सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

जीवन के उबड़ खाबड़ रास्तों की पहचान करातीं कहानियाँ

जीवन के उबड़ खाबड़ रास्तों की पहचान करातीं कहानियाँ

■सुधा ओम ढींगरा का सद्यः प्रकाशित कहानी संग्रह चलो फिर से शुरू करें

■रमेश शर्मा

 --------------------------------------


सुधा ओम ढींगरा का सद्यः प्रकाशित कहानी संग्रह ‘चलो फिर से शुरू करें’ पाठकों तक पहुंचने के बाद चर्चा में है। संग्रह की कहानियाँ भारतीय अप्रवासी जीवन को जिस संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ अभिव्यक्त करती हैं वह यहां उल्लेखनीय है। संग्रह की कहानियाँ अप्रवासी भारतीय जीवन के स्थूल और सूक्ष्म परिवेश को मूर्त और अमूर्त दोनों ही रूपों में बड़ी तरलता के साथ इस तरह प्रस्तुत करती हैं कि उनके दृश्य आंखों के सामने बनते हुए दिखाई पड़ते हैं। हमें यहां रहकर लगता है कि विदेशों में ,  खासकर अमेरिका जैसे विकसित देशों में अप्रवासी भारतीय परिवार बहुत खुश और सुखी होते हैं,  पर सुधा जी अपनी कहानियों में इस धारणा को तोड़ती हुई नजर आती हैं। वास्तव में दुनिया के किसी भी कोने में जीवन यापन करने वाले लोगों के जीवन में सुख-दुख और संघर्ष का होना अवश्य संभावित है । वे अपनी कहानियों के माध्यम से वहां के जीवन की सच्चाइयों से हमें रूबरू करवाती हैं।

संग्रह की एक कहानी है ‘वे अजनबी और गाड़ी का सफर’ । फिल्मों में दिखाई जा रहीं घटनाओं की तरह वास्तविक जीवन में भी बहुत सी घटनाएं अब घटने लगी हैं । यह कहानी हमें एक ऐसे विषय की ओर ले जाती है जिसे अक्सर हम फिल्मों या अन्य टीवी सीरियलों में देख पाते हैं। पत्रकारिता से जुडीं दो भारतीय युवतियाँ चीनी युवती को एक यूरोपीय पुरुष के साथ रेलगाड़ी में सफ़र करते हुए देखती हैं। लड़की के हाव भाव देखकर उन्हें संदेह होता है कि वह लड़की कुछ तकलीफ में है। उन दोनों भारतीय युवतियों ने किस तरह सूझबूझ, होशियारी व सर्तकता से संकट में फंसी उस लड़की को एक अंग्रेज ड्रग माफिया से मुक्त करवाया,ये सभी घटनाएं कहानी को पढ़ने से ही पता लग सकती हैं। सुधा ओम ढींगरा अमेरिका में रहती हैं और उनका भारत में लगातार आना-जाना लगा रहता है । ऐसा लगता है कि यह कहानी उन यात्राओं के अनुभवों से ही जन्म लेने वाली कहानी है। यह कहानी लोगों को संभावित अप्रिय घटनाओं से न केवल सतर्क करती है बल्कि दूसरों की सहायता के लिए भी सजग रहने का आग्रह करती है। 

शीर्षक कहानी ‘चलो फिर से शुरू करें’ अप्रवासी युवक कुशल के पारिवारिक जीवन की कथा है जिसमें बहुत से उतार चढ़ाव हैं।  विदेशी महिला मार्था से विवाह कर वह माँ-बाप से अलग हो गया है । पुत्र से अत्यधिक लगाव होते हुए भी पुत्र की गृहस्थी में दखल देना ठीक नहीं , यह सोचकर माँ-बाप ने भी समझदारी दिखाते हुए उससे दूरी बना ली है। समय आता है जब उस माता-पिता को किसी परिचित के माध्यम से खबर मिलती है कि मार्था, कुशल को तलाक देकर, बच्चों को उसके पास छोड़ कर चली गई है। इतना ही नहीं मार्था ने  कुशल के नाम पर तीन मिलियन का कर्ज़ भी ले लिया है। कहानी में यह प्रसंग ध्यातव्य है कि यदि कुशल श्वेत अमेरिकन होता तो मार्था बच्चों को साथ ले जाती परन्तु भारतीय अमेरिकन पिता के बच्चों को वह कभी स्वीकार नहीं कर पाती।  इन मुश्किल परिस्थितियों में मां-बाप ही काम आते हैं यह कुशल को पता है । यह घटना भारतीय माता-पिता के प्रति एक आस्था जगाने वाली घटना भी लगती है जो सच के करीब भी है। इस मुश्किल घड़ी में कुशल को माता-पिता का साथ मिलता है । वह अपने बच्चों को उनके पास छोड़कर एक नए जीवन की शुरुआत करने लगता है। 'चलो फिर से शुरू करें' संघर्षों की कहानी है , रिश्तों के प्रति आस्था की कहानी है और साथ साथ जीवन की घटनाओं से सबक सीखने वाली कहानी भी है। 

संग्रह की एक महत्वपूर्ण कहानी है ‘वह ज़िन्दा है…’! कहानी हस्पताल की घटनाओं का वास्तविक चित्रण प्रस्तुत करती है।  कविता एक गर्भवती महिला है , अल्ट्रासाउंड करने वाली नर्स कीमर्ली जब उसे सीधे तौर पर कहती है कि ‘मिसेज़ सिंह यूअर बेबी इज़ डेड।’ ऐसा सुनते ही कविता के शरीर की गति थम सी जाती है। फिर जो होता है उस त्रासदपूर्ण घटना की सहज कल्पना की जा सकती है। कविता के शरीर की गति थम जाने से मृत बच्चे को बहुत मुश्किल से उसके शरीर से बाहर निकाला जाता है।अब कविता की केवल साँसें ही चल रही हैं जबकि वह अपना मानसिक संतुलन खो चुकी है । दो बार गर्भपात हो जाने के बाद यह तीसरा मौका ही उसके लिए माँ बन पाने का एक अवसर था। वह अवसर अब उसके जीवन में नहीं है। नर्स द्वारा बिना सोचे समझे यांत्रिक रूप से , संवेदनहीन होकर सच्चाई  को जिस तरह प्रस्तुत किया जाता है उससे कविता को गहरी चोट लगती है। वह उसे सहन नहीं कर पाती। पति द्वारा कार को पार्क करके वापस आने तक कुछ मिनटों में ही उस दंपत्ति की ज़िदगी बेरंग सी होने लगती है।अब आगे संघर्ष यह है कि  पति को हस्पताल मैनेजमेंट के बिरूद्ध मानवता की लड़ाई लड़ने की जरूरत आन पड़ी है। उसका तर्क बस इतना ही है कि वह सच बोलने के खिलाफ नहीं, पर सच को बोला कैसे जाए इस पर उसे आपत्ति है!

कई जगह विदेशी कल्चर ठोस सच्चाइयों पर ही निर्भर होता है । यह एक किस्म का यांत्रिक भाव है, वहां मानवीय भावनाओं के लिए कोई स्पेस नहीं होता। हमारे भारतीय कल्चर में मानवीय भावनाओं पर विशेष ध्यान रखा जाता है , यह मनुष्य के हित में भी है , कहानी इसी ओर इशारा करती है।  

कई बार भावनाओं को सँभालने के लिए झूठ का सहारा भी लिया जा सकता है या सच को टाला भी जा सकता है। अलग-अलग किस्म की संस्कृतियों के बीच के अंतर को लेखिका ने मानवीय संवेदना के स्तर पर जिस तरह यहां प्रस्तुत करने की कोशिश की है वह काबिले तारीफ है। 

‘भूल-भुलैया’ संग्रह की एक अन्य कहानी है।  भारतीयों के व्हाट्सएप समूहों में लगातार इस प्रकार के संदेश आ रहे थे कि एशियाई लोगों को अकेले  देख कर, अगवा कर लिया जाता है और उन्हें बड़े ट्रकों में उठाकर बाहर ले जाया जाता है। फिर वहां  उनके मानवीय अंग निकाल लिए जाते है। इन संदेशों को पढ़कर घबरायी हुई सुरभि जॉगिंग करते हुए पार्क में उसका पीछा करते स्त्री पुरुष को उसी गैंग का समझ लेती है। अपने बचाव के लिए पुलिस को वह फ़ोन भी कर देती है । पुलिस आकर उसकी गलतफहमी दूर करती है कि ये सारी बातें अफवाह हैं । हकीकत यह है कि पीछे पीछे आने वाले स्त्री-पुरुष उसकी सहायता के लिए ही उसके साथ आ रहे थे। खुलासा होता है कि जिस घटना को लेकर ऐसी अफवाहें फैलीं हैं,दरअसल वह ग़लतफ़हमी के कारण ही घटित हुई । इस तरह की घटनाएं आज बहुत देखने को मिलती हैं जहां अफवाहों के कारण देखते-देखते अप्रिय स्थितियां निर्मित हो जाती हैं। यह कहानी मनुष्य की वैचारिक चेतना पर एक सवाल खड़ा करती है और सतर्क रहने की दिशा में ले जाती हुई प्रतीत होती है। अफवाहों के इस समय में ऐसी कहानियाँ प्रासंगिक भी हैं।

कहानी ‘कभी देर नहीं होती’ रिश्तों के उतार चढ़ाव भरे ऊबड़ खाबड़ रास्तों से हमें गुजारती है। ननिहाल की चालाकी और असामान्य व्यवहार के कारण आनंद और उसके छोटे भाई बचपन से ही दादा-दादी के प्यार से वंचित हैं। उनके आपसी रिश्तों में ननिहाल बड़ी रूकावट है।  सब कुछ समझते हुए भी मम्मी और ननिहाल के आगे पापा की चुप्पी बच्चों के लिए बड़ी पीड़ा दायक है पर पापा की समझ ऐसी है कि उनकी चुप्पी से ही बच्चों का परवरिश ठीक ढंग से हो पाएगा। तनाव , झगड़ा किसी भी परिवार के लिए अच्छा नहीं है । जब अरसे बाद अमरीका के एक शहर में रह रही आनंद की बुआ ने मिलने पर उसे ‘नंदी’ कह कर पुकारा, तो वह इतने वर्षों लंबे अंतराल के बाद उसी माहौल व अपनत्व से भर उठा। उसके लिए ददिहाल से जुड़ने की यह अपूर्व घटना है जिसकी खुशी अव्यक्त सी है। यह कहानी दरअसल रिश्तों को जोड़ने वाली कहानी है जहां से रिश्तों के प्रति आस्थाएं मन में जन्म लेने लगती हैं और एक अपूर्व, अव्यक्त सी खुशी से हमारा सामना होता है।

"कटीली झाड़ी" संग्रह की एक अन्य कहानी है ।मानवीय चरित्र को समझने के लिए यह कहानी हमारे सामने बहुत सी परतें खोलती है। बड़े बाप की बेटी होने के अहंकार में डूबी अनुभा एक ऐसा कैरेक्टर है जिसका सामना कॉलेज में नेहा नामक लड़की से होता है। नेहा की योग्यता और उसकी सुंदरता से उसको बहुत ईर्ष्या होने लगती है । उसके अहम को चोट पहुंचने लगती है। नेहा के जीवन के हर कदम पर कांटे बिछाना उसका ध्येय  बन जाता है। यहां तक की शादी के बाद भी वह उसे बदनाम करने की कोशिश करती है पर वहाँ उसे मुंहकी खानी पड़ती है। मनुष्य का चरित्र भी कटीली झाड़ियों की तरह हो सकता है , ऐसे चरित्रों से सावधान रहने हेतु यह कहानी अपील करती है। पर जीवन में कुछ ऐसे कैरेक्टर से भी हम मिलते हैं , जो हमारे बारे में अच्छा सोचते हैं , हमारा कभी नुकसान नहीं करते और इन पात्रों के कारण रिश्तों पर हमारा विश्वास बना रहता है। कुछ ऐसे पात्रों का भी चित्रण इस कहानी में मिलता है।सुधा ओम ढींगरा सकारात्मक और नकारात्मक दोनों ही प्रकार के पात्रों का यहां तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत करती हैं जिससे कहानी का प्रभाव बढ़ जाता है। 

संग्रह की एक अन्य कहानी के माध्यम से लेखिका यह दिखाने की कोशिश करती हैं कि दुनिया के हर एक मुल्कों में लोगों का जीवन अंधविश्वासों से भरा पड़ा है।  जब अपूर्व सुंदरी डयू स्मिथ गौरव मुखी को अपने जीवन के काले अतीत के बारे में बताती है तो एकबारगी उसे यकीन नहीं होता । उसे यह जानकर अत्यन्त हैरानी होती है कि डयू के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ है जैसाकि किसी भी सुंदर लड़की के जवान होने पर उसे लोगों की बुरी नज़रों से और उनके दुश्कर्म से गुज़रना पड़ सकता है। यहां धर्मगुरु ही दुष्कर्म का वाहक है पर ड्यू के माता पिता ने अपने धर्मगुरु के चरित्र पर संदेह न करके अपने भीतर पल रहे अंधविश्वास को ही प्रगाढ़ किया । माता पिता का यह अंधविश्वासी व्यवहार चकित करता है। सच तो यह है कि डयू उसी दुश्कर्म के कारण ही एच आई वी वायरस की चपेट में आयी। आगे उसका संघर्ष जारी रहा और अपनी मेहनत व योग्यता के बल पर वह एक बड़ी कंपनी में बड़े ओहदे पर पहुँच गयी।ड्यू के पास सब कुछ था परन्तु इस घटना के कारण उसकी सुंदर नीली आँखें उदास और बेनूर रहती थीं। गौरव को समझ में अब आया था कि  डयू उससे शादी करना क्यों नहीं  चाहती थी । यह कहानी एचआईवी पीड़ित लोगों से सद्भावना रखने की अपील भी करती है।

सुधा ओम ढींगरा की कहानियों में जहां भाषिक सौंदर्य है वही संप्रेषण और पठनीयता के स्तर पर भी ये कहानियाँ हमसे जुड़ती हैं।

संग्रह की कहानियों को पढ़ने के बाद हमें लगता है कि सुधा ओम ढींगरा की कहानियाँ जीवन मूल्यों के पुनर्स्थापन की कहानियाँ हैं । ये कहानियाँ जीवन के प्रति एक नया दृष्टिकोण को जन्म देने में हमें वैचारिक सहयोग प्रदान करती हैं। इस संग्रह को एक बार अवश्य पढ़ा जाना चाहिए।


कहानी संग्रह: चलो फिर से शुरू करें 

लेखक – सुधा ओम ढींगरा

प्रकाशक- शिवना प्रकाशन, सीहोर, मप्र 466001

प्रकाशन वर्ष – 2024


------------------------------ 


संपर्क: 

92 श्रीकुंज कॉलोनी

बोईरदादर, रायगढ़ (छत्तीसगढ़)पिन 496001

मो.7722975017

ईमेल- 

rameshbaba.2010@gmail.com

टिप्पणियाँ

इन्हें भी पढ़ते चलें...

'कोरोना की डायरी' का विमोचन

"समय और जीवन के गहरे अनुभवों का जीवंत दस्तावेजीकरण हैं ये विविध रचनाएं"    छत्तीसगढ़ मानव कल्याण एवं सामाजिक विकास संगठन जिला इकाई रायगढ़ के अध्यक्ष सुशीला साहू के सम्पादन में प्रकाशित किताब 'कोरोना की डायरी' में 52 लेखक लेखिकाओं के डायरी अंश संग्रहित हैं | इन डायरी अंशों को पढ़ते हुए हमारी आँखों के सामने 2020 और 2021 के वे सारे भयावह दृश्य आने लगते हैं जिनमें किसी न किसी रूप में हम सब की हिस्सेदारी रही है | किताब के सम्पादक सुश्री सुशीला साहू जो स्वयं कोरोना से पीड़ित रहीं और एक बहुत कठिन समय से उनका बावस्ता हुआ ,उन्होंने बड़ी शिद्दत से अपने अनुभवों को शब्दों का रूप देते हुए इस किताब के माध्यम से साझा किया है | सम्पादकीय में उनके संघर्ष की प्रतिबद्धता  बड़ी साफगोई से अभिव्यक्त हुई है | सुशीला साहू की इस अभिव्यक्ति के माध्यम से हम इस बात से रूबरू होते हैं कि किस तरह इस किताब को प्रकाशित करने की दिशा में उन्होंने अपने साथी रचनाकारों को प्रेरित किया और किस तरह सबने उनका उदारता पूर्वक सहयोग भी किया | कठिन समय की विभीषिकाओं से मिलजुल कर ही लड़ा जा सकता है और समूचे संघर्ष को लिखि...

सीमा शर्मा की कहानी चिलगोजे का तेल

  हाल के वर्षों में युवा कथा लेखिका सीमा शर्मा की कई कहानियों ने जिस तरह पाठकों से संवाद किया है , कथा जगत में एक आशा जगाने वाली घटना के बतौर उसे देखा जाने लगा है ।   यह बात उस संदर्भ में कही जा रही है कि सीमा की कहानियों का जो कंटेंट है वह थोड़ा अलहदा है । अलहदा इस सन्दर्भ में कि समाज में अलक्षित रह जाने वाली घटनाओं पर लेखिका की पैनी नजर गयी है और अपने आस पड़ोस की अनुभवजनित घटनाओं को उन्होंने कहानी में शिल्प और भाषायी स्तर पर एक नयी खूबसूरती प्रदान की है ।  चाहे उनकी कहानी  ' मैं रेजा और पच्चीस जून ' की बात करें , कहानी ' चरित्र प्रमाण ' की बात करें या यहाँ ली जा रही कहानी ' चिलगोजे का तेल ' की बात करें , इन सभी कहानियों में कथा रचना की एक नयी दृष्टि से पाठकों का परिचय होता है। अब तक सीमा की कहानियाँ कथादेश , परिकथा , इन्द्रप्रस्थ भारती , कथाक्रम , जनसत्ता , नया साहित्य निबंध सहित अन्य पत्रिकाओं में प्रकाशित होकर चर्चा पा चुकी हैं ।   उनकी कहानियां अपनी भाषा और कथ्य के साथ जिस तरह अपने समय से टकराती हैं , वह उन्हें पठनीय बनाती हैं।   कहानी में किसी महिला ले...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

'नेलकटर' उदयप्रकाश की लिखी मेरी पसंदीदा कहानी का पुनर्पाठ

उ दय प्रकाश मेरे पसंदीदा कहानी लेखकों में से हैं जिन्हें मैं सर्वाधिक पसंद करता हूँ। उनकी कई कहानियाँ मसलन 'पालगोमरा का स्कूटर' , 'वारेन हेस्टिंग्ज का सांड', 'तिरिछ' , 'रामसजीवन की प्रेम कथा' इत्यादि मेरी स्मृति में आज भी जीवंत रूप में विद्यमान हैं । हाल के दो तीन वर्षों में मैंने उनकी कहानी ' नींबू ' इंडिया टुडे साहित्य विशेषांक में पढ़ी थी जो संभवतः मेरे लिए उनकी अद्यतन कहानियों में आखरी थी । उसके बाद उनकी कोई नयी कहानी मैंने नहीं पढ़ी।वे हमारे समय के एक ऐसे कथाकार हैं जिनकी कहानियां खूब पढ़ी जाती हैं। चाहे कहानी की अंतर्वस्तु हो, कहानी की भाषा हो, कहानी का शिल्प हो या दिल को छूने वाली एक प्रवाह मान तरलता हो, हर क्षेत्र में उदय प्रकाश ने कहानी के लिए एक नई जमीन तैयार की है। मेर लिए उनकी लिखी सर्वाधिक प्रिय कहानी 'नेलकटर' है जो मां की स्मृतियों को लेकर लिखी गयी है। यह एक ऐसी कहानी है जिसे कोई एक बार पढ़ ले तो भाषा और संवेदना की तरलता में वह बहता हुआ चला जाए। रिश्तों में अचिन्हित रह जाने वाली अबूझ धड़कनों को भी यह कहानी बेआवाज सुनाने लग...

" रिजवान तुम अपना नोट बुक लेने कब आओगे?" रमेश शर्मा की चर्चित कहानी

इस कहानी पर हरियश राय जी अपनी  टिप्पणी में लिखते हैं - ‘ परिकथा ’ के सितम्बर-अक्टूबर   2020 अंक में प्रकाशित  रमेश शर्मा की कहानी ‘ रिजवान तुम अपना नोट बुक लेने कब आओगे ‘ कोरोना काल के संदर्भों पर लिखी गई एक विशिष्ट कहानी है। इस कहानी में रमेश शर्मा ने कोरोना काल में मजदूरों का पलायन और उस पलायन से उपजे दुःख को मानवीयता के साथ देखने की कोशिश की है। इस काल में पलायन से उपजे भयावह सन्दर्भों  को एक छोटी लड़की की नजर से देखते हुए कहानी सरकार के प्रति  एक नफरत का भाव पैदा करती है। देश बंदी के निर्णय के कारण लोगों के जीवन में अफरा-तफरी मची और आजीविका का संकट उनके सामने आ गया और उनके बीच से गुजरती हुई कहानी उनकी बेबसी को रेखांकित करती है। कहानी में एक फ्रीलांस रिपोर्टर , टाट से घिरी झोंपड़ी नुमा गुमटी में बैठकर भूली बिसरी बातों को याद करने की कोशिश करती है। वह झोपड़ी एक चाय बेचने वाले बाबा की है। वह बाबा अखबार उसके सामने रख देता है , जिसमें लिखा है कि ‘ समय के भीतर हाहाकार मचाता यह कैसा रुदन है कि कोई किसी का दर्द बांटने के लिए उससे बात भी न करे।...

आलोचक नन्द किशोर आचार्य का महत्वपूर्ण वक्तब्य : छत्तीसगढ़ साहित्य एकेडमी का आयोजन

  ब तौर आलोचक प्रभात त्रिपाठी किसी कविता के पास, किसी कहानी के पास या किसी उपन्यास के पास उसी अन्वेषण धर्मिता के साथ जाते हैं जिस तरह कि वे स्वयं की रचना के पास जाते हैं   -  आलोचक नंद किशोर आचार्य  आयोजन में बोलते हुए आलोचक नंदकिशोर आचार्य आलोचना का मतलब है आलोचन। पूर्णता से  उसको  समझने की कोशिश । अगर वो आप नहीं करते हैं , आपने यह तय कर लिया कि सिर्फ दाखिल करना है या खारिज करना है कि ये अच्छा कवि है या अच्छा कवि नहीं है तब तो आपके लिए कविता अन्वेषण नहीं है । आपके लिए कविता  अपने पूर्व निर्धारित विचारों का स्थापन भर है और उसके विरोध में आने वाले विचारों को खारिज करने का एक बहाना भर है।अच्छा आलोचक किसी को खारिज नहीं करता, वह उसमें से कुछ ढूँढ़ कर निकालता है और उस प्रक्रिया में आलोचना का जन्म होता है । प्रभात त्रिपाठी किसी पूर्व निर्धारित प्रतिमान को लेकर के या किसी पूर्व निर्धारित थियरी को लेकर के कविता के पास , कला के पास या उपन्यास के पास नहीं जाते । वे जाते हैं एक पाठक के रूप में उसी अन्वेषण धर्मिता के साथ जिसके साथ कि वे स्वयं अपनी रचना में ज...

रायगढ़ का कमला नेहरू पार्क : इतिहास और स्मृतियां Raigarh ka kamla neharu park: Itihas aur smritiyan

रायगढ़ के ह्रदय स्थल चक्रधर नगर चौक में स्थित है कमला नेहरू पार्क। यह पार्क शहर की जरूरतों के हिसाब से  वर्तमान में शहर के सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है | यहां बच्चे बूढ़े युवा सारे लोग सुबह शाम स्वास्थ्य और मानसिक तंदुरुस्ती के हिसाब से नियमित आते जाते हैं और यह जगह इस अवधि में गुलज़ार रहता है । मैं यहाँ से निकटस्थ किरोड़ीमल साइंस कॉलेज में सन 1983 में बी.एस-सी.में एडमिशन लिया था और एम.एस-सी.मैंने वहीं पूरी की । इन पांच छः सालों के दरमियान इस जगह के सामने की सड़क से होकर हम लोगों का अक्सर आना जाना होता था ।  यह पार्क उन दिनों उतना विकसित नहीं हुआ था इसलिए इसने इस तरह कभी मेरा ध्यान नहीं खींचा था । मैं बीच-बीच में भी कभी कभार वहां जाया करता था। आज 26 मार्च 2023 को बहुत दिनों  बाद वहां गया तो वहां के परिसर की सुंदरता देखकर मुझे बहुत खुशी हुई । इस पार्क को निर्मित हुए भी 35 साल गुजर चुके हैं और इन 35 सालों में इस शहर ने बहुत कुछ बदलाव देखा है।इसका निर्माण अस्सी के दशक में  हुआ और इसका रख रखाव नगर पालिका रायगढ़ के माध्यम से ही उस समय हुआ करती था। धीरे धीरे फिर इसका थोड़ा बहु...

कथायात्रा के टेढ़े मेढ़े रास्ते और समकालीन कहानी की परिधि में रमेश शर्मा की उपस्थिति - वरिष्ठ कथाकार उर्मिला आचार्य का आलेख

  कथायात्रा के टेढ़े मेढ़े रास्ते और समकालीन कहानी की परिधि में रमेश शर्मा की उपस्थिति -------------------------------------------------------------------------- -----------------------------------------                                - उर्मिला आचार्य कथा कहानी के इर्द गिर्द रचनाकार की उपस्थिति किस रूप में , किस तरह और कहाँ कहाँ हो सकती है , इसका आकलन करना दिलचस्प होते हुए भी एक दुरूह कार्य है । आकलन न कहते हुए अगर इसे शोध या कोई खोज पूर्ण कार्य कहा जाए तब भी हम इसे सामान्यीकृत नहीं कर रहे होते हैं । कथा लेखन करने के लिए लेखक जिस दुनिया में उतरता है , जिन रास्तों से होकर आगे बढ़ता है , उस दुनिया तक पहुँचने के लिए उन रास्तों से होकर गुजरे बिना हम लेखक का पीछा नहीं कर सकते । यहाँ पीछा करने के अपने निहितार्थ हैं जहाँ से हम लेखक को जानने समझने के लिए उन्हीं रास्तों से होकर गुजरते हैं जहाँ से लेखक अपनी कथायात्रा के साथ आगे बढ़ता है। ...

Gupta Vrindavan Puri Odisha Yatra गुप्त वृंदावन पुरी ओड़िसा यात्रा

पुरी के आसपास के दर्शनीय स्थलों में गुप्त वृंदावन , जिसे कि श्री गौर बिहार आश्रम, माता मठ के नाम से भी जाना जाता है , बहुत सुंदर जगहों में से एक है । यह पुरी के केमलिया सि-बीच से बहुत नजदीक है । जानकारी के अभाव में पुरी आकर भी पर्यटक इस जगह की यात्रा नहीं कर पाते । इस तरह एक सुंदर और ऐतिहासिक जगह से वे वंचित हो जाते हैं। इसलिए इस जगह के बारे में जानकारी प्राप्त करने की दृष्टि से इस आलेख को आप जरूर पढ़ें और यहां कभी जाने के सम्बंध में भी विचार करें ।यहां जो भी बातें मैं लिख रहा हूं, मेरे स्वयं के जीवंत अनुभवों पर ही सारी बारें  आधारित हैं । मैं पुरी की यात्रा पर 6 बार आ चुका हूं परंतु इस जगह के बारे में छठी यात्रा के दरमियान ही मुझे जानकारी मिली और हम लोग वहां पहुंच पाए । गुप्त वृंदावन में चैतन्य महाप्रभु की मूर्ति  पुरी ओडिशा के श्री गौर बिहार आश्रम /गुप्त वृंदावन  /माता मठ को बहुत आकर्षक और अच्छी तरह से सजाया गया है। यहां का माहौल बहुत शांत है साथ ही प्राकृतिक छटाओं से अत्यंत समृद्ध और परिपूर्ण है। यहां जब हम पहुंचे तो ऐसा लगा जैसे किसी तपोभूमि में हम पहुंच गए हैं। य...

देवेश पथ सारिया की कवितायेँ : कविता संग्रह 'नूह की नाव' से चुनी हुईं कविताओं का पाठ.

दे   वेश पथ सारिया हमारे समय के महत्वपूर्ण युवा कवियों में से एक हैं । हाल ही में भारतीय साहित्य अकादेमी  से उनकी कविताओं का एक संग्रह 'नूह की नाव' प्रकाशित हुआ है। इस संग्रह में बहुत सी कवितायेँ मुझे पसंद हैं । उनमें  से चुनी हुई छः कवितायेँ यहाँ प्रस्तुत हैं.   "देवेश की कविताओं में मूर्तमान होती चीजों में भी एक तरह से अमूर्त सा लगने वाला अति सूक्ष्म विवेचन है जो अमूमन हमारी नज़रों से छूट जाता   है । उन छूटी हुई चीजों से देवेश हमारा परिचय कराते हैं । उनकी कविताओं में चेतन अचेतन रूप में फैले हुए मानवीय जीवन के राग-विराग सह्सा इस तरह आने लगते हैं कि कई बार चकित होना पड़ता है । कवि के पास जीवन और बदलते समय को देखने परखने की एक अलहदा दृष्टि भी है जो इन कविताओं को पुष्ट करती है । उनकी कहन शैली से भी कविताओं में भाषिक सौन्दर्य उत्पन्न होता है"-  रमेश शर्मा   एक पहिये की साइकिल वाला बच्चा एक धूरी पर घूमती है सारी पृथ्वी यह बेहद मामूली लेकिन जरूरी पाठ मुझे फिर से याद आया था उस ताईवानी बच्चे को देखकर जो निकल पड़ा था चिंग हुआ यूनिवर्सिटी की व्...