सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

बच्चों की दुनिया से जुड़ी दो मजेदार कहानियाँ

 


1.मीठा जादूगर 

छुट्टी का दिन था | गाँव के बच्चे मैदान में खेल रहे थे | अचानक डमरू की आवाज सुनाई पड़ी तो बच्चे उछलकर चिल्लाने लगे - "जादू वाला आया ...जादू वाला आया |"

बच्चे उसकी ओर दौड़ पड़े | बच्चों ने उसे घेर लिया | बच्चे उसने कहने लगे - "बिसरन बाबा जादू दिखाओ ... बिसरन बाबा जादू दिखाओ |

अचानक रामू ने जादूगर से पूछा - "बिसरन बाबा आप इतने दिनों तक कहाँ थे ?"

"बिसरन बाबा क्या आपको हम बच्चों की याद नहीं आयी ?" - सुबोध ने बाबा से दूसरा सवाल कर दिया

जादूगर बहुत थका हुआ दिख रहा था | इस बार उसके शरीर पर साफ सुथरे कपड़े भी नहीं थे | वह देखने से बीमार भी लग रहा था | उसके पैरों में टूटी हुई चप्पल देखकर मीना को तकलीफ हुई  | वह भीतर से थोड़ा उदास महसूस करने लगी |

ज्यादातर बच्चों को जादू देखने से मतलब था | पर मीना चाह रही थी कि इस बार बिसरन बाबा को बच्चों की ओर से थोड़े पैसे मिल जाएं |

मीना ने सुनीता की तरफ इशारा करते हुए कहा - जादू देखने से पहले चलो हम सभी अपने-अपने घरों से कुछ पैसे ले आएं |

सुनीता ने बाक़ी बच्चों से भी घर से कुछ पैसे लाने को कहा  |

उसकी बातें सुन कुछ बच्चे घर की ओर दौड़े | कुछ बच्चे मैदान पर ही जमे रहे | उन्हें तो बस जादू देखने से ही मतलब था | इस बीच बिसरन बाबा ने अपना गमछा बिछाकर वहीं मैदान में अपना आसन बिछा लिया और वे थोड़ी देर वहीं लेट गए |

मीना घर से लौट आयी थी |

वहीं पास में दो बड़े बच्चे बातें कर रहे थे - "जादू देखने के लिए भला कौन पैसे देगा? हमने तो नहीं बुलाया | बिसरन बाबा अपनी इच्छा से गाँव आते हैं और जादू दिखाते हैं "

मीना ने उनकी बातें सुनीं | सुनकर उसे थोड़ा दुःख हुआ |

वह उन बच्चों से कहने लगी  - " बिसरन बाबा गरीब हैं | जरूरत मंद व्यक्ति हैं | जादू दिखाते हैं तो उसमें भी उन्हें मेहनत लगती है| मेहनत के बदले कुछ तो उन्हें मिलना चाहिए |"

इस बीच गोपाल आ गया | उसके हाथ में पांच रूपये का सिक्का था | मीना से वह कहने लगा - दीदी दीदी ! आज मैंने चाकलेट नहीं खरीदा |यह पैसे मैं बिसरन बाबा को दूँगा | उनका जादू मुझे अच्छा लगता है |

और भी बच्चे अपने अपने घरों से लौटने लगे | सबके हाथों में कुछ न कुछ पैसे थे | बिसरन बाबा ने अपना जादू का पिटारा खोल लिया |

उसने सबसे पहले रूमाल निकाला और कहने लगा - "जादू की रानी ! चल सभी बच्चों के लिए इस रूमाल से एक एक चाकलेट निकाल |"

बिसरन बाबा ने रूमाल पकड़कर  अपने हाथों को घुमाया | उस रूमाल से सचमुच तीस चालीस चाकलेट निकल आए |बच्चों को बहुत मजा आया | बच्चे जोर से ताली बजाने लगे |बिसरन बाबा ने सब बच्चों के हाथों में एक एक चाकलेट दिया और खाने को कहा | बच्चे चाकलेट खाने लगे | चाकलेट खाकर मीना जान गयी कि यह जादू नहीं है | यह सचमुच के चाकलेट हैं जो बिसरन बाबा बच्चों के लिए शहर से लेकर आए थे | सारे के सारे चाकलेट बच्चों से उनके प्रेम को दर्शा रहे थे  | बच्चों और बिसरन बाबा के बीच का प्रेम कितना मीठा हो गया था |

मीना ने बिसरन बाबा की तरफ देखकर कहा - "चाकलेट कितने मीठे हैं बाबा | आप तो एकदम मीठे जादूगर निकले |"


2.लापरवाह दोस्त

 

अनुराग को मम्मी ने कई बार समझाया कि परीक्षा के समय अपना नोटबुक किसी को नहीं दिया करते | उसने मम्मी की बातों को हमेशा हल्के में लिया |उसके कई दोस्त ऐसे थे जो नोटबुक बनाने में पूरी तरह लापरवाह थे|परीक्षा के ठीक पहले उन्हें याद आता कि पढ़ने के लिए नोटबुक कितने जरूरी हैं |

परीक्षा जब नजदीक आती तो लापरवाह दोस्तों को अनुराग याद आने लगता |

वे उससे नोटबुक लेते और फोटो कॉपी करवा कर झट से लौटा देते |

जल्दी लौटा देने के कारण उसे भी दोस्तों को नोटबुक देने में कोई असुविधा महसूस नहीं होती थी | आखिर वे सभी उसके करीबी दोस्त थे | दोस्तों की सहायता करनी चाहिए यह बात उसने अपनी दादी से सुन रखी थी |

दादी ने उसे कई किस्से सुना रखे थे | उनमें एक किस्सा यह था कि एक बार एक लड़की अपनी परीक्षा फीस भर नहीं पा रही थी तो सब सहेलियों ने मिलकर उसकी फीस भर दी थी | वह एक जिम्मेदार लड़की थी |उसे सब चाहते थे |वह  अपना हर काम बड़ी जिम्मेदारी से करती थी | ठीक परीक्षा के कुछ दिन पहले उसके पिता की जब मृत्यु हो गयी तो उस पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा| परिवार में कमाने वाला चला गया | घर की आर्थिक स्थिति खराब हो गयी | सहेलियों ने उसकी आर्थिक सहायता की थी और उस लड़की का भला हो गया था |यह किस्सा अनुराग के मन में घर कर गया था |उसके मन पर इस किस्सा का प्रभाव इतना गहरा था कि अपने साथियों की सहायता करना वह जरूरी समझने लगा था |

आखिर मम्मी नोटबुक देने से क्यों मना करती है ? यह सवाल उसे बेतुका लगता | किसी की सहायता कर देने में क्या बुराई है यह सोचकर वह मम्मी की बातें हमेशा टाल देता |

इस बार वह धोखा खा गया था | मम्मी की बातें आज उसे याद आने लगीं थीं | दादी भी अपनी जगह सही थी और मम्मी भी अपने जगह सही थी |बस उसने ही दोनों की बातों को ठीक से नहीं समझा था |

इस साल की वार्षिक परीक्षा के कुछ दिनों पूर्व एक दोस्त उसका नोटबुक मांगकर ले गया था | उसकी लापरवाही के कारण उसके घर के  एक छोटे बच्चे के हाथ वह नोटबुक लगी और उसने उस नोटबुक को खेलते-खेलते पास के कुँए में फेंक दिया | नोटबुक कुँए के पानी में भीगकर पानी के अन्दर चला गया था |

अनुराग की पूरी मेहनत पानी में मिल गयी थी | दोस्त का तो कोई नुकसान नहीं हुआ पर नोटबुक नष्ट हो जाने की वजह से अनुराग परेशान हो उठा था  |

उसे इस घटना से सबक मिली कि सहायता जरूर करो पर उसकी सहायता करो जो उस सहायता के योग्य हो |

दादी के किस्से में सहायता करने की बात जरूर थी पर उस किस्से में यह बात भी छुपी थी कि सहायता हमेशा  योग्य व्यक्ति की ही की जानी चाहिए जो उसका हकदार हो | मम्मी की बातों में यह रहस्य था कि सहायता करने में कहीं ऐसा न हो कि हम खुद का कोई नुकसान करा बैठें | बिना सोचे समझे सहायता करने की वजह से अनुराग ने आज खुद का नुकसान करा लिया था |

आज उसके खुद के अनुभव ने मम्मी और दादी की बातों को गहराई से समझने की एक नयी दृष्टि उसे दे दी थी |

उसने सोचा कि आगे वह उन्हीं दोस्तों की सहायता करेगा जो जिम्मेदारी पूर्वक उस सहायता की इज्जत रखेंगे |

 

 

 

- रमेश शर्मा

92 श्रीकुंज , बोईरदादर , रायगढ़ (छत्तीसगढ़) पिन 496001

मो. 7722975017

 


 

 

टिप्पणियाँ

इन्हें भी पढ़ते चलें...

'कोरोना की डायरी' का विमोचन

"समय और जीवन के गहरे अनुभवों का जीवंत दस्तावेजीकरण हैं ये विविध रचनाएं"    छत्तीसगढ़ मानव कल्याण एवं सामाजिक विकास संगठन जिला इकाई रायगढ़ के अध्यक्ष सुशीला साहू के सम्पादन में प्रकाशित किताब 'कोरोना की डायरी' में 52 लेखक लेखिकाओं के डायरी अंश संग्रहित हैं | इन डायरी अंशों को पढ़ते हुए हमारी आँखों के सामने 2020 और 2021 के वे सारे भयावह दृश्य आने लगते हैं जिनमें किसी न किसी रूप में हम सब की हिस्सेदारी रही है | किताब के सम्पादक सुश्री सुशीला साहू जो स्वयं कोरोना से पीड़ित रहीं और एक बहुत कठिन समय से उनका बावस्ता हुआ ,उन्होंने बड़ी शिद्दत से अपने अनुभवों को शब्दों का रूप देते हुए इस किताब के माध्यम से साझा किया है | सम्पादकीय में उनके संघर्ष की प्रतिबद्धता  बड़ी साफगोई से अभिव्यक्त हुई है | सुशीला साहू की इस अभिव्यक्ति के माध्यम से हम इस बात से रूबरू होते हैं कि किस तरह इस किताब को प्रकाशित करने की दिशा में उन्होंने अपने साथी रचनाकारों को प्रेरित किया और किस तरह सबने उनका उदारता पूर्वक सहयोग भी किया | कठिन समय की विभीषिकाओं से मिलजुल कर ही लड़ा जा सकता है और समूचे संघर्ष को लिखि...

सीमा शर्मा की कहानी चिलगोजे का तेल

  हाल के वर्षों में युवा कथा लेखिका सीमा शर्मा की कई कहानियों ने जिस तरह पाठकों से संवाद किया है , कथा जगत में एक आशा जगाने वाली घटना के बतौर उसे देखा जाने लगा है ।   यह बात उस संदर्भ में कही जा रही है कि सीमा की कहानियों का जो कंटेंट है वह थोड़ा अलहदा है । अलहदा इस सन्दर्भ में कि समाज में अलक्षित रह जाने वाली घटनाओं पर लेखिका की पैनी नजर गयी है और अपने आस पड़ोस की अनुभवजनित घटनाओं को उन्होंने कहानी में शिल्प और भाषायी स्तर पर एक नयी खूबसूरती प्रदान की है ।  चाहे उनकी कहानी  ' मैं रेजा और पच्चीस जून ' की बात करें , कहानी ' चरित्र प्रमाण ' की बात करें या यहाँ ली जा रही कहानी ' चिलगोजे का तेल ' की बात करें , इन सभी कहानियों में कथा रचना की एक नयी दृष्टि से पाठकों का परिचय होता है। अब तक सीमा की कहानियाँ कथादेश , परिकथा , इन्द्रप्रस्थ भारती , कथाक्रम , जनसत्ता , नया साहित्य निबंध सहित अन्य पत्रिकाओं में प्रकाशित होकर चर्चा पा चुकी हैं ।   उनकी कहानियां अपनी भाषा और कथ्य के साथ जिस तरह अपने समय से टकराती हैं , वह उन्हें पठनीय बनाती हैं।   कहानी में किसी महिला ले...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

'नेलकटर' उदयप्रकाश की लिखी मेरी पसंदीदा कहानी का पुनर्पाठ

उ दय प्रकाश मेरे पसंदीदा कहानी लेखकों में से हैं जिन्हें मैं सर्वाधिक पसंद करता हूँ। उनकी कई कहानियाँ मसलन 'पालगोमरा का स्कूटर' , 'वारेन हेस्टिंग्ज का सांड', 'तिरिछ' , 'रामसजीवन की प्रेम कथा' इत्यादि मेरी स्मृति में आज भी जीवंत रूप में विद्यमान हैं । हाल के दो तीन वर्षों में मैंने उनकी कहानी ' नींबू ' इंडिया टुडे साहित्य विशेषांक में पढ़ी थी जो संभवतः मेरे लिए उनकी अद्यतन कहानियों में आखरी थी । उसके बाद उनकी कोई नयी कहानी मैंने नहीं पढ़ी।वे हमारे समय के एक ऐसे कथाकार हैं जिनकी कहानियां खूब पढ़ी जाती हैं। चाहे कहानी की अंतर्वस्तु हो, कहानी की भाषा हो, कहानी का शिल्प हो या दिल को छूने वाली एक प्रवाह मान तरलता हो, हर क्षेत्र में उदय प्रकाश ने कहानी के लिए एक नई जमीन तैयार की है। मेर लिए उनकी लिखी सर्वाधिक प्रिय कहानी 'नेलकटर' है जो मां की स्मृतियों को लेकर लिखी गयी है। यह एक ऐसी कहानी है जिसे कोई एक बार पढ़ ले तो भाषा और संवेदना की तरलता में वह बहता हुआ चला जाए। रिश्तों में अचिन्हित रह जाने वाली अबूझ धड़कनों को भी यह कहानी बेआवाज सुनाने लग...

" रिजवान तुम अपना नोट बुक लेने कब आओगे?" रमेश शर्मा की चर्चित कहानी

इस कहानी पर हरियश राय जी अपनी  टिप्पणी में लिखते हैं - ‘ परिकथा ’ के सितम्बर-अक्टूबर   2020 अंक में प्रकाशित  रमेश शर्मा की कहानी ‘ रिजवान तुम अपना नोट बुक लेने कब आओगे ‘ कोरोना काल के संदर्भों पर लिखी गई एक विशिष्ट कहानी है। इस कहानी में रमेश शर्मा ने कोरोना काल में मजदूरों का पलायन और उस पलायन से उपजे दुःख को मानवीयता के साथ देखने की कोशिश की है। इस काल में पलायन से उपजे भयावह सन्दर्भों  को एक छोटी लड़की की नजर से देखते हुए कहानी सरकार के प्रति  एक नफरत का भाव पैदा करती है। देश बंदी के निर्णय के कारण लोगों के जीवन में अफरा-तफरी मची और आजीविका का संकट उनके सामने आ गया और उनके बीच से गुजरती हुई कहानी उनकी बेबसी को रेखांकित करती है। कहानी में एक फ्रीलांस रिपोर्टर , टाट से घिरी झोंपड़ी नुमा गुमटी में बैठकर भूली बिसरी बातों को याद करने की कोशिश करती है। वह झोपड़ी एक चाय बेचने वाले बाबा की है। वह बाबा अखबार उसके सामने रख देता है , जिसमें लिखा है कि ‘ समय के भीतर हाहाकार मचाता यह कैसा रुदन है कि कोई किसी का दर्द बांटने के लिए उससे बात भी न करे।...

आलोचक नन्द किशोर आचार्य का महत्वपूर्ण वक्तब्य : छत्तीसगढ़ साहित्य एकेडमी का आयोजन

  ब तौर आलोचक प्रभात त्रिपाठी किसी कविता के पास, किसी कहानी के पास या किसी उपन्यास के पास उसी अन्वेषण धर्मिता के साथ जाते हैं जिस तरह कि वे स्वयं की रचना के पास जाते हैं   -  आलोचक नंद किशोर आचार्य  आयोजन में बोलते हुए आलोचक नंदकिशोर आचार्य आलोचना का मतलब है आलोचन। पूर्णता से  उसको  समझने की कोशिश । अगर वो आप नहीं करते हैं , आपने यह तय कर लिया कि सिर्फ दाखिल करना है या खारिज करना है कि ये अच्छा कवि है या अच्छा कवि नहीं है तब तो आपके लिए कविता अन्वेषण नहीं है । आपके लिए कविता  अपने पूर्व निर्धारित विचारों का स्थापन भर है और उसके विरोध में आने वाले विचारों को खारिज करने का एक बहाना भर है।अच्छा आलोचक किसी को खारिज नहीं करता, वह उसमें से कुछ ढूँढ़ कर निकालता है और उस प्रक्रिया में आलोचना का जन्म होता है । प्रभात त्रिपाठी किसी पूर्व निर्धारित प्रतिमान को लेकर के या किसी पूर्व निर्धारित थियरी को लेकर के कविता के पास , कला के पास या उपन्यास के पास नहीं जाते । वे जाते हैं एक पाठक के रूप में उसी अन्वेषण धर्मिता के साथ जिसके साथ कि वे स्वयं अपनी रचना में ज...

रायगढ़ का कमला नेहरू पार्क : इतिहास और स्मृतियां Raigarh ka kamla neharu park: Itihas aur smritiyan

रायगढ़ के ह्रदय स्थल चक्रधर नगर चौक में स्थित है कमला नेहरू पार्क। यह पार्क शहर की जरूरतों के हिसाब से  वर्तमान में शहर के सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है | यहां बच्चे बूढ़े युवा सारे लोग सुबह शाम स्वास्थ्य और मानसिक तंदुरुस्ती के हिसाब से नियमित आते जाते हैं और यह जगह इस अवधि में गुलज़ार रहता है । मैं यहाँ से निकटस्थ किरोड़ीमल साइंस कॉलेज में सन 1983 में बी.एस-सी.में एडमिशन लिया था और एम.एस-सी.मैंने वहीं पूरी की । इन पांच छः सालों के दरमियान इस जगह के सामने की सड़क से होकर हम लोगों का अक्सर आना जाना होता था ।  यह पार्क उन दिनों उतना विकसित नहीं हुआ था इसलिए इसने इस तरह कभी मेरा ध्यान नहीं खींचा था । मैं बीच-बीच में भी कभी कभार वहां जाया करता था। आज 26 मार्च 2023 को बहुत दिनों  बाद वहां गया तो वहां के परिसर की सुंदरता देखकर मुझे बहुत खुशी हुई । इस पार्क को निर्मित हुए भी 35 साल गुजर चुके हैं और इन 35 सालों में इस शहर ने बहुत कुछ बदलाव देखा है।इसका निर्माण अस्सी के दशक में  हुआ और इसका रख रखाव नगर पालिका रायगढ़ के माध्यम से ही उस समय हुआ करती था। धीरे धीरे फिर इसका थोड़ा बहु...

Gupta Vrindavan Puri Odisha Yatra गुप्त वृंदावन पुरी ओड़िसा यात्रा

पुरी के आसपास के दर्शनीय स्थलों में गुप्त वृंदावन , जिसे कि श्री गौर बिहार आश्रम, माता मठ के नाम से भी जाना जाता है , बहुत सुंदर जगहों में से एक है । यह पुरी के केमलिया सि-बीच से बहुत नजदीक है । जानकारी के अभाव में पुरी आकर भी पर्यटक इस जगह की यात्रा नहीं कर पाते । इस तरह एक सुंदर और ऐतिहासिक जगह से वे वंचित हो जाते हैं। इसलिए इस जगह के बारे में जानकारी प्राप्त करने की दृष्टि से इस आलेख को आप जरूर पढ़ें और यहां कभी जाने के सम्बंध में भी विचार करें ।यहां जो भी बातें मैं लिख रहा हूं, मेरे स्वयं के जीवंत अनुभवों पर ही सारी बारें  आधारित हैं । मैं पुरी की यात्रा पर 6 बार आ चुका हूं परंतु इस जगह के बारे में छठी यात्रा के दरमियान ही मुझे जानकारी मिली और हम लोग वहां पहुंच पाए । गुप्त वृंदावन में चैतन्य महाप्रभु की मूर्ति  पुरी ओडिशा के श्री गौर बिहार आश्रम /गुप्त वृंदावन  /माता मठ को बहुत आकर्षक और अच्छी तरह से सजाया गया है। यहां का माहौल बहुत शांत है साथ ही प्राकृतिक छटाओं से अत्यंत समृद्ध और परिपूर्ण है। यहां जब हम पहुंचे तो ऐसा लगा जैसे किसी तपोभूमि में हम पहुंच गए हैं। य...

कथायात्रा के टेढ़े मेढ़े रास्ते और समकालीन कहानी की परिधि में रमेश शर्मा की उपस्थिति - वरिष्ठ कथाकार उर्मिला आचार्य का आलेख

  कथायात्रा के टेढ़े मेढ़े रास्ते और समकालीन कहानी की परिधि में रमेश शर्मा की उपस्थिति -------------------------------------------------------------------------- -----------------------------------------                                - उर्मिला आचार्य कथा कहानी के इर्द गिर्द रचनाकार की उपस्थिति किस रूप में , किस तरह और कहाँ कहाँ हो सकती है , इसका आकलन करना दिलचस्प होते हुए भी एक दुरूह कार्य है । आकलन न कहते हुए अगर इसे शोध या कोई खोज पूर्ण कार्य कहा जाए तब भी हम इसे सामान्यीकृत नहीं कर रहे होते हैं । कथा लेखन करने के लिए लेखक जिस दुनिया में उतरता है , जिन रास्तों से होकर आगे बढ़ता है , उस दुनिया तक पहुँचने के लिए उन रास्तों से होकर गुजरे बिना हम लेखक का पीछा नहीं कर सकते । यहाँ पीछा करने के अपने निहितार्थ हैं जहाँ से हम लेखक को जानने समझने के लिए उन्हीं रास्तों से होकर गुजरते हैं जहाँ से लेखक अपनी कथायात्रा के साथ आगे बढ़ता है। ...

जैनेंद्र कुमार की कहानी 'अपना अपना भाग्य' और मन में आते जाते कुछ सवाल

कहानी 'अपना अपना भाग्य' की कसौटी पर समाज का चरित्र कितना खरा उतरता है इस विमर्श के पहले जैनेंद्र कुमार की कहानी अपना अपना भाग्य पढ़ते हुए कहानी में वर्णित भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के जीवंत दृश्य कहानी से हमें जोड़ते हैं। यह जुड़ाव इसलिए घनीभूत होता है क्योंकि हमारी संवेदना उस कहानी से जुड़ती चली जाती है । पहाड़ी क्षेत्र में रात के दृश्य और कड़ाके की ठंड के बीच एक बेघर बच्चे का शहर में भटकना पाठकों के भीतर की संवेदना को अनायास कुरेदने लगता है। कहानी अपने साथ कई सवाल छोड़ती हुई चलती है फिर भी जैनेंद्र कुमार ने इन दृश्यों, घटनाओं के माध्यम से कहानी के प्रवाह को गति प्रदान करने में कहानी कला का बखूबी उपयोग किया है। कहानीकार जैनेंद्र कुमार  अभावग्रस्तता , पारिवारिक गरीबी और उस गरीबी की वजह से माता पिता के बीच उपजी बिषमताओं को करीब से देखा समझा हुआ एक स्वाभिमानी और इमानदार गरीब लड़का जो घर से कुछ काम की तलाश में शहर भाग आता है और समाज के संपन्न वर्ग की नृशंस उदासीनता झेलते हुए अंततः रात की जानलेवा सर्दी से ठिठुर कर इस दुनिया से विदा हो जाता है । संपन्न समाज ऎसी घटनाओं को भाग्य से ज...