सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

"वे खोज रहे थे अपने हिस्से का प्रेम": अपने समय और परिवेश को अभिव्यक्त करती कविताएं - डॉ. नीलोत्पल रमेश , Ve khoj rahe the apne hisse ka prem :Poetry book of Ramesh sharma

"वे खोज रहे थे अपने हिस्से का प्रेम" कवि कथाकार रमेश शर्मा का पहला कविता संग्रह है। इनके अब तक तीन कहानी संग्रह भी  प्रकाशित हो चुके हैं, पहला 'मुक्ति' ( 2013 ई.), दूसरा 'एक मरती हुई आवाज' ( 2019 ई.) और तीसरा "उस घर की आंखों से"(2021ई.)।  इस संग्रह में रमेश शर्मा की 64 कविताएं संकलित हैं । ये  कविताएं देश की महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होकर प्रशंसित हो चुकी हैं।कवि ने  इन कविताओं में अपने समय को ही अभिव्यक्त करने की कोशिश की है। कवि जिस परिवेश और समय में रह रहा है उसे ही इन कविताओं में अभिव्यक्ति मिली है। कवि को इसमें कहीं से हड़बड़ी नहीं दिखाई पड़ती है, वह आराम से दुनिया की चकाचौंध से बेखबर अपनी कविताओं में लीन है। ये कविताएं हमारे आसपास और नजरों के सामने घटित होती दिख रही हैं। रमेश शर्मा ने वर्तमान दौर के सारे विषयों को अपनी कविताओं का माध्यम बनाया है, जिसमें शहर, गांव, मित्र, प्रेम, पिता, किसान, माँ, पहाड़, प्रेमिका, लड़कियां आदि सबकुछ समाहित हैं । इन्हीं चीजों के संयोग से कवि की कविताएं निर्मित हुई हैं।  'वे खोज रहे थे अपने हिस्से का प्रेम' कविता के माध्यम से रमेश शर्मा ने अपने प्रेम के बहाने अपने अस्तित्व को ही खोजने की कोशिश की है। इस धरती पर गुमी हुई वस्तुओं की लंबी लिस्ट है जिसे खोजने की आवश्यकता है। 

अगर इन्हें खोजा नहीं गया तो वह दिन दूर नहीं कि आदमी का अस्तित्व ही ना रहे, फिर तो आदमी पुतला बनकर ही रह जाएगा। उसकी धरती, उसके सपने, उसका प्रेम,सब कुछ खत्म हो जाएगा, इसलिए कवि ने अपने प्रेम के बहाने इन्हें खोजने की कोशिश की है।वह कहता है- 

वे खोज रहे थे 

उस धरती को 

जो कभी उनकी थी 

उस उजाले को 

जो कभी उनका था 

उस प्रेम को 

जिस में डूब कर वे जीते आ रहे थे अब तक! 


उनके हिस्से में 

कुछ भी तो नहीं था अपना कहने को 

जैसे सब कुछ गुम हो चुका था इसी धरती पर कहीं 

जैसे सब कुछ अपहृत कर लिया था किसी ने !


'क्या किसी दिन ऐसा होगा' कविता के माध्यम से कवि ने समय की गति के साथ सब कुछ बदलते हुए देखा है और अपने पुराने दिनों के लौट आने की उम्मीद किए हुए हैं, ताकि समाज में बदलते परिवेश से निजात पाया जा सके । बहुत ही तेजी से हमारे समाज में दंगे, हत्याएं और बलात्कार की घटनाओं में इजाफा हुआ है जिसके चलते कवि अपने पुराने दिनों को वापस लाने की वकालत करता है, यहां तक कि स्कूल के दिनों में लौट जाना चाहता है ताकि दुनिया का एक नया भूगोल निर्मित हो सके। कवि ने इसे इस तरह से व्यक्त किया है- 


फिर भी सोचता हूं किसी दिन ऐसा हो जाए शायद 

और दुनिया का एक नया भूगोल आकार लेने लगे 

तो कितना अच्छा हो 

कि किसी दिन हम फिर से मिलें

और मेरे घर का रास्ता तुम्हारे घर के रास्ते से होकर गुजरे

कितना अच्छा हो कि हम सुबह-सुबह उठें

और वह दिन हम सबकी देहरी में हमारा इन्तजार करता हुआ मिले!

             कवि कथाकार समीक्षक डॉ. नीलोत्पल रमेश

माँ कविता के माध्यम से कवि ने किसी भी घर में माँ की अहमियत को सिद्ध करने की कोशिश की है। माँ के होने मात्र से घर में खुशियां छाई रहती हैं। उसके चले जाने के बाद एक ही घर में कई-कई घर बन जाते हैं। भाई-भाई आपस में बात नहीं करते हैं, मानो एक रिश्ते की डोर को संभालने वाली माँ का नहीं रहना बहुत कुछ कर जाता है। माँ के होने मात्र से कई-कई रास्ते स्वयं खुलते चले जाते थे। कवि ने माँ के जाने के बाद की स्थितियों का इस प्रकार वर्णन किया है- 

उसका जाना 

बंद हो जाना था उन रास्तों का भी 

घर के भीतर कई-कई घरों का बन जाना था 

असमय इस घर से इस तरह उसका हमें छोड़ कर जाना ! 


हिस्सा कविता के माध्यम से कवि ने झूठ और फरेब की मायावी दुनिया निर्मित करने वालों के असली चेहरे को उजागर करने की कोशिश की है। हमारे देश में ऐसे लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है जो देश को अशांत करने की कोशिश कर रहे हैं | वर्षों से अमन चैन की जिंदगी बसर करने वालों के दिलों में दरार डाल रहे हैं । उन्हें झूठ और फरेब के सहारे राष्ट्र से बेदखल करने का प्रयास कर रहे हैं । वे अपने चेहरे पर नकली राष्ट्रवाद का नकाब पहने घूम रहे हैं । कवि ने इसे इस तरह अभिव्यक्त किया है- 


बहस भी ऐसी कि शक्लो सूरत से परे 

न ही कोई ओर छोर  

फिर भी एक शक्ल गढ़ी जाती है 

गढ़ी जाती है एक मूरत 

झूठ और फरेब हाथ-पांव बन जाते जिसके 

और चेहरे पर चढ़ा दी जाती आहिस्ता 

नकली राष्ट्रवादी नक़ाब 

जो लोगों को रह रहकर लगाती डराने ! 


चिट्ठियां कविता के माध्यम से कवि ने चिट्ठियों की अहमियत को बताया है। चिट्टियां रिश्तों  को बचाए रखने में सक्षम थीं | इसमें लोग अपने रिश्ते को साफ साफ महसूस करते थे, लेकिन अब चिठ्ठियों की जगह मोबाइल के मैसेज ने ले लिया है। जिस तरह से हम मोबाइल पर मैसेज लिखते और डिलीट करते हैं, उसी तरह से हम अपने रिश्तो को भी डिलीट करते जा रहे हैं| चिट्टियां अब धरोहर हो गई हैं। आने वाले बच्चे इसके बारे में सिर्फ पढेंगे और उसे जानने की कोशिश करेंगे। कवि ने इसे इस प्रकार लिखा है- 

जबकि चिट्ठी लिखना तो दूर 

ठीक-ठीक यह भी नहीं पता अब तो 

कि किस युग में लिखी जाती रही होंगी चिट्टियां 

तब यह समझाना और भी कठिन 

कि चिट्टियां रिश्तों की विरासत हुआ करती थीं  

जहां हाथ से लिखे अक्षरों में 

रिश्तों की धडकनें साफ-साफ सुनी जा सकती थीं ! 


बाजार कविता के माध्यम से कवि ने बाजार की गिरफ्त में फंसती दुनिया की विवशता को दिखाया है। यह बाजार, हमारे आसपास की बात कौन कहे, हमारे घरों में घुस गया है| हम पूरी तरह से बाजारवाद की गिरफ्त में जकड़ते चले जा रहे हैं| चाहकर भी हम इससे बाहर नहीं निकल सकते । हमारी कई इच्छाएं जन्म लेती हैं और मर जाती हैं, लेकिन बाजार उन्हें जिंदा कर देता है। उसे पूरी तरह से मनुष्य की इच्छाओं का पता है। इन्हीं इच्छाओं के बल पर बाजार ने पूरी दुनिया को अपने चंगुल में फंसा लिया है| कवि ने लिखा है- 


जाना यह भी 

कि कई इच्छाएं तो जन्म लेती हैं और मर भी जाती हैं अचानक 

पर चारों तरफ फैला बाजार 

उन्हें फिर से जिंदा करने की जुगत में लगा रहता है निरंतर 

लगा रहता है इस बात को हवा देने में 

कि अनंत हैं मनुष्य की इच्छाएं 

क्योंकि बाजार को पता है 

इच्छाओं के बिना उसका धंधा नहीं चलता ! 


'बचाने आ रहे हैं हत्यारे' कविता के माध्यम से कवि ने उस आभासी दुनिया का जिक्र किया है जिसमें लोगों की सोच ही बदल गई है। इस बदलती सोच के कारण ही लोगों को, अनपढ़ पढ़े लिखे और हत्यारे रक्षक लगने लगे हैं ।अब ऐसे ही माहौल में लोग जीने को अभिशप्त होते जा रहे हैं।  कवि ने लिखा है- 

आपको खुश होता देख 

मिटने लगे हैं भेद  

अनपढ़ पढ़े-लिखे लगने लगे हैं 

और हत्यारे लगने लगे हैं रक्षक !


'प्रेम करने वाली लड़की' कविता के माध्यम से कवि ने उस लड़की का जिक्र किया है जो प्रेम करती थी और प्रेम के बदले नियति जो देती आ रही थी सजा, उसी के बदले उसे मिली थी मौत! मानो प्रेम करने की सजा समाज ने मुकर्रर कर दी हो । उसे उसके नाम से लोग नहीं जानते थे, जानते थे तो सिर्फ प्रेम करने वाली लड़की के नाम से। जो अब घर की दीवारों पर टंगी तस्वीरों में ही रह गई है।कवि को अफसोस है कि वह अपने नाम से कभी नहीं पुकारी गई। इसे कवि ने इस प्रकार अभिव्यक्त किया है- 

वह बेनाम नहीं थी पर उस दिन हो गई बेनाम 

जब उतरकर लोगों की जुबान से 

चली गई चुपचाप अपनी दुनिया में 

जहां जाते हैं प्रेम करने वाले 

टंगी हैं तस्वीरें अब भी घर में 

पर अरसा हो गया 

कि तस्वीरों वाली लड़की के नाम से पुकारी गई हो कभी !

'काम वाली केतकी बाई' कविता के माध्यम से कवि ने काम करने वाली केतकी के श्रम और जीवटता का वर्णन किया है| केतकी बाई का दिन कैसे गुजर जाता है उसे स्वयं भी पता नहीं चलता | अपने घर की गाड़ी ठीक तरह से चले, इसके लिए वह सुबह से शाम तक दूसरों के घरों में ही काम करती रहती है, फिर भी वह लोगों की निगाह में अपनी पुख्ता जगह नहीं बना पाती है| कवि ने इसे  इस प्रकार अभिव्यक्त किया है- 


केतकी बाई ! 

जीवन की धरती पर गहरे धंसी हैं तुम्हारी जड़ें फिर भी 

समय के आईने में ठूँठ सी लगती हो क्यों? 

जबकि तुम्हें तो मॉडल नहीं 

रोल मॉडल होना चाहिए हमारे समय का ! 

'कबरा पहाड़' कविता के माध्यम से कवि ने रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के निकट स्थित प्रागैतिहासिक काल के शैल चित्रों से समृद्ध पुरातात्विक धरोहर को बचाने की अपील की है। यह धरोहर देख-रेख के अभाव में धीरे-धीरे नष्ट होने के कगार पर पहुंच गया है। इससे जुड़ी हुई हैं कई यादें| इसकी पीठ पर उकेरे गए चित्र मनुष्य के हजारों वर्ष पूर्व मौजूद होने के प्रमाण हैं । कवि ने इसे इस प्रकार लिखा है- 

जिन्होंने फेरा था उसकी पीठ पर हाथ 

और हजारों वर्ष पूर्व अपनी कलाओं से 

दिया था मनुष्य होने का सबूत 

कोई मोल उनका नहीं रहा अब जैसे 

मानो लौट आया हो कोई बर्बर युग फिर से 

सभ्यताओं का संहार करने के लिए ! 


पलायन कविता के माध्यम से कवि ने मजदूरों के पलायन की ओर पाठकों का ध्यान आकर्षित किया है । ये मजदूर अपनी जड़ों को छोड़कर रोजी-रोजगार के लिए अन्य प्रदेशों में चले जाते हैं, जहां रात-दिन मेहनत करते हैं । इनकी मेहनत की बदौलत वहां के लोग मालामाल होते जा रहे हैं ।कवि ने इसे इस तरह से लिखा है- 


ढोते हुए सवालों को साथ-साथ 

उतरते हैं वे इलाहाबाद और गाजीपुर की ईंट भट्टियों में 

और बदल जाते हैं दो टांगें और दो हाथ वाले आदमी में अचानक 

झोंक कर उन्हें 

जहां खड़ी की जाती हैं अर्थ की ऊंची मीनारें !


'वे खोज रहे थे अपने हिस्से का प्रेम' कविता संग्रह के माध्यम से कवि रमेश शर्मा ने मनुष्यों के भीतर प्रेम के गायब होते चले जाने की ओर पाठकों का ध्यान आकर्षित किया है, जिसे आज बचाने की जरूरत है । प्रेम के सहारे ही इस दुनिया को रंगीन बनाया जा सकता है।प्रेम है तो सब कुछ है, नहीं है तो पूरी दुनिया निरर्थक है। इस संग्रह की कविताएं बहुत पठनीय हैं ।



कविता संग्रह - वे खोज रहे थे अपने हिस्से का प्रेम

कवि - रमेश शर्मा

प्रकाशक- अधिकरण प्रकाशन नई दिल्ली-110094

मूल्य 150 रूपये, पृष्ठ-128, प्रकाशन वर्ष-2019 


---------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

डॉ.  नीलोत्पल रमेश  की कविताएं , कहानियां एवं समीक्षाएं हंस ,  पाखी  , शिवना साहित्यिकी, गगनांचल, सुसम्भाव्य इत्यादि प्रमुख पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं। उनकी यह समीक्षा छत्तीसगढ़ मित्र पत्रिका में प्रकाशित हुई थी।

'कसौटी के दायरे में' उनकी समीक्षाओं की किताब है । इसके अलावा कथावृत्त, कसौटी पर कविताएं,बारूद की फसलें उनकी चर्चित किताबें हैं।

संपर्क : पुराना शिव मंदिर , बुध बाजार , गिद्दी -ए , जिला - हजारीबाग - 829108  ( झारखंड ) मो. 9931117537, 

8709791120

ईमेल - neelotpalramesh@gmail.com  

टिप्पणियाँ

  1. रमेश शर्मा जी की कविताएं अपने समय को रेखांकित करती है। मानवीय मूल्यों के पक्षधर उनकी कविताएं इतनी सरल-सहज, बोधगम्य एवं सम्प्रेषित हैं कि अलग से व्याख्या करने की आवश्यकता महसूस नहीं होती। रमेश शर्मा की कविताओं में बिम्बों की दूरुहता और कृत्रिमता कहीं नहीं है। सार्थक सुंदर समीक्षा के लिए डाँ. निलोत्पल रेमश जी को हार्दिक बधाईयां।

    जवाब देंहटाएं
  2. एक प्रतिभाशाली कवि की कविताओं पर डॉ.नीलोत्पल रमेश जी की यह समीक्षा बहुत अच्छी लगी। इस समीक्षा से कविताओं को समझने बूझने में आसानी हुई खासकर शीर्षक कविता 'वे खोज रहे थे अपने हिस्से का प्रेम' को। बधाई हमारी।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. इस प्रेरक टिप्पणी के लिए चेतन विश्वकीर्ति जी आपका हार्दिक शुक्रिया।

      हटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इन्हें भी पढ़ते चलें...

'कोरोना की डायरी' का विमोचन

"समय और जीवन के गहरे अनुभवों का जीवंत दस्तावेजीकरण हैं ये विविध रचनाएं"    छत्तीसगढ़ मानव कल्याण एवं सामाजिक विकास संगठन जिला इकाई रायगढ़ के अध्यक्ष सुशीला साहू के सम्पादन में प्रकाशित किताब 'कोरोना की डायरी' में 52 लेखक लेखिकाओं के डायरी अंश संग्रहित हैं | इन डायरी अंशों को पढ़ते हुए हमारी आँखों के सामने 2020 और 2021 के वे सारे भयावह दृश्य आने लगते हैं जिनमें किसी न किसी रूप में हम सब की हिस्सेदारी रही है | किताब के सम्पादक सुश्री सुशीला साहू जो स्वयं कोरोना से पीड़ित रहीं और एक बहुत कठिन समय से उनका बावस्ता हुआ ,उन्होंने बड़ी शिद्दत से अपने अनुभवों को शब्दों का रूप देते हुए इस किताब के माध्यम से साझा किया है | सम्पादकीय में उनके संघर्ष की प्रतिबद्धता  बड़ी साफगोई से अभिव्यक्त हुई है | सुशीला साहू की इस अभिव्यक्ति के माध्यम से हम इस बात से रूबरू होते हैं कि किस तरह इस किताब को प्रकाशित करने की दिशा में उन्होंने अपने साथी रचनाकारों को प्रेरित किया और किस तरह सबने उनका उदारता पूर्वक सहयोग भी किया | कठिन समय की विभीषिकाओं से मिलजुल कर ही लड़ा जा सकता है और समूचे संघर्ष को लिखि...

सीमा शर्मा की कहानी चिलगोजे का तेल

  हाल के वर्षों में युवा कथा लेखिका सीमा शर्मा की कई कहानियों ने जिस तरह पाठकों से संवाद किया है , कथा जगत में एक आशा जगाने वाली घटना के बतौर उसे देखा जाने लगा है ।   यह बात उस संदर्भ में कही जा रही है कि सीमा की कहानियों का जो कंटेंट है वह थोड़ा अलहदा है । अलहदा इस सन्दर्भ में कि समाज में अलक्षित रह जाने वाली घटनाओं पर लेखिका की पैनी नजर गयी है और अपने आस पड़ोस की अनुभवजनित घटनाओं को उन्होंने कहानी में शिल्प और भाषायी स्तर पर एक नयी खूबसूरती प्रदान की है ।  चाहे उनकी कहानी  ' मैं रेजा और पच्चीस जून ' की बात करें , कहानी ' चरित्र प्रमाण ' की बात करें या यहाँ ली जा रही कहानी ' चिलगोजे का तेल ' की बात करें , इन सभी कहानियों में कथा रचना की एक नयी दृष्टि से पाठकों का परिचय होता है। अब तक सीमा की कहानियाँ कथादेश , परिकथा , इन्द्रप्रस्थ भारती , कथाक्रम , जनसत्ता , नया साहित्य निबंध सहित अन्य पत्रिकाओं में प्रकाशित होकर चर्चा पा चुकी हैं ।   उनकी कहानियां अपनी भाषा और कथ्य के साथ जिस तरह अपने समय से टकराती हैं , वह उन्हें पठनीय बनाती हैं।   कहानी में किसी महिला ले...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

'नेलकटर' उदयप्रकाश की लिखी मेरी पसंदीदा कहानी का पुनर्पाठ

उ दय प्रकाश मेरे पसंदीदा कहानी लेखकों में से हैं जिन्हें मैं सर्वाधिक पसंद करता हूँ। उनकी कई कहानियाँ मसलन 'पालगोमरा का स्कूटर' , 'वारेन हेस्टिंग्ज का सांड', 'तिरिछ' , 'रामसजीवन की प्रेम कथा' इत्यादि मेरी स्मृति में आज भी जीवंत रूप में विद्यमान हैं । हाल के दो तीन वर्षों में मैंने उनकी कहानी ' नींबू ' इंडिया टुडे साहित्य विशेषांक में पढ़ी थी जो संभवतः मेरे लिए उनकी अद्यतन कहानियों में आखरी थी । उसके बाद उनकी कोई नयी कहानी मैंने नहीं पढ़ी।वे हमारे समय के एक ऐसे कथाकार हैं जिनकी कहानियां खूब पढ़ी जाती हैं। चाहे कहानी की अंतर्वस्तु हो, कहानी की भाषा हो, कहानी का शिल्प हो या दिल को छूने वाली एक प्रवाह मान तरलता हो, हर क्षेत्र में उदय प्रकाश ने कहानी के लिए एक नई जमीन तैयार की है। मेर लिए उनकी लिखी सर्वाधिक प्रिय कहानी 'नेलकटर' है जो मां की स्मृतियों को लेकर लिखी गयी है। यह एक ऐसी कहानी है जिसे कोई एक बार पढ़ ले तो भाषा और संवेदना की तरलता में वह बहता हुआ चला जाए। रिश्तों में अचिन्हित रह जाने वाली अबूझ धड़कनों को भी यह कहानी बेआवाज सुनाने लग...

" रिजवान तुम अपना नोट बुक लेने कब आओगे?" रमेश शर्मा की चर्चित कहानी

इस कहानी पर हरियश राय जी अपनी  टिप्पणी में लिखते हैं - ‘ परिकथा ’ के सितम्बर-अक्टूबर   2020 अंक में प्रकाशित  रमेश शर्मा की कहानी ‘ रिजवान तुम अपना नोट बुक लेने कब आओगे ‘ कोरोना काल के संदर्भों पर लिखी गई एक विशिष्ट कहानी है। इस कहानी में रमेश शर्मा ने कोरोना काल में मजदूरों का पलायन और उस पलायन से उपजे दुःख को मानवीयता के साथ देखने की कोशिश की है। इस काल में पलायन से उपजे भयावह सन्दर्भों  को एक छोटी लड़की की नजर से देखते हुए कहानी सरकार के प्रति  एक नफरत का भाव पैदा करती है। देश बंदी के निर्णय के कारण लोगों के जीवन में अफरा-तफरी मची और आजीविका का संकट उनके सामने आ गया और उनके बीच से गुजरती हुई कहानी उनकी बेबसी को रेखांकित करती है। कहानी में एक फ्रीलांस रिपोर्टर , टाट से घिरी झोंपड़ी नुमा गुमटी में बैठकर भूली बिसरी बातों को याद करने की कोशिश करती है। वह झोपड़ी एक चाय बेचने वाले बाबा की है। वह बाबा अखबार उसके सामने रख देता है , जिसमें लिखा है कि ‘ समय के भीतर हाहाकार मचाता यह कैसा रुदन है कि कोई किसी का दर्द बांटने के लिए उससे बात भी न करे।...

आलोचक नन्द किशोर आचार्य का महत्वपूर्ण वक्तब्य : छत्तीसगढ़ साहित्य एकेडमी का आयोजन

  ब तौर आलोचक प्रभात त्रिपाठी किसी कविता के पास, किसी कहानी के पास या किसी उपन्यास के पास उसी अन्वेषण धर्मिता के साथ जाते हैं जिस तरह कि वे स्वयं की रचना के पास जाते हैं   -  आलोचक नंद किशोर आचार्य  आयोजन में बोलते हुए आलोचक नंदकिशोर आचार्य आलोचना का मतलब है आलोचन। पूर्णता से  उसको  समझने की कोशिश । अगर वो आप नहीं करते हैं , आपने यह तय कर लिया कि सिर्फ दाखिल करना है या खारिज करना है कि ये अच्छा कवि है या अच्छा कवि नहीं है तब तो आपके लिए कविता अन्वेषण नहीं है । आपके लिए कविता  अपने पूर्व निर्धारित विचारों का स्थापन भर है और उसके विरोध में आने वाले विचारों को खारिज करने का एक बहाना भर है।अच्छा आलोचक किसी को खारिज नहीं करता, वह उसमें से कुछ ढूँढ़ कर निकालता है और उस प्रक्रिया में आलोचना का जन्म होता है । प्रभात त्रिपाठी किसी पूर्व निर्धारित प्रतिमान को लेकर के या किसी पूर्व निर्धारित थियरी को लेकर के कविता के पास , कला के पास या उपन्यास के पास नहीं जाते । वे जाते हैं एक पाठक के रूप में उसी अन्वेषण धर्मिता के साथ जिसके साथ कि वे स्वयं अपनी रचना में ज...

रायगढ़ का कमला नेहरू पार्क : इतिहास और स्मृतियां Raigarh ka kamla neharu park: Itihas aur smritiyan

रायगढ़ के ह्रदय स्थल चक्रधर नगर चौक में स्थित है कमला नेहरू पार्क। यह पार्क शहर की जरूरतों के हिसाब से  वर्तमान में शहर के सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है | यहां बच्चे बूढ़े युवा सारे लोग सुबह शाम स्वास्थ्य और मानसिक तंदुरुस्ती के हिसाब से नियमित आते जाते हैं और यह जगह इस अवधि में गुलज़ार रहता है । मैं यहाँ से निकटस्थ किरोड़ीमल साइंस कॉलेज में सन 1983 में बी.एस-सी.में एडमिशन लिया था और एम.एस-सी.मैंने वहीं पूरी की । इन पांच छः सालों के दरमियान इस जगह के सामने की सड़क से होकर हम लोगों का अक्सर आना जाना होता था ।  यह पार्क उन दिनों उतना विकसित नहीं हुआ था इसलिए इसने इस तरह कभी मेरा ध्यान नहीं खींचा था । मैं बीच-बीच में भी कभी कभार वहां जाया करता था। आज 26 मार्च 2023 को बहुत दिनों  बाद वहां गया तो वहां के परिसर की सुंदरता देखकर मुझे बहुत खुशी हुई । इस पार्क को निर्मित हुए भी 35 साल गुजर चुके हैं और इन 35 सालों में इस शहर ने बहुत कुछ बदलाव देखा है।इसका निर्माण अस्सी के दशक में  हुआ और इसका रख रखाव नगर पालिका रायगढ़ के माध्यम से ही उस समय हुआ करती था। धीरे धीरे फिर इसका थोड़ा बहु...

कथायात्रा के टेढ़े मेढ़े रास्ते और समकालीन कहानी की परिधि में रमेश शर्मा की उपस्थिति - वरिष्ठ कथाकार उर्मिला आचार्य का आलेख

  कथायात्रा के टेढ़े मेढ़े रास्ते और समकालीन कहानी की परिधि में रमेश शर्मा की उपस्थिति -------------------------------------------------------------------------- -----------------------------------------                                - उर्मिला आचार्य कथा कहानी के इर्द गिर्द रचनाकार की उपस्थिति किस रूप में , किस तरह और कहाँ कहाँ हो सकती है , इसका आकलन करना दिलचस्प होते हुए भी एक दुरूह कार्य है । आकलन न कहते हुए अगर इसे शोध या कोई खोज पूर्ण कार्य कहा जाए तब भी हम इसे सामान्यीकृत नहीं कर रहे होते हैं । कथा लेखन करने के लिए लेखक जिस दुनिया में उतरता है , जिन रास्तों से होकर आगे बढ़ता है , उस दुनिया तक पहुँचने के लिए उन रास्तों से होकर गुजरे बिना हम लेखक का पीछा नहीं कर सकते । यहाँ पीछा करने के अपने निहितार्थ हैं जहाँ से हम लेखक को जानने समझने के लिए उन्हीं रास्तों से होकर गुजरते हैं जहाँ से लेखक अपनी कथायात्रा के साथ आगे बढ़ता है। ...

Gupta Vrindavan Puri Odisha Yatra गुप्त वृंदावन पुरी ओड़िसा यात्रा

पुरी के आसपास के दर्शनीय स्थलों में गुप्त वृंदावन , जिसे कि श्री गौर बिहार आश्रम, माता मठ के नाम से भी जाना जाता है , बहुत सुंदर जगहों में से एक है । यह पुरी के केमलिया सि-बीच से बहुत नजदीक है । जानकारी के अभाव में पुरी आकर भी पर्यटक इस जगह की यात्रा नहीं कर पाते । इस तरह एक सुंदर और ऐतिहासिक जगह से वे वंचित हो जाते हैं। इसलिए इस जगह के बारे में जानकारी प्राप्त करने की दृष्टि से इस आलेख को आप जरूर पढ़ें और यहां कभी जाने के सम्बंध में भी विचार करें ।यहां जो भी बातें मैं लिख रहा हूं, मेरे स्वयं के जीवंत अनुभवों पर ही सारी बारें  आधारित हैं । मैं पुरी की यात्रा पर 6 बार आ चुका हूं परंतु इस जगह के बारे में छठी यात्रा के दरमियान ही मुझे जानकारी मिली और हम लोग वहां पहुंच पाए । गुप्त वृंदावन में चैतन्य महाप्रभु की मूर्ति  पुरी ओडिशा के श्री गौर बिहार आश्रम /गुप्त वृंदावन  /माता मठ को बहुत आकर्षक और अच्छी तरह से सजाया गया है। यहां का माहौल बहुत शांत है साथ ही प्राकृतिक छटाओं से अत्यंत समृद्ध और परिपूर्ण है। यहां जब हम पहुंचे तो ऐसा लगा जैसे किसी तपोभूमि में हम पहुंच गए हैं। य...

देवेश पथ सारिया की कवितायेँ : कविता संग्रह 'नूह की नाव' से चुनी हुईं कविताओं का पाठ.

दे   वेश पथ सारिया हमारे समय के महत्वपूर्ण युवा कवियों में से एक हैं । हाल ही में भारतीय साहित्य अकादेमी  से उनकी कविताओं का एक संग्रह 'नूह की नाव' प्रकाशित हुआ है। इस संग्रह में बहुत सी कवितायेँ मुझे पसंद हैं । उनमें  से चुनी हुई छः कवितायेँ यहाँ प्रस्तुत हैं.   "देवेश की कविताओं में मूर्तमान होती चीजों में भी एक तरह से अमूर्त सा लगने वाला अति सूक्ष्म विवेचन है जो अमूमन हमारी नज़रों से छूट जाता   है । उन छूटी हुई चीजों से देवेश हमारा परिचय कराते हैं । उनकी कविताओं में चेतन अचेतन रूप में फैले हुए मानवीय जीवन के राग-विराग सह्सा इस तरह आने लगते हैं कि कई बार चकित होना पड़ता है । कवि के पास जीवन और बदलते समय को देखने परखने की एक अलहदा दृष्टि भी है जो इन कविताओं को पुष्ट करती है । उनकी कहन शैली से भी कविताओं में भाषिक सौन्दर्य उत्पन्न होता है"-  रमेश शर्मा   एक पहिये की साइकिल वाला बच्चा एक धूरी पर घूमती है सारी पृथ्वी यह बेहद मामूली लेकिन जरूरी पाठ मुझे फिर से याद आया था उस ताईवानी बच्चे को देखकर जो निकल पड़ा था चिंग हुआ यूनिवर्सिटी की व्...