु होने भी लगती है। सम्भव है इला सिंह के भीतर बसे एक स्त्री के मातृत्व भाव ने ही उन्हें इस बात की गहरी समझ दी हो और उन्होंने अम्मा जैसी कहानी रचकर पाठकों के सामने रखा हो। यह कहानी हमें स्त्री जीवन के अलग अलग रूपों को समझने का भी एक अवसर देती है। सचमुच यह एक ऎसी कहानी है जो दिल के बहुत करीब पहुँचती है और हमें अपने भाव,शिल्प और सम्प्रेषण कला से अंत तक बांधे रखती है।

जहां कहानी न दिखाई पड़े वहां भी अगर कोई कहानी खोज ले और उसे किस्सागोई एवं मजबूत कथ्य के साथ पाठकों के सामने ले आए, तब उसे रचनाकार की रचनात्मक कुशलता के रूप में ही देखा जाना चाहिए। इला सिंह की कहानी 'ढीठ' पढ़ते हुए भी कुछ इसी तरह के पाठकीय अनुभवों से हम गुजरते हैं।

हम जिस परिवार में रहते हैं उस परिवार के सदस्यों की संवेदना किसी संदर्भ में भिन्न-भिन्न हो सकती है। दरअसल यह संवेदना दया और करुणा के इर्द गिर्द ही जीवन मूल्यों के रूप में अपना ठीहा बनाती है।

एक परिवार में रहते हुए भी जिस सदस्य में जीवन मूल्यों के प्रति आस्था होगी उस सदस्य में यह संवेदना उतनी ही सघन और परिपक्व होगी।

इला सिंह इसी सघन और परिपक्व संवेदना के इर्द-गिर्द ही अपनी इस कहानी को रचती हैं।

अधिकांशतः परिवारों में घर की जो स्त्री होती है, इस सघन और परिपक्व संवेदना की संवाहक होती है।घर में काम का सारा बोझ भी उसी स्त्री के ऊपर होता है। सुबह से शाम तक खटते हुए रात में जो भोजन करने का वक्त होता है वही उसके लिए विश्राम का क्षण भी होता है। उसी दरमियान वह भोजन करते-करते कई बार फिल्म देख लेती है , कई बार कान में ईयर फोन लगाकर गाने भी सुन लेती है।लॉक डाउन चल रहा हो और अगर इन विश्राम के क्षणों में भी कोई बाहर से आकर अचानक काल बेल बजा दे तो उसके लिए यह स्थिति अप्रिय हो सकती है।कहानी में यही स्त्री पात्र केन्द्र में है जो अप्रिय स्थिति में भी अपना संतुलन नहीं खोती।वह दरवाजा खोलती है और एक जरूरतमंद स्त्री को अपने सामने पाती है ।

वह जरूरतमंद स्त्री जिसके परिवार की आजीविका कपड़ों पर इस्त्री करने के काम से चलती है और लॉकडाउन में उनका काम धंधा बंद है। वह इस उम्मीद में घर की चौखट पर खड़ी है कि पहले की तरह उनसे कुछ कपड़े मिल जाएं तो उस पर इस्त्री करके वहां से दो पैसे हासिल हो सकें।

उस वक्त परिस्थितियां ऐसी हैं कि लॉकडाउन में कपड़े तो घर में डंफ पड़े हैं ।कोई बाहर नहीं निकल रहा तो इस्त्री करने की जरूरत भी नहीं पड़ रही । ऐसे में उसके लिए धर्म संकट यह है कि वह किस कपड़े को उसे इस्त्री करने को दे। 

जरूरतमंद महिला जिसका नाम निशा है उसका एक माह का बच्चा भी है और घर में बहुत आर्थिक तंगी है ।वह कहती है कि अगर कपड़े नहीं दे पा रही हैं तो कुछ रुपए ही उधार में दे दीजिए। बाद में वह उन रुपयों को लौटा देगी या उसके बदले कपड़ो पर इस्त्री करके उसे चुकता कर देगी।परिस्थिति की नजाकत को भांपते हुए उस परिवार की स्त्री, उस जरूरतमंद महिला को दो हजार रुपये दे देती है।

दरअसल कहानी उसके बाद ही शुरू होती है। इस तरह दो हजार रुपये दिए जाने पर घर के अन्य सदस्यों को बहुत तकलीफ और आपत्ति है । उसके लिए सभी लोग उसको खरी-खोटी सुनाते हैं। पति रूपेश द्वारा मूर्ख जैसे विशेषण से भी वह संबोधित की जाती है। महिला परिवार के अन्य सदस्यों की अप्रिय बातें सुनते सुनते एयर फोन से गाने सुनने की कोशिश में एक कान में एयर फोन के हियरिंग डिवाइस को खोंचती है और दूसरे कान में जैसे ही वह डिवाइस को खोंचने को होती है उसके कानों में पति के शब्द सुनाई पड़ते हैं ......ढीठ औरत ! इन दो शब्दों के साथ कहानी समाप्त जरूर हो जाती है पर पाठक के भीतर ही भीतर ये दो शब्द गूंजते रहते हैं।

जीवन मूल्यों के इर्द-गिर्द घूमती मानवीय संवेदना के रूपाकारों को लेकर बुनी गई यह कहानी अंत में पाठक को बिजली के करेंट की तरह भीतर से झटके देने लगती है। एक पत्नी जो कि परिवार के लिए पूरी तरह समर्पित है और उसके भीतर जीवन मूल्यों के प्रति गहरी आस्था है,उसे उसका पति ही ढीठ औरत कहे तो स्वाभाविक है कि कहानी एक संवेदनशील पाठक को भीतर से बेचैन ही करेगी। इला सिंह जी ने इस कहानी में एक परिवार के भीतर घटित दिनचर्या की घटनाओं को जिस तरह बुना है, सारी घटनाएं कहानी के प्रभाव और सम्प्रेषण को और पुष्ट करती हैं।

संग्रह की एक कहानी है काला फ़िराक। यह कहानी अपनी भाषा और अपनी बुनावट में अंत तक हमें बांधे रखती है। माँ के इलाज के लिए साथ में शहर गयी सात साल की बेटी अहिल्या डॉक्टर कोहली की बेटी परी को वहां देखती है जो उसकी हम उम्र है।उसकी देह पर शोभायमान काला फ़िराक को देखकर उसकी भी इच्छा होती है कि वह काला फ़िराक पहने। बच्चों के मनोविज्ञान को टटोलती हुई बच्ची की इसी इच्छा के इर्द-गिर्द यह कहानी धीरे धीरे इस तरह गतिमान होने लगती है कि बच्ची के भीतर की इच्छा काला फ़िराक से होते हुए उसकी अपनी मां से मिलने की इच्छा तक जा पहुंचती है। बाल इच्छाओं की यह शिफ्टिंग इस कहानी की विशेषता है । मां , बाबूजी, बड़ी दीदी, दादी और अभी अभी कुछ दिनों पहले शहर के हस्पताल में जन्मा छोटा भाई । सात साल की अहिल्या इन रिश्तों की डोर पकड़े दरअसल अपने समय को देख रही है। इस समय में उस बच्ची के भीतर उठता हुआ एक आवेग है। उसके भीतर आती-जाती इच्छाएं हैं। इस समय में उसके मन में दादी की डांट फटकार का भय है। इस समय में उसके लिए पिता का कड़कपन है और उस कड़कपन के भीतर छुपा हुआ प्यार भी है। इस समय के भीतर बड़ी दीदी का वात्सल्य और उसकी संगत है। गांव से दूर शहर के हस्पताल में भर्ती हुए मां से पुनः मिलने की तीव्र इच्छा इस कदर अहिल्या के भीतर जज्ब है कि वह नाज़ बीनकर चवन्नी इकठ्ठा करती है ताकि बस में बैठकर अपनी माँ से मिलने जा सके।यह सच है कि छोटे बच्चे अपनी मां से एक दिन भी दूर नहीं रह सकते। सात साल की अहिल्या के दिलों दिमाग में मां से मिलने की इच्छा ही घूम रही है। वह जानती है कि बापू उसे दोबारा शहर लेकर नहीं जाएंगे। वह जानती है कि दादी की फटकार ही उसे मिलेगी। और फिर इसी उधेड़बुन में एक दिन मुट्ठी में चवन्नी दबाए वह बस में चढ़कर शहर निकल पड़ती है।रास्ते में फिर उसे सहीदन का साथ मिलता है। उस साथ को वह कभी भी बेझिझक स्वीकार नहीं पाती क्योंकि उसके मन में सहीदन के प्रति गलत धारणाएं बिठा दी गयी हैं।

कहानी में सहीदन नाम की महिला एक ऐसा पात्र है जो समाज में उपेक्षा और जलालत की शिकार है । अहिल्या की दादी जिस पर आए दिन गाली गलौज करती रहती है।उसे डायन जैसे शब्दों से संबोधित करने का क्रम कभी नहीं टूटता। यह महिला पात्र अपनी उदारता के साथ लड़कियों के प्रति अतिरिक्त सुरक्षा की चेतना का भाव लिए कहानी में जिस तरह सामने आती है , उसका आना आश्वस्ति से भर देता है। कथा लेखिका की नजर समाज में उपेक्षित और जलालत में डाल दिए जाने वाले ऐसे पात्रों पर भी गई है जो समय आने पर बहुत उपयोगी हो सकते हैं। काला फ़िराक के बहाने रिश्तों के ताने-बाने और भीतर चल रहे मनोभावों को यह कहानी समझने बूझने का एक बड़ा अवसर देती है।सहीदन पात्र के बहाने यह कहानी समाज में चली आ रही गलत धारणाओं को ध्वस्त करने का भी काम करती है। शहर जाकर माँ से मिलने के बाद अहिल्या के मन में आते जाते भावों का एक ऐसा चित्रण है जिसका आस्वादन कहानी को पढ़कर ही लिया जा सकता है।

संग्रह की एक और कहानी है 'मास्टरनी का जादू मंतर'।यह कहानी स्त्रियों के जनरेशन गैप से उपजी रिश्तों की कड़वाहट को दूर करने की दिशा में संवाद करती हुई आगे बढ़ती है । ताई की नासमझी और अशिक्षा के कारण उसके भीतर उपजी असहिष्णुता और जातीय उच्चता का भाव बोध रधिया जैसी दलित लड़की का मन आहत करता है। नीरू जैसी पढ़ी लिखी बहु, ताई की इस असहिष्णुता और जातीय उच्चता के भाव की बोधग्रस्तता का तार्किक प्रतिरोध करती हुई नज़र आती है। नीरू का यह प्रतिरोध टकराव के रास्ते पर न जाकर प्यार का रास्ता अख्तियार करती है । दरअसल जातीय उच्चता का भाव आज के संदर्भ में एक किस्म की कुंठा ही है जिसका निदान टकराव के रास्तों पर चलकर नहीं किया जा सकता ।इसका एक मात्र निदान प्यार के माध्यम से दिलों को जीतकर ही किया जा सकता है। नीरू प्यार जैसे अचूक हथियार का जब उपयोग करती है तब ताई जैसी कर्कश स्त्री के दिल के भीतर जमी हुई बर्फ पिघल कर पानी पानी होने लगती है । उसके भीतर वर्षों से बसे नफ़रत और असहिष्णुता के भाव प्यार नामक हथियार के डर से दुम दबाकर भाग जाते हैं । प्यार ही एक मात्र जादू मंतर है जो अनपढ़ नासमझ स्त्रियों तथा पढ़ी लिखी समझदार स्त्रियों के बीच के गैप को भर देता है । इला जी ने इस कहानी को यूं ही नहीं लिख दिया होगा , बल्कि यह कहानी तो उनके जीवन के आसपास के अनुभवों से उपजी हुई कहानी होगी। अनुभव से उपजी हुई कहानियाँ पाठक को अपील भी करती हैं ।

संग्रह की शीर्षक कहानी 'मुझे पंख दे दो' भी स्त्री अस्मिता और उसके सपनों को विस्तार देने की कथा से जुड़ी कहानी है । इस कहानी में भी अन्य कहानियों की तरह इला हमें उसी दुनिया की ओर लिए चलती हैं जहाँ स्त्रियों के संघर्ष को विस्तार मिलता है । आज की स्त्री पढ़ना लिखना चाहती है , पढ़ लिख कर अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती है। इस चाहने में अनगिनत बाधाएं हैं , इला सिंह उन्हीं बाधाओं की पहचान करती हुईं इस कहानी को बुनती हैं । फिर शनैः शनैः स्त्री स्वतंत्रता के लिए इला की जगह उनकी यह कहानी हमसे संवाद करती है.... 'मुझे पंख दे दो' ..... 'मुझे पंख दे दो' ! स्त्री के पंख आखिर क्या हैं ? जब स्त्री पढ़ लिख लेगी, तभी वह अपने पैरों पर खड़ी हो सकेगी, तभी उसे स्वतंत्र पहचान मिलेगी । ये सारे घटक ही उसके पंख हैं जिसे अपने लिए वह सदियों से मांगती आ रही है । पर समाज है कि देने से हमेशा कोताही बरतता आ रहा है। संग्रह की एक अन्य कहानी 'कदम तो बढ़ाओ' में भी स्त्री अस्मिता से जुड़ी बातें ध्वनित होती हैं ।कहानी उन घटकों पर संवाद करती है जहां समाज को अपनी सोच को एक सकारात्मक दिशा की तरफ ले जाने का स्वर गूंजे । फिर वहां से उत्साह का सकारात्मक वातावरण निर्मित हो और एक बेहतर दुनिया के रास्ते तलाशे जा सकें ।

इला की समस्त कहानियों को पढ़ लेने के बाद मन में यह एहसास तारी होने लगता है कि फेमिनिज्म कोई दूसरी दुनिया की परिघटना नहीं है । उसके लिए शोर शराबा मचाने की जगह स्वरों की धीमी आंच से भी बदलाव के रास्ते प्रशस्त किये जा सकते हैं ।

इला की समस्त कहानियों को स्त्री अस्मिता और उसकी स्वतंत्रता के लिए उसी धीमी आंच के रूप में भी बतौर पाठक देखा महसूसा जा सकता है। हाँ यह आवश्यक है कि इसके लिए इस संग्रह से होकर गुजरने का अनुभव हमें अर्जित करना होगा ।


कहानी संग्रह : 'मुझे पंख दे दो'

कथा लेखिका : इला सिंह 

पेपर बेक संस्करण मूल्य : 110 रूपये

प्रकाशक :प्रतिबिम्ब , संपर्क नोशन प्रेस ,7 मांटीएथ रोड़, एग्मोरे , चेन्नई (तामिलनाडु)

टिप्पणियाँ

इन्हें भी पढ़ते चलें...

'नेलकटर' उदयप्रकाश की लिखी मेरी पसंदीदा कहानी का पुनर्पाठ

उ दय प्रकाश मेरे पसंदीदा कहानी लेखकों में से हैं जिन्हें मैं सर्वाधिक पसंद करता हूँ। उनकी कई कहानियाँ मसलन 'पालगोमरा का स्कूटर' , 'वारेन हेस्टिंग्ज का सांड', 'तिरिछ' , 'रामसजीवन की प्रेम कथा' इत्यादि मेरी स्मृति में आज भी जीवंत रूप में विद्यमान हैं । हाल के दो तीन वर्षों में मैंने उनकी कहानी ' नींबू ' इंडिया टुडे साहित्य विशेषांक में पढ़ी थी जो संभवतः मेरे लिए उनकी अद्यतन कहानियों में आखरी थी । उसके बाद उनकी कोई नयी कहानी मैंने नहीं पढ़ी।वे हमारे समय के एक ऐसे कथाकार हैं जिनकी कहानियां खूब पढ़ी जाती हैं। चाहे कहानी की अंतर्वस्तु हो, कहानी की भाषा हो, कहानी का शिल्प हो या दिल को छूने वाली एक प्रवाह मान तरलता हो, हर क्षेत्र में उदय प्रकाश ने कहानी के लिए एक नई जमीन तैयार की है। मेर लिए उनकी लिखी सर्वाधिक प्रिय कहानी 'नेलकटर' है जो मां की स्मृतियों को लेकर लिखी गयी है। यह एक ऐसी कहानी है जिसे कोई एक बार पढ़ ले तो भाषा और संवेदना की तरलता में वह बहता हुआ चला जाए। रिश्तों में अचिन्हित रह जाने वाली अबूझ धड़कनों को भी यह कहानी बेआवाज सुनाने लग...

मलकानगिरी यात्रा संस्मरण: बीहड़ जंगलों के बीच गुजरते हुए लगा जैसे यात्राएं भी जीवन की कहानियाँ सुनाती हैं

रायगढ़ से निकल कर हम ओड़िशा के एक ऐसे शहर में पहुंचे थे जिसे माल्यवंत गिरी के नाम से जाना जाता रहा है ।अब इस शहर का नाम मलकानगिरी है । कोरापुट जिले से अलग होकर नए जिले के रूप में इसकी खुद की पहचान अब तेजी से बन रही है। छत्तीसगढ़ और आंध्रा के बॉर्डर इलाके में स्थित माओवादी इलाके के रूप में जो इसकी खुद की पहचान अब तक रही थी , तेजी से विकसित हो रहे इस शहर ने उस पहचान को एक तरह से अब धूमिल किया है। अब यह शहर तेजी से मुख्यधारा की ओर बढ़ने लगा है। हरी-भरी सुंदर पहाड़ियों की गोद में बसा यह शहर अपने शुद्ध पर्यावरण के लिए भी लोगों का पसंदीदा शहर बनता जा रहा है। यहां का सतिगुड़ा डैम और चित्रकुंडा डैम पर्यटकों को बरबस अपनी ओर आकर्षित करते हैं। अगस्त माह के बारिश के दिनों में जब हम यहां कुछ समय के लिए रुके थे तो घनी पहाड़ियों की वजह से जब चाहे बारिश हो जाया करती थी। शहर से पांच किलोमीटर दूर सतीगुड़ा डैम में टहलते हुए हमें लग रहा था कि हरी-भरी वादियों और अथाह जल सागर की गोद में हम आ बैठे हैं।यद्यपि डेम तक पहुंचने का रास्ता बारिश के कारण अस्त व्यस्त सा है पर वहां पहुंचने के बाद हरी भरी वादियों की खूबसूरत...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

विष्णु खरे की पुण्य तिथि पर उनकी कविता "जो मार खा रोईं नहीं" का पुनर्पाठ

विष्णु खरे जी की यह कविता सालों पहले उनके कविता संग्रह से पढ़ी थी। अच्छी  कविताएँ पढ़ने को मिलती हैं तो भीतर भी उतर जाती हैं। उनमें से यह भी एक है। कविता के भीतर पसरे भाव को पिता के नज़रिए से देखूं या मासूम बेटियों के नज़रिए से,दोनों ही दिशाओं से चलकर आता प्रेम एक उम्मीद  जगाता है।अपने मासूम बेटियों को डांटते ,पीटते हुए पिता पर मन में आक्रोश उत्पन्न नहीं होता। उस अजन्मे आक्रोश को बेटियों के चेहरों पर जन्मे भाव जन्म लेने से पहले ही रोक देते हैं। प्रेम और करुणा से भरी इस सहज सी कविता में मानवीय चिंता का एक नैसर्गिक भाव उभरकर आता है।कोई सहज कविता जब मन को असहज करने लगती है तो समझिए कि वही बड़ी कविता है।  आज पुण्य तिथि पर उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि ! जो मार खा रोईं नहीं  【विष्णु खरे】 ----------------------------- तिलक मार्ग थाने के सामने जो बिजली का एक बड़ा बक्‍स है उसके पीछे नाली पर बनी झुग्‍गी का वाक़या है यह चालीस के क़रीब उम्र का बाप सूखी सांवली लंबी-सी काया परेशान बेतरतीब बढ़ी दाढ़ी अपने हाथ में एक पतली हरी डाली लिए खड़ा हुआ नाराज़ हो रहा था अपनी पांच साल और सवा साल की बे...

गजेंद्र रावत की कहानी : उड़न छू

गजेंद्र रावत की कहानी उड़न छू कोरोना काल के उस दहशतजदा माहौल को फिर से आंखों के सामने खींच लाती है जिसे अमूमन हम सभी अपने जीवन में घटित होते देखना नहीं चाहते। अम्मा-रुक्की का जीवन जिसमें एक दंपत्ति के सर्वहारा जीवन के बिंदास लम्हों के साथ साथ एक दहशतजदा संघर्ष भी है वह इस कहानी में दिखाई देता है। कोरोना काल में आम लोगों की पुलिस से लुका छिपी इसलिए भर नहीं होती थी कि वह मार पीट करती थी, बल्कि इसलिए भी होती थी कि वह जेब पर डाका डालने पर भी ऊतारू हो जाती थी। श्रमिक वर्ग में एक तो काम के अभाव में पैसों की तंगी , ऊपर से कहीं मेहनत से दो पैसे किसी तरह मिल जाएं तो रास्ते में पुलिस से उन पैसों को बचाकर घर तक ले आना कोरोना काल की एक बड़ी चुनौती हुआ करती थी। उस चुनौती को अम्मा ने कैसे स्वीकारा, कैसे जूतों में छिपाकर दो हजार रुपये का नोट उसका बच गया , कैसे मौका देखकर वह उड़न छू होकर घर पहुँच गया, सारी कथाएं यहां समाहित हैं।कहानी में एक लय भी है और पठनीयता भी।कहानी का अंत मन में बहुत उहापोह और कौतूहल पैदा करता है। बहरहाल पूरी कहानी का आनंद तो कहानी को पढ़कर ही लिया जा सकता है।       ...

उदय प्रकाश की कहानी अंतिम नींबू बहुत कुछ कहना चाहती है

इंडिया टुडे के 10 जून 2020 अंक में उदय प्रकाश जी की कहानी अंतिम नींबू पढ़ने का अवसर मिला । कहानी थोड़ी लंबी जरूर है  पर यह अपनी रोचकता में, हर घड़ी बदलती नई-नई परिस्थितियों से उपजे नए नए रहस्यों में ,जो जिज्ञासा उत्पन्न करती है वह इस कहानी की खूबी है। तेजी से बदलती परिस्थितियों के बावजूद हर घटना एक दूसरे से जुड़ी रहकर  कहानी को  एक सूत्र में बांधे रखती है। कहानी में किस्सागोई की ताजगी है, साथ ही भाषाई कलात्मकता और घटित प्रसंगों का चमत्कार भी है। इस कोरोना काल में चीन के वुहान शहर से निकले वायरस का प्रसंग जिस अर्थ और रूप आकार में कहानी में ध्वनित होता है वह पाठक को चमत्कृत करता है। साथ ही विश्व की तमाम राजनीतिक परिस्थितियां ध्वनित होने लगती हैं। एक वायरस जो इन दिनों भाषा के भीतर, हिंसक लोगों के भीतर गाली गलौज के रूप में घुस गया है वह भी उतना ही खतरनाक है जितना की वुहान शहर से निकला वायरस । और यह वायरस जिससे भाषा दिनों दिन मर रही है यह राजनीति की ही देन है । कहानी के अंतिम पैराग्राफ को देखिए जहां सारी बातें स्पष्ट होने लगती हैं- "अगर आप कहीं विनायक दत्तात्रेय को कहीं मास्क ...

जैनेंद्र कुमार की कहानी 'अपना अपना भाग्य' और मन में आते जाते कुछ सवाल

कहानी 'अपना अपना भाग्य' की कसौटी पर समाज का चरित्र कितना खरा उतरता है इस विमर्श के पहले जैनेंद्र कुमार की कहानी अपना अपना भाग्य पढ़ते हुए कहानी में वर्णित भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के जीवंत दृश्य कहानी से हमें जोड़ते हैं। यह जुड़ाव इसलिए घनीभूत होता है क्योंकि हमारी संवेदना उस कहानी से जुड़ती चली जाती है । पहाड़ी क्षेत्र में रात के दृश्य और कड़ाके की ठंड के बीच एक बेघर बच्चे का शहर में भटकना पाठकों के भीतर की संवेदना को अनायास कुरेदने लगता है। कहानी अपने साथ कई सवाल छोड़ती हुई चलती है फिर भी जैनेंद्र कुमार ने इन दृश्यों, घटनाओं के माध्यम से कहानी के प्रवाह को गति प्रदान करने में कहानी कला का बखूबी उपयोग किया है। कहानीकार जैनेंद्र कुमार  अभावग्रस्तता , पारिवारिक गरीबी और उस गरीबी की वजह से माता पिता के बीच उपजी बिषमताओं को करीब से देखा समझा हुआ एक स्वाभिमानी और इमानदार गरीब लड़का जो घर से कुछ काम की तलाश में शहर भाग आता है और समाज के संपन्न वर्ग की नृशंस उदासीनता झेलते हुए अंततः रात की जानलेवा सर्दी से ठिठुर कर इस दुनिया से विदा हो जाता है । संपन्न समाज ऎसी घटनाओं को भाग्य से ज...

जीवन के पूर्वाद्ध में घटी अच्छी बुरी घटनाओं से मुक्ति और नए रास्तों के पुनर सृजन का संदेश : गोविंद निहलानी की फ़िल्म दृष्टि

बहुत दिनों बाद 1990 में बनी गोविंद निहलानी की फ़िल्म "दृष्टि" दोबारा देखी। इस फ़िल्म को राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार भी मिला हुआ है । डिम्पल कपाड़िया और शेखर कपूर के किरदार, विवाह बन्धनों में बंधे मध्यवर्गीय भारतीय स्त्री-पुरूषों के जीवन की कहानियों को ही साफगोई से अभिब्यक्त करते हैं । स्त्री पुरूषों के पारिवारिक जीवन में घटित हो रही हर घटना/परिघटना को सही नजरिए और खुलेपन के साथ देख पाने की दृष्टि पर केंद्रित यह फ़िल्म वैवाहिक जीवन के एक विमर्श की तरह भी है जो मनुष्य की भीतरी दुनियाँ का खाका भी खींचकर सामने रखती है।  स्त्री पुरुष के वैवाहिक जीवन में न जाने कितने उतार-चढ़ाव, अच्छे बुरे दिन आते जाते रहते हैं। संबंधों को बचाए रखने के लिए न जाने कितने समझौते करने पड़ते हैं।लड़ाई झगड़े ,प्रेम मोहब्बत , नोंक झोंक , मस्ती यायावरी जैसी न जाने कितनी बातें जीवन में होती हैं। ये सब जीवन के विविध रंग हैं जिनसे मिलकर जीवन आकार ग्रहण करता है। कोई भी फिल्म देखिये तो  जीवन के इतने सारे रंगों में से कुछ न कुछ रंग  फिल्म के भीतर दिखाई पड़ जाते हैं । दृष्टि फ़िल्म में भी स्त्री पुरुष के वैवाहिक जीवन स...

चित्रकला प्रतियोगिता में सेंट टेरेसा स्कूल रायगढ़ के कक्षा सातवीं के छात्र आयुष साहू को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 50,000 पचास हजार रूपये का चेक प्रदान किया गया।

रायगढ़ ।  केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय भारत सरकार की देखरेख में ऊर्जा संरक्षण राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता 27 नवंबर को दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन परिसर में संपन्न हुआ। पेंटिंग कॉम्पटीशन में छत्तीसगढ़ राज्य से विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। रायगढ़ जिले के सेंट टेरेसा कान्वेंट स्कूल बोईरदादर रायगढ़ के छात्रों की भी इस प्रतियोगिता में सहभागिता रही।इस स्कूल के विद्यार्थियों की कला को समर्पित कल्पना शीलता का उल्लेखनीय प्रदर्शन यहां देखने को मिला।         चित्रकला प्रतियोगिता में सेंट टेरेसा स्कूल रायगढ़ के कक्षा सातवीं के छात्र आयुष साहू को ग्रुप A में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 50,000 पचास हजार रूपये का चेक प्रदान किया गया। इसी स्कूल के विद्यार्थी सुशांत शुक्ला (सातवीं), नावेद अनवर खान (दसवीं), शेख सनाउल्लाह (आठवीं) को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।सांत्वना पुरस्कार के तहत इन तीनों छात्रों में प्रत्येक को 7,500 (सात हजार पांच सौ)रूपये के चेक प्रदान किये गए। स्कूल के चित्रकला शिक्षक तोष कुमार साहू की क...

परिधि को रज़ा फाउंडेशन ने श्रीकांत वर्मा पर एकाग्र सत्र में बोलने हेतु आमंत्रित किया "युवा 2024" के तहत इंडिया इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में आज है उनका वक्तब्य

परिधि को रज़ा फाउंडेशन ने श्रीकांत वर्मा पर एकाग्र सत्र में बोलने हेतु आमंत्रित किया "युवा 2024" के तहत इंडिया इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में आज है उनका वक्तब्य रज़ा फाउंडेशन समय समय पर साहित्य एवं कला पर बड़े आयोजन सम्पन्न करता आया है। 27 एवं 28 मार्च को पुरानी पीढ़ी के चुने हुए 9 कवियों धर्मवीर भारती,अजितकुमार, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना,विजयदेवनारायण शाही,श्रीकांत वर्मा,कमलेश,रघुवीर सहाय,धूमिल एवं राजकमल चौधरी पर एकाग्र आयोजन रखा गया है।दो दिनों तक चलने वाले 9 सत्रों के इस आयोजन में पांचवा सत्र श्रीकांत वर्मा  पर एकाग्र है जिसमें परिधि शर्मा को बोलने हेतु युवा 2024 के तहत आमंत्रित किया गया है जिसमें वे आज शाम अपना वक्तव्य देंगी। इस आयोजन के सूत्रधार मशहूर कवि आलोचक अशोक वाजपेयी जी हैं जिन्होंने आयोजन के शुरुआत में युवाओं को संबोधित किया।  युवाओं को संबोधित करते हुए अशोक वाजपेयी  कौन हैं सैयद हैदर रज़ा सैयद हैदर रज़ा का जन्म 22 फ़रवरी 1922 को  मध्य प्रदेश के मंडला में हुआ था और उनकी मृत्यु 23 जुलाई 2016 को हुई थी। वे एक प्रतिष्ठित चित्रकार थे। उनके प्रमुख चित्र अधिकतर तेल य...