सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

परिधि शर्मा की कहानी "एक साधारण आदमी की मौत"



  • कहानी "एक साधारण आदमी की मौत"  में छत्तीसगढ़ के जनजीवन का जीवंत चित्रण है।आज भी वहां की बड़ी आबादी सब्जियों के लघु व्यापार में संलग्न है और इस लघु व्यापार में संलग्न लोग जो मुख्यतः श्रमिक वर्ग से आते हैं, वहां से गुजरने वाली लोकल पैसेंजर गाड़ियों का उपयोग करते हैं।ये लोकल गाड़ियां ऐसे श्रमिक वर्ग के लिए जीवन रेखा की तरह हैं जिसमें कोई संभ्रांत आदमी कभी बैठ जाए तो वह इन श्रमिकों के प्रति तिरस्कार का भाव व्यक्त करने से नहीं रह पाता। कहानी में वर्गभेद को लेकर एक महीन सी रेखा लेखिका ने खींचने की कोशिश करी है। 
  • मूलतः व्यक्ति अपने बचपन या किशोरावस्था में मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण रहता है। इस कहानी में प्रशांत नामक युवक के चरित्र से भी लगता है कि कभी वह भी अपने बचपन और अपनी किशोरावस्था में मानवीय संवेदनाओं से परिपूर्ण रहा होगा पर जैसे-जैसे जीवन में वह आगे बढ़ता है, नौकरी करने के उपरांत  सुख सुविधाओं से लैस होकर अपना जीवन जीने लगता है तो दूसरों के प्रति सोचने समझने , उनकी चिंता करने के लिए उसके जीवन में कोई जगह नहीं है। जीवन की आपाधापी में वह खुद में ही सिमट कर अपना जीवन जीने लगता है। फिर अचानक माखन कुमार बारीक नामक एक साधारण से आदमी की मृत्यु के बाद , जिसका संबंध उसके बचपन और उसकी किशोरावस्था से है और जो उसके स्कूल के दिनों में उसके स्कूल का माली भी था , उसके भीतर लगभग सुप्त हो चुकी संवेदना अचानक उसे भीतर से कचोटने लगती है। अपनी नौकरी में व्यस्त रहते हुए भी बार-बार माखन कुमार बारिक की मौत उसे बेचैन करती है।इस बहाने यह कहानी मनुष्य के भीतर मरती हुई संवेदना के पुनर स्थापन की बात करती है।  
  • सुख सुविधा से जीवन यापन करने वाले व्यक्ति के मन में भी दूसरों के प्रति संवेदना जैसे मानवीय मूल्यों के प्रति एक आस्था होनी चाहिए , इस कहानी को पढ़ने के बाद हमारे भीतर इस तरह के विचार उत्पन्न होते हैं। कहानी की भाषा और शिल्प की बनावट सहज होते हुए भी कलात्मकता और सम्प्रेषण से परिपूर्ण है।


कहानी :  एक साधारण आदमी की मौत

【परिधि शर्मा】

----------------------------------------

शाम को देखकर लग रहा था कि अब ढली तब ढली। प्रमोद ने खिड़की से बाहर झांक कर देखा तो पाया कि ट्रेन किसी नदी के ऊपर बने पुल पर से गुजर रही थी। एक बार के लिए उसे लगा कि वह रोप वे में बैठा है। धड़ धड़ की आवाज अचानक बेहद तेज हो गई। नीचे लगभग सूख चली नदी थी जो जल प्रदूषण का अच्छा खासा प्रदर्शन कर रही थी। धड़ धड़ की आवाज कुछ ही पलों बाद नार्मल हो गई । वह रोप वे से उतर कर दोबारा ट्रेन में आ बैठा । सफर कुछ लंबा था इसलिए थोड़ा बहुत समय काटने के लिए वह चलते-चलते स्टेशन से अखबार खरीद लाया था । अखबार के एक पन्ने पर उसकी नजर गई। कोई लोकल न्यूज़ था। पन्ने के एक कोने में थोड़ी जगह घेरे हुए । खबर के साथ एक तस्वीर लगी थी जिससे वृद्ध दंपति की मुस्कुराती आंखें बाहर झांक रही थीं। दोनों सावधान की मुद्रा में खड़े थे। बूढ़े ने कमर से घुटनों तक सफेद मटमैली धोती पहन रखी थी और उसका पेट कुछ अंदर को धंस गया था । बुढ़िया ने एक भूरी सूती साड़ी लपेट रखी थी। वही छत्तीसगढ़िया स्टाइल में ।काफी खुश नजर आ रहे थे दोनों । तस्वीर के ऊपर काले काले अक्षरों में लिखा था "जंगली हाथियों के चंगुल से बाल-बाल बचे पति-पत्नी।" दोनों पति-पत्नी के चेहरे से संतोष साफ झलक रहा था । उनके ठीक पीछे हाथियों द्वारा ढहा दी गई उनकी झोपड़ी के टूटे-फूटे अंश थे। उनका घर टूट चुका था फिर भी वे खुश थे क्योंकि वे बच गए थे और उनका फोटो खींचा जा रहा था । 


"किसी पत्रकार की करामात होगी"- वह मन ही मन मुस्कुराया। 

तभी उसे याद आया कि जाते-जाते मां उससे कुछ कह रही थी पर ट्रेन चलने लगी थी और शोरगुल में वह सुन नहीं पाया था। क्या कह रही होगी मां? होगा कुछ। मां का तो काम ही यही है। जब देखो कुछ ना कुछ हिदायत देती रहती है। खाना ठीक से खाना---- फलाना-- ढिकाना । ये औरतों को तो लगता है बस रोना धोना और चिंता करना ही आता है और अचानक उसे  उसी के बिल्डिंग की अंजू याद आ गई जिससे पंजा लड़ाओ  प्रतियोगिता में वह दो बार हार चुका था और सबके सामने उसकी फट गई थी। साली अंजू मोटी पता नहीं कितना खाती है, सांड कहीं की! वह खीझ सा गया। 


तभी ट्रेन रुकी। बिलासपुर स्टेशन था। ट्रेन रुक रुक कर रुकी। एक दो तीन  और ये लगा ढक्कास ! चार झटके खा कर रुकी ट्रेन। और उसके रुकते ही यात्रियों का एक झुंड उस में घुसा। आखिर कौन थे ये यात्री? आखिर थे कौन? कोई मंत्री नहीं, कोई फिल्म वाले नहीं, कोई डाकुओं का गैंग नहीं बल्कि ये वे यात्री थे जो हर रोज सब्जी मंडी में सब्जियां बेचते थे । सबसे पहले एक बुढ़िया अंदर घुसी। हरी सूती साड़ी में लिपटी एक बुढ़िया। वही छत्तीसगढ़िया देहाती स्टाइल । और वह घुसी तो अपने साथ एक नीम के फूलों से भरी बोरी अंदर घसीटते हुए, जिसके छिद्रों से कुछ सफेद फूल बाहर झांक रहे थे। उस बुढ़िया के पीछे पीछे दो और औरतें अंदर घुसीं और सीधे प्रमोद के सामने वाली सीट पर विराजमान हो गयीं। उनके पीछे पीछे एक आदमी घुसा। लूंगी को घुटनों तक मोड़कर पहने इस आदमी की आंखें नींद के मारे लाल थीं। वह आते ही प्रमोद के बगल में बैठ गया। धम्म! उसके पीछे पीछे और भी लोग आए जो उन्हीं की मंडली के जान पड़ रहे थे । और देखते देखते पूरे डिब्बे में बदबू फैल गई। पसीने की गंध की। श्रमिकों के गंध की। अचानक से एक साथ आ घुसने वाले इन रोज के यात्रियों के गंध की। कुछ समय बाद ट्रेन चलने लगी। छुक छुक छुक। रेलगाड़ी। छुक छुक। डिब्बे की शांति दुम दबाकर कहीं भाग गई थी। उसकी जगह औरतों की तेज आवाजों ने ले ली थी। शुद्ध छत्तीसगढ़िया देहाती औरतें। धुर देहाती भाषा वाली। डिब्बे में संसद भवन जैसा वातावरण छा गया। इस बीच सामने बैठी औरत ने अपने झोले से कुछ निकाला। ब्रेड का एक पैकेट और फिर एक प्लेट। और फिर दो टमाटर और एक हरी मिर्च और नमक के एक पैकेट से थोड़ा नमक। प्रमोद ने कनखियों से देखा। टमाटरों को नमक के साथ प्लेट में मसल दिया गया। मिर्च का भी यही हश्र हुआ। उसे बड़ा अजीब सा लगा जब उसने दो औरतों को टमाटर के झोल में डुबो डुबोकर ब्रेड खाते देखा । उनकी बगल में बैठी एक बुढ़िया ककड़ी खा रही थी। 

"कहां आ फंसे यार"- सांस लेने के लिए वह खिड़की के बाहर देखने लगा । ठंडी ठंडी हवा चल रही थी। उसकी आंख लगने लगी। वह सोने ही वाला था कि ट्रेन रुकने लगी। एक दो तीन  और ये  लगा ढक्कास ! वह झुंझलाता हुआ सीधे बैठ गया । "अच्छी भली तो चल रही थी अब क्या हो गया?" कोई स्टेशन तो नहीं है यहां कि इस ड्राइवर ससुरे को ट्रेन रोकने की पड़ी है । आखिर यह थी तो भारत की लोकल छाप पैसेंजर ट्रेन । वह मन ही मन खुद को कोस्टा रहा। थोड़ा जल्दी आता तो एक्सप्रेस में बैठकर आता। अब घिसट घिसट कर चलना तो पड़ेगा ही। 


बाहर हल्ला मचा था। पता चला जंजीर खींच दी गई थी। वजह  यह थी कि  किसी आदमी ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी थी और उसकी लाश खून से लथपथ होकर बगल की पटरी पर पड़ी थी। काफी समय भी लग सकता था । आखिर वह पुलिस केस था । पुलिस केस है, यही सोचकर वह अपनी जगह से टस से मस भी ना हुआ। उसे लेना देना भी क्या था? पुलिस उम्मीद से पहले आ गई। मामला आनन-फानन में निपटाया गया और ट्रेन चल पड़ी। प्रमोद को तो जल्दी से घर पहुंचना था । कौन मरा कौन जिया इससे उसका क्या वास्ता! वह काफी परेशान हो गया । एक तो इन सब्जी वालों ने डिब्बे में घुसकर सारा माहौल खराब कर दिया था, ऊपर से ट्रेन थी कि जल्दी चलने का नाम ही नहीं ले रही थी। 


खैर किसी तरह मर मर के पहुंच ही गए.. अरे वहीं जहां पहुंचना था। रात के करीब 10:30 बजने को आए थे। मेन गेट अंदर से बंद था। उसने बाहर से खटखटाया। टनटन। मानो उसने कोई सवाल पूछा। अंदर से फौरन जवाब आया - भौं भौं! झबरीले काले बालों वाला विदेशी नस्ल का जेरी जो कि सभी का चहेता था अचानक सतर्क हो गया था । कुछ ही देर में चौकीदार ने आकर गेट खोल दिया और वह अपने कमरे की तरफ ऐसे लपका मानो उसे अभी अभी पता चला था कि कमरे में चोर घुस आए हैं । खैर कमरे में कोई चोर ओर नहीं था ।एवरीथिंग वास एज सेफ एज इट यूज्ड टू बी । 


खाना वह स्टेशन के हॉटेल से खाकर आया था। जूते उतार कर सीधे पलंग में जा धंसा। ना मुंह धोना ना हाथ। उसके बाद उठा तो सीधे अगली सुबह ।वह भी कुछ देर से। 


जल्दी-जल्दी दफ्तर पहुंचना था। ये ब्रश किया ।ये नहाया धोया। ये कपड़े पहने और हो गए तैयार । नाश्ता तो खैर बाहर भी किया जा सकता था तो फटाफट भग लिए मियां ऑफिस को ।


ऑफिस में फिर से वही जाने पहचाने चेहरे, जाना पहचाना काम, जानी पहचानी दिनचर्या ! सामने बैठा मेहता न्यूज़पेपर पलट रहा था। दुआ सलाम करके वह भी आ गया। गप्पेबाजी चालू हो गई ।अखबार का लोकल पन्ना पलटते ही उसे जानी पहचानी सी खबर मिल गई। किसी युवक ने चलती ट्रेन से कूद कर खुदकुशी कर ली थी । कोई पचास साल का बुड्ढा था या कहो जवान था। अज्ञात कारणों से उसने खुदकुशी की थी ।उसका नाम पढ़ कर एक बार तो उसे याद ही नहीं आया फिर अचानक लगा कि शायद वह उसे जानता है । "माखन कुमार बारिक" थोड़ा अजीब सा नाम था । वह शायद हंसा भी करता था इस नाम पर कभी। धीरे-धीरे याद आता गया । जब वह मां मरियम की प्रतिमा के बगल में उगाए गेंदे के फूल चुरा रहा था उसे इसी माखन कुमार बारिक ने पकड़ लिया था और फिर छोड़ भी दिया था और उसे फूल चुराने की इजाजत भी दे दी थी । हालांकि चर्च के आगे पीछे ढेरों खूबसूरत फूल सलीके से लगे हुए थे पर वे सभी फूल चर्च को घेरकर खड़ी बाउंड्री के उस पार से भी बड़ी आसानी से देखे जा सकते थे और चर्च के सामने बनी मां मरियम की बगल के पीले पीले गेंदे अपेक्षाकृत छिपे हुए थे। पर फिर भी बदकिस्मती से वह पकड़ा गया था और उसे पकड़ा था स्कूल के माली माखन कुमार बारिक ने । पर शुकर था कि वह माली भला निकला। वरना सिस्टर के पास, अरे वही उनके स्कूल की प्रिंसिपल मैडम , उसके पास ले जाने पर मार मार के वह उसकी चमड़ी लाल कर देती। सुना था कि वह नशेड़ी भी थी। उसके बारे में स्कूल के बच्चे यह खुसर फुसर भी करते रहते कि वह खरगोश का मांस खाती थी। उनके स्कूल के पार्क में फुदक रहे सफेद सफेद खरगोश जो कि बाहर से मंगाए जाते थे अचानक कैसे गायब हो जाते ? इसका राज वह खूब जानती होगी। वैसे थी वह बड़ी खूंखार ! किसी बच्चे को मारना होगा तो अच्छी खासी छड़ी मंगवाती और अच्छी खासी से उसका मतलब होता कि वह छढ़ी मजबूत तो हो पर कांटेदार भी हो। बड़ी सनकी थी वह बुड्ढी। 


उस खड़ूस औरत का ख्याल आते ही वह एक बार के लिए डर गया। एक बार के लिए ही सही। पर डर तो गया। पता नहीं किस तरह की औरत थी वह, हर किसी से नफरत करती थी इसलिए हर किसी को नापसंद भी थी। उस माखन कुमार बारिक को भी जो प्रायः उससे बिना वजह डांट खाता रहता। गेंदे तोड़ने से उसने प्रमोद को संभवतः इसलिए मना नहीं किया होगा क्योंकि शायद वह उस बुढ़िया से बदला लेना चाहता था और वह अच्छी तरह से जानता था कि उस औरत के पास ले जाने पर वह प्रमोद की क्या हजामत बनाती। 


खैर उसी दिन से माखन कुमार से उसकी अच्छी खासी दोस्ती हो गई थी। पर उस दोस्ती को तो एक जमाना बीत गया था। विद्यालय छोड़े तो उसे कई वर्ष बीत चुके थे और अब तो वह डिग्री लेकर अच्छी नौकरी भी करने लगा था । 


माखन कुमार शराब पीता हो, ऐसा उसने कभी सुना नहीं था। दिल का भी वह काफी अच्छा था ।बागवानी भी बड़ी अच्छी कर लेता था पर उसने आत्महत्या कैसे कर ली? भगवान जाने क्या हुआ होगा? अखबार में तो कुछ खास बताया नहीं गया था और वह खुद जाकर तहकीकात करे इसकी कोई गुंजाइश नहीं थी । उसकी रोजमर्रा की जिंदगी में क्या कम समस्याएं हैं जो वह उस माखन कुमार की खैर ले । फिर पुलिस के पचड़े में पड़ गया तो? पर एक प्रश्न फिर भी था जो उसके मन में उथल-पुथल मचा रहा था । आखिर उसने आत्महत्या क्यों की होगी? मेहता के आसपास और लोग भी जमा हो गए थे ।बड़े साहब को आता देख सब अपने-अपने काम में लगने लगे। वह भी फटाक से उठकर अपने काम में लग गया। 


फिर भी एक प्रश्न था उसके मन में जो उसके गले में सुई की तरह चुभ रहा था। आखिर उसने आत्महत्या क्यों की होगी? इस प्रश्न के जवाब में उसके पास आखिर था ही क्या? सिर्फ इतना ही तो कि उसे इन सब से क्या ?आखिर ऐसे कितने ही मरने वाले हैं और जब आदमी एक दिन में बदल सकता है तो इतने वर्षों में माखन कुमार भी तो बदल गया होगा।  हो सकता है कि उसने पीना शुरु कर दिया हो ---- हो सकता है कि उसने विद्यालय की नौकरी छोड़ दी हो और बेरोजगार हो गया हो---- हो सकता है उसने जुआ खेलते हुए किसी का बहुत सारा कर्ज ले लिया हो । कुछ भी हो सकता है । आखिर वह क्यों इसकी फिक्र करे? उसने विभिन्न तर्कों से खुद को कुछ हद तक संतुष्ट तो कर लिया पर कुछ तो था कि उसे इसके बावजूद भी काफी अजीब अजीब सा लग रहा था। 


शायद इसलिए क्योंकि वह उसी ट्रेन में सफर कर रहा था जिस ट्रेन से माखन कुमार ने कूदकर जान दी थी। शायद इसलिए भी कि माखन कुमार को आखरी दफा देख पाने के अवसर को वह खो आया था । शायद इसलिए भी क्योंकि माखन कुमार ने एक बार फिर उसे विद्यालय के दिन याद दिला दिए थे। शायद इसलिए भी कि वह फिर कभी विद्यालय के चर्च के सामने खड़ी मां मरियम की मूर्ति की बगल के पीले गेंदे नहीं चुरा पाएगा और फिर कभी उसे स्कूल का माली आ कर नहीं पकड़ेगा। शायद इसलिए भी कि आज उसने जिंदगी और मौत के चेहरों को जरा और करीब से देखा था । शायद इसलिए भी कि उसमें बचपन की वह कोमलता लौट आई थी जिसके बल पर वह माखन कुमार बारिक और खुद में भेदभाव नहीं कर पाता था । शायद इसलिए भी कि जीवन की आपाधापी में उसकी मर चुकी संवेदना उस वक्त पुनः जीवित हो उठी थी । 


खैर इतना सोचने का वक्त उसके पास नहीं था। उसे तो अपने काम में लग जाना था। उसी जानी पहचानी दिनचर्या को पूरा करना था । भागना था। दौड़ना था। दोस्तों मित्रों के साथ गप्पें लड़ाना था। और फिलहाल तो शाम के पांच बजे तक ऑफिस में बैठे-बैठे ढेरों काम निपटाना था। वह काम में लग तो गया पर फिर भी क्या तो था कि उसे सारा दिन काफी अजीब अजीब सा लगता रहा।

----------------------

92 , श्रीकुंज , बोईरदादर,  रायगढ़  (छत्तीसगढ़)

टिप्पणियाँ

  1. कहानी पढ़ने के बाद लगा कि माखन कुमार बारीक जैसे साधारण आदमी की मौत को लेकर हम आज कितने उदासीन होकर रह गए हैं। कथा लेखिका ने मनुष्य की उस उदासीनता को जगाने की कोशिश की है। मरती हुई संवेदना को लेकर यह कहानी संवाद करती है जो अत्यन्त महत्वपूर्ण है। इस कहानी ने भाषा, कथ्य और शिल्प के स्तर पर प्रभावित किया है।

    जवाब देंहटाएं
  2. परिधि की लिखी यह कहानी तेजी से सुप्त होती जा रही मानवीय संवेदना को कुरेदने वाली कहानी है। कहानी मार्मिकता से भरपूर है जो अपने को एकसुर में पढ़वा लेती है। कहानी का भाषा शिल्प भी उम्दा है

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इन्हें भी पढ़ते चलें...

परदेसी राम वर्मा की चर्चित कहानी : दीया न बाती

आज हम एक महत्वपूर्ण कथाकार परदेशी राम वर्मा जी पर चर्चा को केंद्रित करेंगे। 18 जुलाई 1947 को दुर्ग छत्तीसगढ़ के लिमतरा गांव में जन्मे परदेशी राम वर्मा देश के महत्वपूर्ण कथाकारों में से एक हैं ।वे पूर्व में सेना में भी रहे हैं और भिलाई स्टील प्लांट में भी उन्होंने काम किया है। रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर से मानद डी.लिट्. की उपाधि प्राप्त परदेशी राम वर्मा की अनेक किताबें प्रकाशित हुई हैं उनमें सात कथा संग्रह एवम तीन उपन्यास प्रमुख हैं । वे हिंदी और छत्तीसगढ़ी दोनों ही भाषाओं में सम गति से लेखन करते हैं ।वर्तमान में वे अगासदिया नामक त्रैमासिक पत्रिका के संपादक भी हैं।उनकी कहानियों की देशजता और जनवादी तेवर उन्हें प्रेमचंद की परंपरा के कहानीकार के रूप में स्थापित करता है। उनकी इस कहानी को हमने हंस के जुलाई 2019अंक से लिया है। सत्ता और कॉर्पोरेट तंत्र की मिलीभगत और उनके षड्यंत्र से गांव आज कैसे प्रभावित हैं  कहानी इसे आख्यान की तरह हुबहू सुनाती है । सारे दृश्य आंखों के सामने फिल्म की तरह चलने लगते हैं। ग्रामीणों को विकास का सपना दिखाकर उनकी जमीनों को छीनना आज का नया खेल है। इस खेल...

कौन हैं ओमा द अक और इनदिनों क्यों चर्चा में हैं।

आज अनुग्रह के पाठकों से हम ऐसे शख्स का परिचय कराने जा रहे हैं जो इन दिनों देश के बुद्धिजीवियों के बीच खासा चर्चे में हैं। आखिर उनकी चर्चा क्यों हो रही है इसको जानने के लिए इस आलेख को पढ़ा जाना जरूरी है। किताब: महंगी कविता, कीमत पच्चीस हजार रूपये  आध्यात्मिक विचारक ओमा द अक् का जन्म भारत की आध्यात्मिक राजधानी काशी में हुआ। महिलाओं सा चेहरा और महिलाओं जैसी आवाज के कारण इनको सुनते हुए या देखते हुए भ्रम होता है जबकि वे एक पुरुष संत हैं । ये शुरू से ही क्रान्तिकारी विचारधारा के रहे हैं । अपने बचपन से ही शास्त्रों और पुराणों का अध्ययन प्रारम्भ करने वाले ओमा द अक विज्ञान और ज्योतिष में भी गहन रुचि रखते हैं। इन्हें पारम्परिक शिक्षा पद्धति (स्कूली शिक्षा) में कभी भी रुचि नहीं रही ।  इन्होंने बी. ए. प्रथम वर्ष उत्तीर्ण करने के पश्चात ही पढ़ाई छोड़ दी किन्तु उनका पढ़ना-लिखना कभी नहीं छूटा। वे हज़ारों कविताएँ, सैकड़ों लेख, कुछ कहानियाँ और नाटक भी लिख चुके हैं। हिन्दी और उर्दू में  उनकी लिखी अनेक रचनाएँ  हैं जिनमें से कुछ एक देश-विदेश की कई प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुक...

प्रीति प्रकाश की कहानी : राम को जन्म भूमि मिलनी चाहिए

प्रीति प्रकाश की कहानी 'राम को जन्म भूमि मिलनी चाहिए' को वर्ष 2019-20 का राजेंद्र यादव हंस कथा सम्मान मिला है, इसलिए जाहिर सी बात है कि इस कहानी को पाठक पढ़ना भी चाहते हैं | हमने उनकी लिखित अनुमति से इस कहानी को यहाँ रखा है | कहानी पढ़ते हुए आप महसूस करेंगे कि यह कहानी एक संवेदन हीन होते समाज के चरित्र के दोहरेपन, ढोंग और उसके एकतरफा नजरिये को  किस तरह परत दर परत उघाड़ती चली जाती है | समाज की आस्था वायवीय है, वह सच के राम जिसके दर्शन किसी भी बच्चे में हो सकते हैं  , जो साक्षात उनकी आँखों के सामने  दीन हीन अवस्था में पल रहा होता है , उसके प्रति समाज की न कोई आस्था है न कोई जिम्मेदारी है | "समाज की आस्था एकतरफा है और निरा वायवीय भी " यह कहानी इस तथ्य को जबरदस्त तरीके से सामने रखती है | आस्था में एक समग्रता होनी चाहिए कि हम सच के मूर्त राम जो हर बच्चे में मौजूद हैं , और अमूर्त राम जो हमारे ह्रदय में हैं , दोनों के प्रति एक ही नजरिया रखें  | दोनों ही राम को इस धरती पर उनकी जन्म भूमि  मिलनी चाहिए, पर समाज वायवीयता के पीछे जिस तरह भाग रहा है, उस भागम भाग से उपजी संवेदनही...

अच्युतानंद मिश्र युवा कवि आलोचक का वक्तब्य: छत्तीसगढ़ साहित्य एकेडमी का आयोजन

प्र भात त्रिपाठी का उपन्यास "किस्सा बेसिर पैर" वस्तुकृत हो रहे मनुष्य के भीतर गैर वस्तुकृत चेतना और प्रेम को स्थापित करता है- युवा कवि आलोचक अच्युतानंद मिश्र     अच्युतानंद मिश्र  प्रभात त्रिपाठी की आलोचना और उनके रचनात्मक लेखन को केंद्र में रखकर मेरे जेहन में एक प्रश्न है और जहां से मैं अपनी बात शुरू करने जा रहा हूँ ।  हम सरलीकरण के लिए दो कोटि लेखकों की बनाएं ... एक वो जो किसी ख़ास विधा में पूरे जीवन लिखते हैं और एक उस तरह के लेखक जो विधाओं के बीच आवाजाही करते हैं ।  वे लेखक जो विधाओं के बीच आवाजाही करते हैं मसलन प्रभात त्रिपाठी जो आलोचना भी लिखते हैं , कविता भी लिखते हैं, कहानी और उपन्यास भी लिखते हैं । यह विधाओं के अतिक्रमण का जो मामला है उसमें इस बीच क्या लेखक की कोई केन्द्रीय प्रवृत्ति मौजूद रहती है जो उसकी आलोचना में भी हो, उसके रचनात्मक लेखन  में भी हो ? क्या इस तरह की किसी केन्द्रीयता की खोज कोई अर्थ रखती है? या वहां से उस लेखक को जानने समझने में कोई मदद मिल सकती है ?  फर्ज कीजिए कि इस सवाल को मैं इसलिए भी उठा रहा हूँ कि हमारे सामने इस तरह के ...

आलोचक नन्द किशोर आचार्य का महत्वपूर्ण वक्तब्य : छत्तीसगढ़ साहित्य एकेडमी का आयोजन

  ब तौर आलोचक प्रभात त्रिपाठी किसी कविता के पास, किसी कहानी के पास या किसी उपन्यास के पास उसी अन्वेषण धर्मिता के साथ जाते हैं जिस तरह कि वे स्वयं की रचना के पास जाते हैं   -  आलोचक नंद किशोर आचार्य  आयोजन में बोलते हुए आलोचक नंदकिशोर आचार्य आलोचना का मतलब है आलोचन। पूर्णता से  उसको  समझने की कोशिश । अगर वो आप नहीं करते हैं , आपने यह तय कर लिया कि सिर्फ दाखिल करना है या खारिज करना है कि ये अच्छा कवि है या अच्छा कवि नहीं है तब तो आपके लिए कविता अन्वेषण नहीं है । आपके लिए कविता  अपने पूर्व निर्धारित विचारों का स्थापन भर है और उसके विरोध में आने वाले विचारों को खारिज करने का एक बहाना भर है।अच्छा आलोचक किसी को खारिज नहीं करता, वह उसमें से कुछ ढूँढ़ कर निकालता है और उस प्रक्रिया में आलोचना का जन्म होता है । प्रभात त्रिपाठी किसी पूर्व निर्धारित प्रतिमान को लेकर के या किसी पूर्व निर्धारित थियरी को लेकर के कविता के पास , कला के पास या उपन्यास के पास नहीं जाते । वे जाते हैं एक पाठक के रूप में उसी अन्वेषण धर्मिता के साथ जिसके साथ कि वे स्वयं अपनी रचना में ज...

रायगढ़ का कमला नेहरू पार्क : इतिहास और स्मृतियां Raigarh ka kamla neharu park: Itihas aur smritiyan

रायगढ़ के ह्रदय स्थल चक्रधर नगर चौक में स्थित है कमला नेहरू पार्क। यह पार्क शहर की जरूरतों के हिसाब से  वर्तमान में शहर के सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है | यहां बच्चे बूढ़े युवा सारे लोग सुबह शाम स्वास्थ्य और मानसिक तंदुरुस्ती के हिसाब से नियमित आते जाते हैं और यह जगह इस अवधि में गुलज़ार रहता है । मैं यहाँ से निकटस्थ किरोड़ीमल साइंस कॉलेज में सन 1983 में बी.एस-सी.में एडमिशन लिया था और एम.एस-सी.मैंने वहीं पूरी की । इन पांच छः सालों के दरमियान इस जगह के सामने की सड़क से होकर हम लोगों का अक्सर आना जाना होता था ।  यह पार्क उन दिनों उतना विकसित नहीं हुआ था इसलिए इसने इस तरह कभी मेरा ध्यान नहीं खींचा था । मैं बीच-बीच में भी कभी कभार वहां जाया करता था। आज 26 मार्च 2023 को बहुत दिनों  बाद वहां गया तो वहां के परिसर की सुंदरता देखकर मुझे बहुत खुशी हुई । इस पार्क को निर्मित हुए भी 35 साल गुजर चुके हैं और इन 35 सालों में इस शहर ने बहुत कुछ बदलाव देखा है।इसका निर्माण अस्सी के दशक में  हुआ और इसका रख रखाव नगर पालिका रायगढ़ के माध्यम से ही उस समय हुआ करती था। धीरे धीरे फिर इसका थोड़ा बहु...

बल सर को याद करते हुए- लेखक, विचारक प्रो. हेमचन्द्र पांडेय

रायगढ़ अनेक प्रतिभाओं को जन्म देने वाली भूमि रही है। रायगढ़ से लगभग 15 किलोमीटर दूर झलमला नामक गांव में जन्मे प्रोफेसर डॉ दर्शन सिंह बल उन्हीं प्रतिभाओं में से एक रहे हैं जिन्होंने इस भूमि को थोड़ा और समृद्ध किया। तकनीकी क्षेत्र में अध्यापन की विशेषज्ञता के साथ साथ उनके भीतर की वैचारिकी भी उनकी एक खास विशेषता रही है।आज 17 मार्च को उनका जन्म दिन है।उनकी किताब मैं हूँ कौन की वैचारिकी के बहाने उनकी स्मृतियों पर प्रकाश डाल रहे हैं प्रोफेसर हेमचन्द्र पांडेय ! प्रोफेसर हेमचंद्र पांडेय  की पहचान लेखक होने के साथ साथ साहित्य के एक गम्भीर अध्येता के रूप में हमेशा से हम सबके बीच रही है।उनकी ओर से लिखे गए इस आलेख के माध्यम से डॉ.दर्शन सिंह बल के व्यक्तित्व और कृतित्व को समझना हमारे लिए थोड़ा और आसान हुआ है। - रमेश शर्मा, संपादक: अनुग्रह. (डॉक्टर दर्शन सिंह बल , जन्म तिथि 17 मार्च)  बल सर को याद करते हुए इस लेख का शीर्षक जरूर " बल सर को याद करते हुए " दिया गया है लेकिन, सच तो यह है कि उन्हें भुलाना कभी संभव ही न हो सका।   कोविड की महामारी ने जब हम से उन्हें छीन लिया, तब ऐसा लगा...

'कोरोना की डायरी' का विमोचन

"समय और जीवन के गहरे अनुभवों का जीवंत दस्तावेजीकरण हैं ये विविध रचनाएं"    छत्तीसगढ़ मानव कल्याण एवं सामाजिक विकास संगठन जिला इकाई रायगढ़ के अध्यक्ष सुशीला साहू के सम्पादन में प्रकाशित किताब 'कोरोना की डायरी' में 52 लेखक लेखिकाओं के डायरी अंश संग्रहित हैं | इन डायरी अंशों को पढ़ते हुए हमारी आँखों के सामने 2020 और 2021 के वे सारे भयावह दृश्य आने लगते हैं जिनमें किसी न किसी रूप में हम सब की हिस्सेदारी रही है | किताब के सम्पादक सुश्री सुशीला साहू जो स्वयं कोरोना से पीड़ित रहीं और एक बहुत कठिन समय से उनका बावस्ता हुआ ,उन्होंने बड़ी शिद्दत से अपने अनुभवों को शब्दों का रूप देते हुए इस किताब के माध्यम से साझा किया है | सम्पादकीय में उनके संघर्ष की प्रतिबद्धता  बड़ी साफगोई से अभिव्यक्त हुई है | सुशीला साहू की इस अभिव्यक्ति के माध्यम से हम इस बात से रूबरू होते हैं कि किस तरह इस किताब को प्रकाशित करने की दिशा में उन्होंने अपने साथी रचनाकारों को प्रेरित किया और किस तरह सबने उनका उदारता पूर्वक सहयोग भी किया | कठिन समय की विभीषिकाओं से मिलजुल कर ही लड़ा जा सकता है और समूचे संघर्ष को लिखि...

रायगढ़ के राजाओं का शिकारगाह उर्फ रानी महल raigarh ke rajaon ka shikargah urf ranimahal.

  रायगढ़ के चक्रधरनगर से लेकर बोईरदादर तक का समूचा इलाका आज से पचहत्तर अस्सी साल पहले घने जंगलों वाला इलाका था । इन दोनों इलाकों के मध्य रजवाड़े के समय कई तालाब हुआ करते थे । अमरैयां , बाग़ बगीचों की प्राकृतिक संपदा से दूर दूर तक समूचा इलाका समृद्ध था । घने जंगलों की वजह से पशु पक्षी और जंगली जानवरों की अधिकता भी उन दिनों की एक ख़ास विशेषता थी ।  आज रानी महल के नाम से जाना जाने वाला जीर्ण-शीर्ण भवन, जिसकी चर्चा आगे मैं करने जा रहा हूँ , वर्तमान में वह शासकीय कृषि महाविद्यालय रायगढ़ के निकट श्रीकुंज से इंदिरा विहार की ओर जाने वाली सड़क के किनारे एक मोड़ पर मौजूद है । यह भवन वर्तमान में जहाँ पर स्थित है वह समूचा क्षेत्र अब कृषि विज्ञान अनुसन्धान केंद्र के अधीन है । उसके आसपास कृषि महाविद्यालय और उससे सम्बद्ध बालिका हॉस्टल तथा बालक हॉस्टल भी स्थित हैं । यह समूचा इलाका एकदम हरा भरा है क्योंकि यहाँ कृषि अनुसंधान केंद्र के माध्यम से लगभग सौ एकड़ में धान एवं अन्य फसलों की खेती होती है।यहां के पुराने वासिंदे बताते हैं कि रानी महल वाला यह इलाका सत्तर अस्सी साल पहले एकदम घनघोर जंगल हुआ करता था ...