सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

गंगाधर मेहेर : ओड़िया के लीजेंड कवि gangadhar meher : odiya ke legend kavi

हम हिन्दी में पढ़ने लिखने वाले ज्यादातर लोग हिंदी के अलावा अन्य भाषाओं के कवियों, रचनाकारों को बहुत कम जानते हैं या यह कहूँ कि बिलकुल नहीं जानते तो भी कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी । इसका एहसास मुझे तब हुआ जब ओड़िसा राज्य के संबलपुर शहर में स्थित गंगाधर मेहेर विश्वविद्यालय में मुझे एक राष्ट्रीय संगोष्ठी में बतौर वक्ता वहां जाकर बोलने का अवसर मिला । 2 और 3  मार्च 2019 को आयोजित इस दो दिवसीय संगोष्ठी में शामिल होने के बाद मुझे इस बात का एहसास हुआ कि जिस शख्श के नाम पर इस विश्वविद्यालय का नामकरण हुआ है वे ओड़िसा राज्य के ओड़िया भाषा के एक बहुत बड़े कवि हुए हैं और उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से  ओड़िसा राज्य को देश के नक़्शे में थोड़ा और उभारा है। वहां जाते ही इस कवि को जानने समझने की आतुरता मेरे भीतर बहुत सघन होने लगी।वहां जाकर यूनिवर्सिटी के अध्यापकों से , वहां के विद्यार्थियों से गंगाधर मेहेर जैसे बड़े कवि की कविताओं और उनके व्यक्तित्व के बारे में जानकारी जुटाना मेरे लिए बहुत जिज्ञासा और दिलचस्पी का बिषय रहा है। आज ओड़िया भाषा के इस लीजेंड कवि पर अपनी बात रखते हुए मुझे जो खुशी हो रही है वह मेरे लिए एक अलहदा अनुभव है । यह महज संयोग ही नहीं है बल्कि यह एक बड़ी समानता है कि हिंदी के प्रसिद्ध कवि संत कबीर की तरह उड़िया के प्रसिद्ध कवि गंगाधर मेहेर भी एक गरीब जुलाहा परिवार में ही पैदा हुए थे। मुझे जो जानकारी मिली उसके मुताबिक वे खुद कपड़ा बुनते थे और निकट के हाट बाज़ार में स्वयं बेचने भी जाते थे। उनकी शिक्षा-दीक्षा को लेकर जो जानकारी मिली उसके मुताबिक़ उनकी शिक्षा दीक्षा बहुत कम हुई थी । साधारण परिवार में जन्म लेने तथा आर्थिक संसाधनों की कमी की वजह से अपने जिले से बाहर जाने का भी उन्हें कोई अवसर मिल नहीं सका । पर एक बात उनमें जरूर थी कि कम शिक्षा दीक्षा के बावजूद अपनी रूचि के बिषयों में कुशाग्रता का परिचय वे छोटी उम्र से ही देने लगे थे । उनकी कविता में जो सौंदर्य बोध है, वह सौन्दर्य बोध ओड़िया भाषा के अन्य कवियों में आसानी से सुलभ नहीं है । इसलिए कुछ लोग उन्हें उड़िया साहित्य का कालिदासभी कहते हुए मुझे मिले ।

 

                           कवि गंगाधर मेहेर

गंगाधर मेहेर का जन्म | Birth of Gangadhar Meher

कवि गंगाधर मेहेर का जन्म जिला संबलपुर के बरपाली गांव में 9 अगस्त 1862 को एक गरीब भुलिया (मेहेर) परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम चैतन्य और माता का नाम सेवती था। उनके पिता गांव के वैद्य भी थे। इस कारण लोग उनका आदर करते थे। मेहेर लोग मुखतः जुलाहा का काम करते हैं और करघे पर कपास और टसर की साड़ियां बनाते हैं। उनके परिवार में भी यही परम्परागत काम होता था।उन दिनों बरपाली गाँव बस दो-चार झोंपड़ियों वाला ही एक पुरवा था। पुरवे की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वहां एक पुराना बड़ का पेड़ था। लोग बताते हैं कि  इसी बड़ पेड़ के कारण ही गांव का नाम बरपाली पड़ा।इसी गाँव में आगे चलकर इस कवि का लालन पालन हुआ।

            यूनिवर्सिटी केम्पस में हम दोनों की उपस्थिति

गंगाधर मेहेर की शिक्षा
| Education of Gangadhar Meher

छह वर्ष की उम्र में वे  गांव की पाठशाला में पढ़ने गए, पर जल्दी ही उन्होंने पाठशाला छोड़ दी। घर पर उनके पिता उन्हें पढ़ाने लगे। उन्होंने अपने बेटे को जगन्नाथ दास की लिखी हुई उड़िया की भागवत कथा सुनाई और प्राचीन कविता के कुछ पद्य पढ़ाने लगे। इन सब के साथ गणित विद्या में पारंगत करने हेतु वे उन्हें पहाड़ा भी रटवाने लगे। उसके बाद वे बरपाली ब्रांच स्कूल में दाखिल हुए, जहां प्राइमरी की दूसरी क्लास तक पढ़ाई होती थी  वहां पढ़ाई खत्म करने के बाद वे वर्नाकुलर मिडिल स्कूल में भर्ती हुए। वहां तीसरी क्लास उन्होंने पहले छह महीने में पास कर ली और अगले छह महीनों में चौथी क्लास। अभी वे पांचवीं क्लास में पढ़ ही रहे थे कि उन्हें स्कूल छोड़ देना पड़ा। जिन दिनों वे स्कूल में पढ़ते थे, उन दिनों भी उन्हें अपने पिता के साथ कपड़े बुनने के काम में हाथ बंटाना पड़ता था। उनकी लिखी आत्मकथा में ये सारी बातें दर्ज हैं  आत्मकथा में उन्होंने अपने विद्यार्थी-जीवन की कुछ रोचक घटनाएं भी लिखी हैं। जितने साल वे स्कूल में पढ़े, उनके पिता ने उनके बक्सों और किताबों पर केवल तीन रुपये आठ आने ही खर्च किए। उन्हें स्कूल में भी शायद इसलिए दाखिल किया गया था क्योंकि उन दिनों  प्रखंड के अफसर उन व्यक्तियों को सजा देते थे, जो अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजते थे । एक दूसरी घटना भी कुछ इसी तरह की है। बालक गंगाधर को कभी ढंग का एक कुरता तक नसीब नहीं हुआ था । एक बार उनके स्कूल में बड़े इंस्पेक्टर को आना था। उनके अध्यापक ने उनके पिता से कहा था कि इस मौके पर गंगाधर के लिए कोई ढंग की कमीज़ सिलवा दें। पिता तो मान गए और उन्होंने ऐसा किया भी पर दर्जी ने समय पर कमीज ही सीकर नहीं दी। बाद में वह कमीज फिर सिलाई ही नहीं गई। इन छोटी-छोटी घटनाओं से अंदाज लगाया जा सकता  है कि कवि गंगाधर का बचपन कितनी गरीबी और कितने अभावों के रास्तों से होकर गुजरा होगा।


यद्यपि बालक गंगाधर का स्कूल उनके पिता द्वारा छुड़वा दिया गया था
, परंतु उनको पढ़ने का बहुत शौक था। इसलिए जब भी उनको समय मिलता, वे ओड़िया के प्रसिद्द कवियों उपेंद्रभंज, दिनकृष्ण और अभिमन्यु सामंतसिंह की कविताएं पढ़ने बैठ जाते। कविताओं के प्रति गहरी अभिरुचि के कारण उन्हें कवितायेँ जुबानी याद रहतीं। 
उन्होंने बलरामदास कृत रामायण और अन्य पुराणों की कथाएं भी सुनीं और गोस्वामी तुलसीदास जी के रामचरितमानस का भी पाठ किया। अपने अध्यापक से उन्होंने संस्कृत व्याकरण की दो पुस्तकें भी मांगकर पढीं थीं। इस तरह साहित्य के प्रति उनके भीतर का अनुराग दिनों दिन बढ़ता गया और उम्र बढ़ने के साथ वे साहित्य के और निकट आने लगे।

              विद्यार्थियों और प्राध्यापकों के साथ हम दोनों

गंगाधर मेहेर का व्यक्तित्व
| Personality of Gangadhar Meher

स्कूल जीवन में वे जब तक रहे उस जीवन में ही उन्होंने वाल्मीकि, कालिदास, बाणभट्ट और भवभूति की रचनाओं के ईश्वरचंद्र विद्यासागर कृत अनुवाद भी पढ़े। धार्मिक ग्रंथ पढने का शौक उन्हें इस कारण भी लगा कि उनके दादा बड़े धार्मिक व्यक्ति थे और अपने पोते को प्रतिदिन दर्शन के लिए मंदिर के भीतर अपने साथ ले जाते थे । इस संगत के  कारण उनमें भक्ति-भाव उत्पन्न हो गया और जीवन की परंपरागत मान्यताओं के प्रति उनमें आस्था पैदा हो गई। इसी कारण वे जीवन-भर सीधे सरल, ईमानदार और धर्म-भीरु भी बने रहेl लोग बताते हैं कि उन्होंने कभी भी बेईमानी या गलत तरीकों का सहारा अपने जीवन में नहीं लिया।

इन सबके बावजूद लोग कहते हैं कि वे दकियानूसी विचारों के कभी नहीं रहे। हर सामाजिक परिवर्तन का उन पर गहरा प्रभाव पड़ता रहा । समाज के विकास के साथ-साथ उनके विचारों का भी विकास होता गया। उनकी कविताओं के माध्यम से  इस बात का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस समय ओड़िसा और देश की सामाजिक परिस्थितियाँ किस तरह बिषम हुआ करती थीं।

ओड़िया साहित्य के अध्येता इस बात का भी उल्लेख करते हैं कि कविता करने की प्रेरणा उन्हें अपने करघे और ढरकी से मिली । ढरकी को उधर-इधर चलाते समय जो आवाज उत्पन्न होती है, उससे एक लय बंध जाती है। फिर कपड़े पर डिजाइन बनाते समय और रंगों का संयोजन करते समय भी कलात्मक अभिवृत्ति का होना जरूरी हो जाता है। कहा जाता है कि करघे पर कपड़ा बुनते समय ही उनके मुख से कविताएं फूट पड़ती थीं।

गंगाधर मेहेर की कविताए | Poems of Gangadhar Meher

उनकी शुरूवात में लिखी गयीं प्रारम्भिक रचनाएं कुछ छोटी-छोटी कविताएं ही थीं जिनमें  रसरलाकरनामक कविता कुछ लंबी थी। इसमें अनिरुद्ध और उषा के प्रेम का वर्णन मिलता है । यह कविता 18वीं शताब्दी की प्राचीन उड़िया कविताओं की श्रृंगारिक शैली की कविताओं का प्रतिनिधित्व करता है। इसके बाद उन्होंने अहल्यास्तवलिखी। परंतु जल्दी ही वे उड़िया के महान कवि राधानाथ राय की कविताओं से प्रभावित हुए। उसके उपरान्त उनकी कविताओं ने एक नया मोड़ लिया।

1892 में उन्होंने इंदुमतीलिखी जो कालिदास के रघुवंश में अज और इंदुमती के प्रसंग पर आधारित है। इसकी बहुत अधिक प्रशंसा हुई। राधानाथ राय ने भी इसको बहुत सराहा जिससे उनको बहुत प्रोत्साहन मिला। उनका दूसरा ग्रंथ था उत्कल लक्ष्मीजिसका कुछ अंश 1894 में प्रकाशित हुआ और शेष 1914 में। इसमें ओड़िसा के संबलपुर और उसके आसपास के जागीरों के प्राकृतिक सौंदर्य का वर्णन है। इसमें कवि ने यह बताने की चेष्टा की है कि कुछ इलाके यद्यपि राजनैतिक कारणों से अन्य प्रांतों में भले ही मिला दिए गए है, परंतु वास्तव में वे उडीसा के ही हिस्से हैं । यह देखकर सचमुच आश्चर्य होता है कि उन दिनों एक छोटी-सी जगह में रहने वाले बुनकर के मन में उड़िया-भाषी क्षेत्रो को उड़ीसा में लाने की इच्छा उत्पन्न हुई। इस ग्रंथ से इन सीमावर्ती क्षेत्रों में, जिनमें छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का कुछ हिस्सा भी शामिल है, उड़िया भाषा और साहित्य का बहुत प्रचार प्रसार हुआ।

इस बीच उन्होंने कई छोटी-छोटी कविताएं लिखीं, जो अनेक पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुईं और फिर उनके संग्रह भी प्रकाशित हुए। उनका प्रसिद्ध ग्रंथ कीचक वध 1903 में जब प्रकाशित हुआ, उसके बाद रचनात्मक मौलिक कवि के रूप में उन्हें अत्यधिक ख्याति मिली। पर उस समय भी उनकी कविताओं पर 18वीं शताब्दी की श्रृंगार शैली का थोड़ा-बहुत प्रभाव शेष ही था।

1914 में प्रकाशित विशाल ग्रंथ 'तपस्विनी' और 1915 में प्रकाशित 'प्रणयवल्लरि' के माध्यम से  कवि के रूप में उनकी मौलिकता को लोगों के बीच और मजबूती मिलीप्रणयवल्लरि उन्होंने कालिदास के अभिज्ञान शाकुंतलम् को आधार बनाकर लिखी है, पर इसकी शकुंतला कालिदास की शकुंतला से एकदम भिन्न है। इसमें जो शकुंतला है वह कवि की की कल्पना में आदर्श नारी है और उस नायिका का प्रेम, कवि की कल्पना के भीतर जन्मा आदर्श प्रेम है।

गंगाधर मेहेर के कार्य | Works of Gangadhar Meher

इस बड़े कवि के जीवन की आजीविका किस तरह चली उसे जानना भी आज बहुत दिलचस्प हो सकता है । सन् 1885 में वे सात रुपये मासिक पर बरपाली के एक जमीदार के यहां काम पर लग गए थे । एक बात को लेकर एक दिन जमीदार से उनका झगड़ा भी हो गया। जमीदार एक मामले में उनसे झूठी गवाही दिलवाना चाहता था पर वे इसके लिए तैयार नहीं हुए और फिर जमींदार पर 300 रुपये जुर्माना लग गया। पहले तो जमीदार उनसे बहुत नाराज हुआ  पर कुछ दिन बाद उनकी सच्चाई और ईमानदारी से खुश होकर उसने उन्हें फिर काम पर रख लिया और 1899 में अदालती मुहर्रिर ( judicial accountant )बनाए जाने के लिए उनके नाम की सिफारिश भी उसने कर दी ।

1917 में रिटायर होने तक वे इसी पद पर काम करते रहे। जब वे रिटायर हुए तो उन्हें 35 रुपये मासिक वेतन मिल रहा था। रिटायर होने पर साढ़े बारह रुपये मासिक पेंशन उनका तय हुआ जिसके जरिये वे अपनी आजीविका चलाते रहे । अंततः 4 अप्रैल 1924 को ओड़िया भाषा के इस लीजेंड कवि ने दुनिया को अलविदा कह दिया।

गंगाधर मेहेर यूनिवर्सिटी के कैंपस में कभी लोगों से जाकर इस कवि के बारे में बात करिए तो आपको लगेगा जैसे लोगों के मन के भीतर आज भी यह कवि जीवित है। 

ओड़िया भाषा में रचित उनके तपस्विनी नामक महाकाव्य से उनकी एक अनुवादित कविता के साथ मैं अपनी बात पूरी कर रहा हूं-

मैं तो बिन्दु हूँ
अमृत-समुन्दर का,
छोड़ समुन्दर अम्बर में
ऊपर चला गया था ।
अब नीचे उतर
मिला हूँ अमृत- धारा से ;
चल रहा हूँ आगे
समुन्दर की ओर ।
पाप-ताप से राह में
सूख जाऊंगा अगर,
तब झरूंगा मैं ओस बनकर ।
अमृतमय अमृत-धारा के संग
समा जाऊंगा समुन्दर में ॥

- गंगाधर मेहेर
- अनुवाद: डॉ. एच. के. मेहेर 
Retired Sr. Reader and HOD, Post-Graduate Department of Sanskrit, Gangadhar Meher Autonomous College, Sambalpur - 768004, Orissa 

( रमेश शर्मा, गंगाधर मेहेर यूनिवर्सिटी से लौटकर )



 

टिप्पणियाँ

  1. गंगाधर मेहेर जैसे महत्वपूर्ण कवि पर आपने जरूरी जानकारियां साझा करके महत्वपूर्ण कार्य किया है। अनुग्रह दिनों दिन अपनी स्तरीय सामग्रियों के प्रकाशन से पाठकों के मध्य चर्चित होने लगा है।बधाई। ऐसा ही महत्वपूर्ण कार्य करते रहें

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इन्हें भी पढ़ते चलें...

'नेलकटर' उदयप्रकाश की लिखी मेरी पसंदीदा कहानी का पुनर्पाठ

उ दय प्रकाश मेरे पसंदीदा कहानी लेखकों में से हैं जिन्हें मैं सर्वाधिक पसंद करता हूँ। उनकी कई कहानियाँ मसलन 'पालगोमरा का स्कूटर' , 'वारेन हेस्टिंग्ज का सांड', 'तिरिछ' , 'रामसजीवन की प्रेम कथा' इत्यादि मेरी स्मृति में आज भी जीवंत रूप में विद्यमान हैं । हाल के दो तीन वर्षों में मैंने उनकी कहानी ' नींबू ' इंडिया टुडे साहित्य विशेषांक में पढ़ी थी जो संभवतः मेरे लिए उनकी अद्यतन कहानियों में आखरी थी । उसके बाद उनकी कोई नयी कहानी मैंने नहीं पढ़ी।वे हमारे समय के एक ऐसे कथाकार हैं जिनकी कहानियां खूब पढ़ी जाती हैं। चाहे कहानी की अंतर्वस्तु हो, कहानी की भाषा हो, कहानी का शिल्प हो या दिल को छूने वाली एक प्रवाह मान तरलता हो, हर क्षेत्र में उदय प्रकाश ने कहानी के लिए एक नई जमीन तैयार की है। मेर लिए उनकी लिखी सर्वाधिक प्रिय कहानी 'नेलकटर' है जो मां की स्मृतियों को लेकर लिखी गयी है। यह एक ऐसी कहानी है जिसे कोई एक बार पढ़ ले तो भाषा और संवेदना की तरलता में वह बहता हुआ चला जाए। रिश्तों में अचिन्हित रह जाने वाली अबूझ धड़कनों को भी यह कहानी बेआवाज सुनाने लग...

मलकानगिरी यात्रा संस्मरण: बीहड़ जंगलों के बीच गुजरते हुए लगा जैसे यात्राएं भी जीवन की कहानियाँ सुनाती हैं

रायगढ़ से निकल कर हम ओड़िशा के एक ऐसे शहर में पहुंचे थे जिसे माल्यवंत गिरी के नाम से जाना जाता रहा है ।अब इस शहर का नाम मलकानगिरी है । कोरापुट जिले से अलग होकर नए जिले के रूप में इसकी खुद की पहचान अब तेजी से बन रही है। छत्तीसगढ़ और आंध्रा के बॉर्डर इलाके में स्थित माओवादी इलाके के रूप में जो इसकी खुद की पहचान अब तक रही थी , तेजी से विकसित हो रहे इस शहर ने उस पहचान को एक तरह से अब धूमिल किया है। अब यह शहर तेजी से मुख्यधारा की ओर बढ़ने लगा है। हरी-भरी सुंदर पहाड़ियों की गोद में बसा यह शहर अपने शुद्ध पर्यावरण के लिए भी लोगों का पसंदीदा शहर बनता जा रहा है। यहां का सतिगुड़ा डैम और चित्रकुंडा डैम पर्यटकों को बरबस अपनी ओर आकर्षित करते हैं। अगस्त माह के बारिश के दिनों में जब हम यहां कुछ समय के लिए रुके थे तो घनी पहाड़ियों की वजह से जब चाहे बारिश हो जाया करती थी। शहर से पांच किलोमीटर दूर सतीगुड़ा डैम में टहलते हुए हमें लग रहा था कि हरी-भरी वादियों और अथाह जल सागर की गोद में हम आ बैठे हैं।यद्यपि डेम तक पहुंचने का रास्ता बारिश के कारण अस्त व्यस्त सा है पर वहां पहुंचने के बाद हरी भरी वादियों की खूबसूरत...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

विष्णु खरे की पुण्य तिथि पर उनकी कविता "जो मार खा रोईं नहीं" का पुनर्पाठ

विष्णु खरे जी की यह कविता सालों पहले उनके कविता संग्रह से पढ़ी थी। अच्छी  कविताएँ पढ़ने को मिलती हैं तो भीतर भी उतर जाती हैं। उनमें से यह भी एक है। कविता के भीतर पसरे भाव को पिता के नज़रिए से देखूं या मासूम बेटियों के नज़रिए से,दोनों ही दिशाओं से चलकर आता प्रेम एक उम्मीद  जगाता है।अपने मासूम बेटियों को डांटते ,पीटते हुए पिता पर मन में आक्रोश उत्पन्न नहीं होता। उस अजन्मे आक्रोश को बेटियों के चेहरों पर जन्मे भाव जन्म लेने से पहले ही रोक देते हैं। प्रेम और करुणा से भरी इस सहज सी कविता में मानवीय चिंता का एक नैसर्गिक भाव उभरकर आता है।कोई सहज कविता जब मन को असहज करने लगती है तो समझिए कि वही बड़ी कविता है।  आज पुण्य तिथि पर उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि ! जो मार खा रोईं नहीं  【विष्णु खरे】 ----------------------------- तिलक मार्ग थाने के सामने जो बिजली का एक बड़ा बक्‍स है उसके पीछे नाली पर बनी झुग्‍गी का वाक़या है यह चालीस के क़रीब उम्र का बाप सूखी सांवली लंबी-सी काया परेशान बेतरतीब बढ़ी दाढ़ी अपने हाथ में एक पतली हरी डाली लिए खड़ा हुआ नाराज़ हो रहा था अपनी पांच साल और सवा साल की बे...

गजेंद्र रावत की कहानी : उड़न छू

गजेंद्र रावत की कहानी उड़न छू कोरोना काल के उस दहशतजदा माहौल को फिर से आंखों के सामने खींच लाती है जिसे अमूमन हम सभी अपने जीवन में घटित होते देखना नहीं चाहते। अम्मा-रुक्की का जीवन जिसमें एक दंपत्ति के सर्वहारा जीवन के बिंदास लम्हों के साथ साथ एक दहशतजदा संघर्ष भी है वह इस कहानी में दिखाई देता है। कोरोना काल में आम लोगों की पुलिस से लुका छिपी इसलिए भर नहीं होती थी कि वह मार पीट करती थी, बल्कि इसलिए भी होती थी कि वह जेब पर डाका डालने पर भी ऊतारू हो जाती थी। श्रमिक वर्ग में एक तो काम के अभाव में पैसों की तंगी , ऊपर से कहीं मेहनत से दो पैसे किसी तरह मिल जाएं तो रास्ते में पुलिस से उन पैसों को बचाकर घर तक ले आना कोरोना काल की एक बड़ी चुनौती हुआ करती थी। उस चुनौती को अम्मा ने कैसे स्वीकारा, कैसे जूतों में छिपाकर दो हजार रुपये का नोट उसका बच गया , कैसे मौका देखकर वह उड़न छू होकर घर पहुँच गया, सारी कथाएं यहां समाहित हैं।कहानी में एक लय भी है और पठनीयता भी।कहानी का अंत मन में बहुत उहापोह और कौतूहल पैदा करता है। बहरहाल पूरी कहानी का आनंद तो कहानी को पढ़कर ही लिया जा सकता है।       ...

उदय प्रकाश की कहानी अंतिम नींबू बहुत कुछ कहना चाहती है

इंडिया टुडे के 10 जून 2020 अंक में उदय प्रकाश जी की कहानी अंतिम नींबू पढ़ने का अवसर मिला । कहानी थोड़ी लंबी जरूर है  पर यह अपनी रोचकता में, हर घड़ी बदलती नई-नई परिस्थितियों से उपजे नए नए रहस्यों में ,जो जिज्ञासा उत्पन्न करती है वह इस कहानी की खूबी है। तेजी से बदलती परिस्थितियों के बावजूद हर घटना एक दूसरे से जुड़ी रहकर  कहानी को  एक सूत्र में बांधे रखती है। कहानी में किस्सागोई की ताजगी है, साथ ही भाषाई कलात्मकता और घटित प्रसंगों का चमत्कार भी है। इस कोरोना काल में चीन के वुहान शहर से निकले वायरस का प्रसंग जिस अर्थ और रूप आकार में कहानी में ध्वनित होता है वह पाठक को चमत्कृत करता है। साथ ही विश्व की तमाम राजनीतिक परिस्थितियां ध्वनित होने लगती हैं। एक वायरस जो इन दिनों भाषा के भीतर, हिंसक लोगों के भीतर गाली गलौज के रूप में घुस गया है वह भी उतना ही खतरनाक है जितना की वुहान शहर से निकला वायरस । और यह वायरस जिससे भाषा दिनों दिन मर रही है यह राजनीति की ही देन है । कहानी के अंतिम पैराग्राफ को देखिए जहां सारी बातें स्पष्ट होने लगती हैं- "अगर आप कहीं विनायक दत्तात्रेय को कहीं मास्क ...

जैनेंद्र कुमार की कहानी 'अपना अपना भाग्य' और मन में आते जाते कुछ सवाल

कहानी 'अपना अपना भाग्य' की कसौटी पर समाज का चरित्र कितना खरा उतरता है इस विमर्श के पहले जैनेंद्र कुमार की कहानी अपना अपना भाग्य पढ़ते हुए कहानी में वर्णित भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों के जीवंत दृश्य कहानी से हमें जोड़ते हैं। यह जुड़ाव इसलिए घनीभूत होता है क्योंकि हमारी संवेदना उस कहानी से जुड़ती चली जाती है । पहाड़ी क्षेत्र में रात के दृश्य और कड़ाके की ठंड के बीच एक बेघर बच्चे का शहर में भटकना पाठकों के भीतर की संवेदना को अनायास कुरेदने लगता है। कहानी अपने साथ कई सवाल छोड़ती हुई चलती है फिर भी जैनेंद्र कुमार ने इन दृश्यों, घटनाओं के माध्यम से कहानी के प्रवाह को गति प्रदान करने में कहानी कला का बखूबी उपयोग किया है। कहानीकार जैनेंद्र कुमार  अभावग्रस्तता , पारिवारिक गरीबी और उस गरीबी की वजह से माता पिता के बीच उपजी बिषमताओं को करीब से देखा समझा हुआ एक स्वाभिमानी और इमानदार गरीब लड़का जो घर से कुछ काम की तलाश में शहर भाग आता है और समाज के संपन्न वर्ग की नृशंस उदासीनता झेलते हुए अंततः रात की जानलेवा सर्दी से ठिठुर कर इस दुनिया से विदा हो जाता है । संपन्न समाज ऎसी घटनाओं को भाग्य से ज...

जीवन के पूर्वाद्ध में घटी अच्छी बुरी घटनाओं से मुक्ति और नए रास्तों के पुनर सृजन का संदेश : गोविंद निहलानी की फ़िल्म दृष्टि

बहुत दिनों बाद 1990 में बनी गोविंद निहलानी की फ़िल्म "दृष्टि" दोबारा देखी। इस फ़िल्म को राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार भी मिला हुआ है । डिम्पल कपाड़िया और शेखर कपूर के किरदार, विवाह बन्धनों में बंधे मध्यवर्गीय भारतीय स्त्री-पुरूषों के जीवन की कहानियों को ही साफगोई से अभिब्यक्त करते हैं । स्त्री पुरूषों के पारिवारिक जीवन में घटित हो रही हर घटना/परिघटना को सही नजरिए और खुलेपन के साथ देख पाने की दृष्टि पर केंद्रित यह फ़िल्म वैवाहिक जीवन के एक विमर्श की तरह भी है जो मनुष्य की भीतरी दुनियाँ का खाका भी खींचकर सामने रखती है।  स्त्री पुरुष के वैवाहिक जीवन में न जाने कितने उतार-चढ़ाव, अच्छे बुरे दिन आते जाते रहते हैं। संबंधों को बचाए रखने के लिए न जाने कितने समझौते करने पड़ते हैं।लड़ाई झगड़े ,प्रेम मोहब्बत , नोंक झोंक , मस्ती यायावरी जैसी न जाने कितनी बातें जीवन में होती हैं। ये सब जीवन के विविध रंग हैं जिनसे मिलकर जीवन आकार ग्रहण करता है। कोई भी फिल्म देखिये तो  जीवन के इतने सारे रंगों में से कुछ न कुछ रंग  फिल्म के भीतर दिखाई पड़ जाते हैं । दृष्टि फ़िल्म में भी स्त्री पुरुष के वैवाहिक जीवन स...

चित्रकला प्रतियोगिता में सेंट टेरेसा स्कूल रायगढ़ के कक्षा सातवीं के छात्र आयुष साहू को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 50,000 पचास हजार रूपये का चेक प्रदान किया गया।

रायगढ़ ।  केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय भारत सरकार की देखरेख में ऊर्जा संरक्षण राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता 27 नवंबर को दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन परिसर में संपन्न हुआ। पेंटिंग कॉम्पटीशन में छत्तीसगढ़ राज्य से विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। रायगढ़ जिले के सेंट टेरेसा कान्वेंट स्कूल बोईरदादर रायगढ़ के छात्रों की भी इस प्रतियोगिता में सहभागिता रही।इस स्कूल के विद्यार्थियों की कला को समर्पित कल्पना शीलता का उल्लेखनीय प्रदर्शन यहां देखने को मिला।         चित्रकला प्रतियोगिता में सेंट टेरेसा स्कूल रायगढ़ के कक्षा सातवीं के छात्र आयुष साहू को ग्रुप A में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 50,000 पचास हजार रूपये का चेक प्रदान किया गया। इसी स्कूल के विद्यार्थी सुशांत शुक्ला (सातवीं), नावेद अनवर खान (दसवीं), शेख सनाउल्लाह (आठवीं) को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।सांत्वना पुरस्कार के तहत इन तीनों छात्रों में प्रत्येक को 7,500 (सात हजार पांच सौ)रूपये के चेक प्रदान किये गए। स्कूल के चित्रकला शिक्षक तोष कुमार साहू की क...

परिधि को रज़ा फाउंडेशन ने श्रीकांत वर्मा पर एकाग्र सत्र में बोलने हेतु आमंत्रित किया "युवा 2024" के तहत इंडिया इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में आज है उनका वक्तब्य

परिधि को रज़ा फाउंडेशन ने श्रीकांत वर्मा पर एकाग्र सत्र में बोलने हेतु आमंत्रित किया "युवा 2024" के तहत इंडिया इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में आज है उनका वक्तब्य रज़ा फाउंडेशन समय समय पर साहित्य एवं कला पर बड़े आयोजन सम्पन्न करता आया है। 27 एवं 28 मार्च को पुरानी पीढ़ी के चुने हुए 9 कवियों धर्मवीर भारती,अजितकुमार, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना,विजयदेवनारायण शाही,श्रीकांत वर्मा,कमलेश,रघुवीर सहाय,धूमिल एवं राजकमल चौधरी पर एकाग्र आयोजन रखा गया है।दो दिनों तक चलने वाले 9 सत्रों के इस आयोजन में पांचवा सत्र श्रीकांत वर्मा  पर एकाग्र है जिसमें परिधि शर्मा को बोलने हेतु युवा 2024 के तहत आमंत्रित किया गया है जिसमें वे आज शाम अपना वक्तव्य देंगी। इस आयोजन के सूत्रधार मशहूर कवि आलोचक अशोक वाजपेयी जी हैं जिन्होंने आयोजन के शुरुआत में युवाओं को संबोधित किया।  युवाओं को संबोधित करते हुए अशोक वाजपेयी  कौन हैं सैयद हैदर रज़ा सैयद हैदर रज़ा का जन्म 22 फ़रवरी 1922 को  मध्य प्रदेश के मंडला में हुआ था और उनकी मृत्यु 23 जुलाई 2016 को हुई थी। वे एक प्रतिष्ठित चित्रकार थे। उनके प्रमुख चित्र अधिकतर तेल य...